बुधवार, 7 मई 2008

दैनिक मजदूरी में 16 रुपये की बढ़ोतरी : अब 85 रुपये मिलेंगे

दैनिक मजदूरी में 16 रुपये की बढ़ोतरी : अब 85 रुपये मिलेंगे

मुरैना 6 मई 08/ राज्य शासन द्वारा कृषि कार्य करने वाले श्रमिकों की मजदूरी का पुनर्निर्धारण किया गया है। कृषि श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी वर्ष 1989 के बाद अब पुनर्निधारित हुई है। पूर्व में उन्हें 69 रुपये दैनिक मजदूरी मिलती थी। इसमें 16 रूपये की बढ़ोतरी की गई है। अब इन्हें 85 रूपये दैनिक मजदूरी प्राप्त होगी।

कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने बताया कि राज्य शासन द्वारा श्रमिकों के लिये न्यूनतम वेतन दरों का निर्धारण भी किया गया है। शासन ने विभिन्न प्रकार के 33 नियोजनों में कार्य करने वाले श्रमिकों के लिये न्यूनतम वेतन दरें तय की हैं। अब अकुशल श्रमिक को 3070 रूपए मासिक तथा 118 रूपए दैनिक, अर्ध्दकुशल श्रमिक को 3200 रूपए मासिक तथा 123 रूपए दैनिक और कुशल श्रमिक को 3350 रूपए मासिक तथा 129 रूपए दैनिक न्यूनतम वेतन प्राप्त होगा। विभिन्न प्रकार के 33 नियोजनों में कार्यरत श्रमिकों/कर्मचारियों की न्यूनतम वेतन दरें वर्ष 1997 के बाद पुनर्निर्धारित हुई हैं।

निजी शैक्षणिक संस्थानों और निजी चिकित्सालयों/पैथालाजी लेब आदि चिकित्सा संस्थानों में कार्य करने वाले कर्मचारियों के लिये अभी तक न्यूनतम वेतन की दरें निर्धारित नहीं थीं। सरकार ने पहली बार इन दोनों नियोजनों के लिये भी न्यूनतम वेतन की दरों का निर्धारण किया है। राज्य शासन द्वारा इन नियोजनों में नियोजित श्रमिकों/कर्मचारियों के वर्गों के लिये न्यूनतम वेतन दरों के साथ परिवर्तनशील मंहगाई भत्ते की दरों का भी पुनर्निर्धारण किया गया है। यह दरें इस अधिसूचना के प्रकाशित होने की तिथि (30 अप्रैल 2008) से प्रभावशील होंगी।

 

कोई टिप्पणी नहीं :