गुरुवार, 13 सितंबर 2007

प्रदेश के किसानों को हाईटेक करने की तैयारी, कृषि वेबसाईट लोकार्पित

प्रदेश के किसानों को हाईटेक करने की तैयारी, कृषि वेबसाईट लोकार्पित

मुरैना 12 सितम्बर 2007 // मध्य प्रदेश की सरकार द्वारा अब प्रदेश के किसानों को भी हाईटेक करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए प्रदेश के किसान कल्याण तथा कृषि विकास  विभाग ने विशेषकर किसानों के लिए एक खास वेबसाईट बनाई है। इस वेबसाईट मे फसलों की बोनी से लेकर जिलों के मौसम के हाल की भी जानकारी उपलब्ध रहेगी। इस वेबसाईट का लोकार्पण आज मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा भोपाल में किया गया ।

किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने किसानों के लिए एक बहु आयामी वेबसाईट विकसित की है। छह माह के प्रयासों के बाद तैयार की गयी इस वेबसाईट में हिन्दी भाषा में किसानों के लिए लगभग समस्त कृषि संबंधी आवश्यक जानकारी का संकलन किया गया है। हिन्दी भाषा में कृषि कार्यों के लिए विकसित की गयी संभवत: यह देश की पहली वेबसाईट है। इस वेबसाईट में विभिन्न फसलों की बोनी, उपचार, देखरेख व अन्य तकनीकी पहलुओं के साथ-साथ इसके माध्यम से कृषि योजनाओं, ऑंकड़ों व अन्य सेवाओं की तत्काल जानकारी उपलब्ध हो सकेगी। वेबसाईट की एक विशेषता यह भी है कि इसमें प्रदेश के हर जिले के मौसम अनुमान की सेवा सुविधा है। भारतीय मौसम विभाग के साथ समन्वय कर विभाग ने तीन दिनों के मौसम जिसमें तापमान व वर्षा की जानकारी शामिल रहेगी के पूर्व अनुमान की सुविधा प्रदान की है। वेबसाईट के माध्यम से किसान अपने प्रश्नों व शंकाओं का उत्तर भी 24 घंटे के अंदर प्राप्त कर सकेंगे।

कृषि विभाग ने अपने प्रत्येक विकासखण्ड कार्यालय में किसान ज्ञान केन्द्र भी स्थापित किया है, जहां किसानों को नि:शुल्क इस वेबसाईट को देखने व इससे जानकारी प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यह वेबसाईट न केवल कृषकों के लिए बल्कि कृषि से सम्बध्द अन्य निजी, स्वयंसेवी व शासकीय संस्थाओं के लिए भी एक अत्यन्त उपयोगी संसाधन सिध्द होगी। वेबसाईट को www.mpkrishi.org के पते पर देखा जा सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं :