रविवार, 13 जनवरी 2008

पंचायत मंत्री श्री रूस्तम सिंह के साथ हजारों बच्चों ने किया '' सूर्य नमस्कार ''

जीवन के लिए संजीवनी है प्राणायाम

पंचायत मंत्री श्री रूस्तम सिंह के साथ हजारों बच्चों ने किया '' सूर्य नमस्कार ''

       मुरैना 12 जनवरी 08/ स्वामी विवेकानंद की जयंती पर आज एक साथ एक ही समय पर ऊँ सूर्याय नम: के साथ मुरैना जिले के लगभग तीन लाख बच्चों ने सूर्य की आराधना में सूर्य नमस्कार कर एक नये इतिहास की रचना की। उल्लेखित है कि तन और मन की स्फूर्ति के लिए अपने आप में अनूठा यह योग महोत्सव मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर आज जिले के साथ सम्पूर्ण प्रदेश में सम्पन्न हुआ।

       सूर्य नमस्कार एवं प्रणायाम का मुख्य कार्यक्रम शासकीय उत्कृष्ट उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय के खेल परिसर में सम्पन्न हुआ, जहां लगभग तीन हजार बच्चों के साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री रूस्तम सिंह ने शक्ति और तेज के प्रतीक सूर्य की आराधना में सूर्य नमस्कार किया। उनके साथ अपर जिला दण्डाधिकारी श्री उपेन्द्र नाथ शर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभय कुमार वर्मा, अपर कलेक्टर श्री आशकृत तिवारी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री सी.एम. उपाध्याय ने भी सूर्य नमस्कार किया।

       पंचायत मंत्री श्री रूस्तम सिंह ने कहा कि सूर्य नमस्कार योगाभ्यास का एक उपयुक्त व उत्तम माध्यम है। भारत में प्राचीन काल से ही योग को महत्व दिया जाता रहा है। वैज्ञानिक आधार पर भी सूर्य नमस्कार और प्राणायाम को जीवन की संजीवनी माना गया है। भारत ही नहीं अब विश्व के अनेक देशों ने भी इसके महत्व को समझा है और योग के अनुगामी हुए है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह ने युवा पीढ़ी को शक्तिशाली और चरित्रवान बनाने के उध्देश्य से सामूहिक सूर्य नमस्कार की पहल की है। पूरे प्रदेश में आज के दिन लगभग एक करोड़ बच्चे सूर्य नमस्कार के इस महायज्ञ में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार और प्राणायाम को अपनी नियमित दिनचर्या में शामिल कर अनेक रोगों से छुटकारा पाया जा सकता है। इसके नियमित अभ्यास से शरीर में नई स्फूर्ति पैदा होती है और सर्वोच्च चेतना के विकास के लिए जीवन दायिनी ऊर्जा प्राप्त होती है। मन की शांति और निरोगी जीवन के लिए योग को अपने जीवन में उतारना जरूरी है। उन्होंने बच्चों को नियमित सूर्य नमस्कार का संकल्प दिलाया।

       राष्ट्रगीत '' बन्देमातरम'' के समूहगान के साथ योग प्रशिक्षक श्री सुनीत कुमार पचौरी के निर्देशन में योग के अनूठे महोत्सव सूर्य नमस्कार की शुरूआत हुई। पंचायत मंत्री के साथ बच्चों ने सूर्य आराधना के वारह चरणों को दोहराकर सूर्य नमस्कार और प्राणायाम किया। अंत में सभी की उपस्थिति के प्रति अपर कलेक्टर श्री उपेन्द्र नाथ शर्मा ने आभार व्यक्त किया।

 

कोई टिप्पणी नहीं :