मंगलवार, 12 अगस्त 2008

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं को अतिरिक्त कार्य के लिए भत्ता मिलेगा

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं को अतिरिक्त कार्य के लिए भत्ता मिलेगा

मुरैना 11 अगस्त 08/ महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत संचालित आंगनवाड़ी केन्द्रों की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को स्कूल शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त अन्य विभागों से संबंधित कार्य के लिए अतिरिक्त मानदेय दिया जायेगा । महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा इस संबंध में निर्देश जारी कर दिये गये हैं । 

अतिरिक्त कार्य के लिए अतिरिक्त मानदेय के संबंध में निर्देश दिये गये हैं कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को 100 रूपये प्रति दिवस और सहायिकाओं को 50 रूपये प्रति दिवस निर्धारित किया गया है ।  इस संबंध में समस्त विभागों से भी कहा गया है कि यदि वे आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं से कार्य लेते हैं तो उन्हें अतिरिक्त मानदेय देना सुनिश्चित करें ।

 

विधायक स्वेच्छानुदान निधि से सहायता मंजूर

विधायक स्वेच्छानुदान निधि से सहायता मंजूर

मुरैना 11 अगस्त 08/ कलेक्टर श्री रामकिंकर गुप्ता ने विधायक स्वेच्छानुदान निधि योजना के अन्तर्गत 13 हितग्राहियों को 11 हजार 500 रूपये की सहायता स्वीकृत की है ।

       विधायक सबलगढ़ श्री मेहरवान सिंह रावत की अनुशंसा पर संतोषपुर की कु.रेशमा को दो हजार रूपये और मामचोन के लक्ष्मी नारायण को 3 हजार रूपये की सहायता शिक्षा हेतु प्रदाय की गई है । इसी प्रकार इलाज हेतु कैमारा कलां की श्रीमती सावित्री रावत और अटार के शिवचरन को एक- एक हजार रूपये तथा पचेर के मदनू, अटार के लोहरे , श्रीमती गोमती और शिवनाथ, वावड़ी के भूपसिंह , बेरई गिर्द के उम्मेद रावत, मांगरोल के मोहन और बाबूलाल एवं खेरला के रोशन को पांच- पांच सौ रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है ।

 

मजदूरों से मांग पत्र प्राप्त करने की कार्रवाई 31 तक पूर्ण करायें

मजदूरों से मांग पत्र प्राप्त करने की कार्रवाई 31 तक पूर्ण करायें

मुरेना 11अगस्त 08/ कलेक्टर श्री रामकिंकर गुप्ता ने राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी स्कीम म.प्र. के अन्तर्गत ग्रामीण क्षेत्र में निवासरत मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए है । इन निर्देशों के परिपालन में जिले के समस्त पटवारी, ग्राम पंचायत सचिव और सरपंच ग्राम की मजदूर और गरीब परिवारों की वस्तियों का भ्रमण कर योजना की अवधारणा से अवगत करायेंगे और मजदूरों की जानकारी एकत्रित करने की कार्रवाई करेंगे ।

       मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभय वर्मा के अनुसार रोजगार गारंटी योजना के अन्तर्गत ग्रामीणों से मांग पत्र प्राप्त करने के लिए पटवारी और पंजीयन करने के लिए सचिव व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार रहेंगे । समस्त अनुविभागीय दंण्डाधिकारियों से पटवारियों के माध्यम से ग्रामीण मजदूर परिवारों से संपर्क स्थापित कर मांग प्रत्र प्राप्त करने की कार्रवाई 31 अगस्त तक पूर्ण कराने की अपेक्षा की गई है ।

 

कार्य पर उपस्थित नहीं होने पर कार्रवाई होगी

कार्य पर उपस्थित नहीं होने पर कार्रवाई होगी

मुरैना 11 अगस्त 08/ जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी ने एकीकृत बाल विकास परियोजना कैलारस के भृत्य श्री सुग्रीव आदिवासी और मुरैना ग्रामीण संलग्न पहाडगढ़ के भृत्य श्री शिवसिंह को कार्य पर उपस्थित होने हेतु सूचना पत्र जारी किया है । श्री शिवसिंह 26 जनवरी 04 से और श्री सुग्रीव आदिवासी 9 मई 08 से बिना किसी सूचना के कर्तव्य से अनुपस्थित हैं । सूचना पत्र के माध्यम से उन्हें कर्तव्य पर उपस्थित होने को कहा गया है । सात दिवस के अन्दर कर्तव्य पर उपस्थित नहीं होने की स्थिति में संबंधित भृत्यों को पद से पृथक करने की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी ।

 

छात्रावास के लिए भवन की जरूरत

छात्रावास के लिए भवन की जरूरत

मुरेना 11 अगस्त 08/ जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण के अनुसार संभाग स्तर पर पिछडा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए बालक पोस्ट मैट्रिक छात्रावास का संचालन किया जाना है । इस छात्रावास के लिए किराये पर भवन देने के इच्छुक  व्यक्ति सहमति पत्र और भवन स्वामित्व संबंधी अभिलेख के साथ जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण से सम्पर्क कर सकते है। भवन का किराया कलेक्टर द्वारा निर्धारित दर पर देय होगा ।

 

केंसर के उपचार हेतु 75 हजार रूपये की सहायता

केंसर के उपचार हेतु 75 हजार रूपये की सहायता

मुरैना 11अगस्त 08/ मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से  मुरैना जिले की सबलगढ़ तहसील के ग्राम भानपुर निवासी श्रीमती मीराबाई पत्नी श्री सूरज सिंह रावत को केंसर रोग के उपचार हेतु 75 हजार रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है । कलेक्टर श्री रामकिंकर गुप्ता ने उक्त सहायता राशि का आहरण कर संबंधित के इलाज हेतु संचालक केंसर हस्पीटल एण्ड रिसर्च सेंन्टर ग्वालियर को भुगतान किये जाने की स्वीकृति प्रदान की है । इसके साथ ही ग्राम धर्मगढ़ (पोरसा ) के श्री लक्ष्मण सिंह को नि:शक्तता के कारण तीन हजार रूपये और ग्राम बारा(जौरा) के श्री सोनेराम कुशवाह को पुत्र के इलाज हेतु दो हजार रूपये की सहायता मंजूर की गई है ।

 

लड्डू मिलेगा पूड़ी मिलेगी, स्कूलों में मिलेगा विशेष भोज

लड्डू मिलेगा पूड़ी मिलेगी, स्कूलों में मिलेगा विशेष भोज

मुरैना 11 अगस्त 08/ स्वंतत्रता दिवस 15 अगस्त 08 को मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के अन्तर्गत जिले के समस्त प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को विशेष भोज वितरित किया जायेगा ।

       कलेक्टर श्री रामकिंकर गुप्ता ने बताया कि विशेष भोज में सब्जी-पूरी- खीर अथवा सब्जी पूरी हलुआ तथा साथ में लड्डू का वितरण किया जायेगा । स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के मुख्य अतिथि भी जिले की किसी भी शाला में जाकर विशेष भोज में भाग लेंगे । संबंधित अधिकारियों को सभी शालाओं में 15 अगस्त को मध्यान्ह भोजन के अन्तर्गत विशेष भोज के अनिवार्य आयोजन के निर्देश दिए गये हैं । इस आयोजन की मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी विकास खण्ड स्त्रोत समन्वयक एवं जन शिक्षा केन्द्र के जन शिक्षा प्रभारी को सौंपी गई है ।