शुक्रवार, 8 मई 2009

लापता बालक नही लगा सुराग

लापता बालक नही लगा सुराग

मुरेना..खटीक मोहल्ला तुस्सीपुरा से एक माह पूर्व लापता हुऐ बालक का अभी तक कोई सुराग नही लगा है रामवीर खटीक पुत्र संजय 2 मार्च को घर से बाजार के लिये निकला था मगर अभी तकवह घर वापिस नही आया परिजनो शहर कोतवाली में बालक के गुम होने की शिकायत भी दर्ज

करादी है लापता बालक के पिता रामवीर का कहना है कि पुलिस कार्यवाही करने में कोतहाई बरत रही है रामवीर ने पुलिस अधिकारियों से बालक सुराग लगाने हेतु कार्यवाही करने की मांग की है

 

तीन पर हमला , हमलावर नामजद अपराध कायम

तीन पर हमला ,  हमलावर नामजद अपराध कायम

मुरैना। दो दलित युवको समेत तीन लोग बीते रोज मारपीट की घटनाओं में घायल हो गये  जिन्हे उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी हैं।

पुलिस के अनुसार दिमनी थाना अन्तर्गत नावली गांव में पूर्व रंजिशन के चलते आरोपी नरेन्द्र सिंह भूरासिंह तोमर ने लाठी डण्डा से मारपीट कर श्रीराम खटीक को घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपीओं के विरूद्ध धारा 294/323/325/34 आईपीसी एवं 3(1)10 एससी एसटी एक्ट का मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जौरा थाना अन्तर्गत ग्राम परसोटा में रामनिवास जाटव के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। और जातीय अपमान की गालियां दी। पुलिस ने हमलावर रामनिवास रावत परसोटा के विरूद्ध धारा 249323, आईपीसी व 3 (1)10 एसटीएससी एक्ट का मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस द्वारा दी गई एक अन्य जानकारी के मुताबिक नेहरू पार्क के सामने कमप्रेशर चालक ओमप्रकाश गुप्ता गणेशपुरा द्वारा शराव के लिये पैसा न देने पर आरोपी सुरेश पचौरी धु्रव संजीव दत्तपुरा ने मारपीट कर उसे गंभीर चोट पहुचाई।

शहर कोतवाली पुलिस ने हमलवरो के विरूद्ध धारा 294 323327506वीं 34 आईपीसी का मामला दर्ज कर लिया है।

 

दहेज प्रताडना से तंग आकर की थी सीमा ने आत्महत्या , नम्रता और विनीता को दहेज की खातिर सताया

दहेज प्रताडना से तंग आकर की थी सीमा ने आत्महत्या , नम्रता और विनीता को दहेज की खातिर सताया

मुरैना। पति द्वारा दहेज की खातिर प्रताडित करने पर पत्नी ने आत्म हत्या कर ली। मर्ग जांच के बाद पुलिस ने अरोपी पति के विरूद्ध दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया  है। वहीं दो युवतियों को दहेज की खातिर प्रताडित करने वाले ससुरालजनो के विरूद्व पुलिस ने दहेज उत्पीडन का मामला कायम कर जाँच शुरू करदी है।

  पुलिस सूत्रों से घटना के सम्बन्ध  में मिली जानकारी के अनुसार जौरा थाना अन्तर्गत ग्राम मुन्द्रावजा में 19 अप्रेल09 को सीमा पत्नी श्रीनिवास कुशवाह 30 वर्ष ने दहेज की खातिर पति द्वारा प्रताडित करने पर आत्म हत्या कर ली। पुलिस ने युवती की मौत पर मर्ग कायम कर विवेचना की गई। एसडीओपी जौरा द्वारा की गई मर्ग जांच में सीमा की मौत के लिये उसके पति श्रीनिवास को जिम्मेदारा मानते हुये पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध 304वीं 498ए के तथा 3/4 दहेज एक्ट का मामला  कायम कर लिया है।

  शहर कोतवाली पुलिस ने भी दहेज प्रताडना के बीते रोज दो मामल कायम किये है। पुलिस के अनुसार स्टेशन रोड निवासी नरेश अग्रवाल की पुत्री नम्रता को उसके ससुराल वालों ने दहेज की खातिर प्रताडित किया नम्रता की ससुराल झालावाड राज. में है। पुलिस ने पीडिता की शिकायत पर आरोपी प्रदीप कालीचरण प्रमोद मनीष नेमा निवासी झालावाड के विरूद्व धारा 498ए का मामला दर्ज कर लिया हैं।

एक अन्य जानकारी के अनुसार पुरानी हाउसिंगबोर्ड कालोनी में रहने वाले रमेशचंद  शर्मा की 28 वर्ष पुत्री विनीता को दहेज की मांग को लेकर उसके ससुराल वालों ने प्रताडित किया  प्रताडना से तंग आकर मायके में रह रही है। शहर  कोतवाली पुलिस ने उसकी फरियाद पर आरोपी हेमंत मुकेश शांतिशर्मा निवासी मुरैना के विरूद्ध धारा 498 ए का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

जैविक खेती : उत्तम पैदावार व खेतों को उपजाऊ रखने की सफल विधि

जैविक खेती : उत्तम पैदावार व खेतों को उपजाऊ रखने की सफल विधि

Article Presented By: Zonal Public Relation Office, Gwalior Chambal Zone

जैविक खेती जीवों के सहयोग से की जाने वाली खेती के तरीके को कहते हैं। प्रकृति ने स्वयं संचालन के लिये जीवों का विकास किया है जो प्रकृति को पुन: ऊर्जा प्रदान करने वाली जैव संयंत्र भी हैं । यही जैविक व्यवस्था खेतों में कार्य करती है । खेतों में रसायन डालने से ये जैविक व्यवस्था नष्ट होने को है तथा भूमि और जल-प्रदूषण बढ़ रहा है । खेतों में हमे हमारे पास उपलब्ध जैविक साधनों की मदद से खाद, कीटनाशक दवाई, चूहा नियंत्रण हेतु दवा बगैरह बनाकर उनका उपयोग करना होगा । इन तरीकों के उपयोग से हमें पैदावार भी अधिक मिलेगी एवं अनाज, फल सब्जियां भी विषमुक्त एवं उत्तम होंगी । प्रकृति की सूक्ष्म जीवाणुओं एवं जीवों का तंत्र पुन: हमारी खेती में सहयोगी कार्य कर सकेगा ।

फसल पोषण को समझने के लिये हमें निम्न तथ्यों पर विचार करना होगा ।  प्रकृति ने हवा में में 78 प्रतिशत नाइट्रोजन क्यों दी है ? . सभी पौधों की पत्तियां हरी क्यों हैं ?  पौधे अपनी आवश्यकता की नाइट्रोजन हवा से क्यों नही ले सकते ?  सूक्ष्म जीवाणु मिट्टी में क्या कार्य पूर्ण करते हैं ?  प्रकृति का जंगली पेड़ों को पोषण देने का क्या तरीका है ?  खरपतवार बिना उर्वरकों के कैसे बढ़ते हैं ? एक ही जमीन अलग-अलग फसलों की आवश्यकता, जो कि अलग-अलग है को कैसे पूरा करती है ।

       ध्यान देने योग्य बात है कि पौधा अंकुरण से लेकर पूरी उम्र तक एक ही स्थान पर खड़ा रहता है । यह भोजन के लिये दूसरे स्थान पर नहीं जा सकता । इस बात को प्रकृति ने ध्यान में रखते हुये उनके पोषण के लिये एक व्यवस्था बनाई है ।

       पौधों की अच्छी वृध्दि हेतु इतनी अधिक नाइट्रोजन प्रकृति ने हवा में दी है, परंतु पौधे इसे सीधे शोषित नहीं कर सकते । यदि वे ऐसा करते तो उनकी लम्बाई इतनी अधिक हो जाती कि दूसरी प्राणियों को रहने में परेशानी खड़ी हो सकती थी। अत: नाइट्रोजन पौधों के लिये सूक्ष्म जीवाणुओं के माध्यम से उपलब्ध होती है, जो वायु नाइट्रोजन को परिवर्तित कर पौधों को उपलब्ध कराते हैं ।

       मिट्टी में कई तरह के सूक्ष्म जीवाणु मौजूद हैं । उसका कार्य पौधों को मिट्टी में उपलब्ध सूक्ष्म तत्व उपलब्ध कराना है  * उदाहरणार्थ- कुक वेक्टीरिया फास्फोरस को घोलकर पौधों को उपलबध कराते हैं । राइजोबियम, एजेक्टोबेक्टर नाइट्रोजन उपलब्ध कराते हैं । सल्फर घोलक-थायोबेसिलस पोटाश घोलक, लोह तत्व घोलक, खुडीप्लस आदि जीवाणु वो तत्व पौधों को उपलब्ध कराते हैं । ये सूक्ष्म जीवाणु परिवर्तन की उस प्रक्रिया को बढ़ावा देते हैं ।

       पौधों का हरा रंग प्रकाश संश्लेषण द्वारा सूर्य की ऊर्जा की मदद से पौधों की ग्रोथ के लिये कार्बोहाइड्रेड का निर्माण करता है । पत्तियों का लाल रंग जेन्थोफिल के कारण होता है उसका कार्य भी यही है ।

       पोषक तत्वों का एन.पी.के. सिध्दान्त प्रकृति में संपूर्ण रूप में सही नही है । जंगलों में पौधों को किसी भी रूप में नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटाश नहीं दिया जाता, फिर उन्हें यह पोषक तत्व कैसे मिल जाते हैं । इसका उत्तर जो पत्तियां पेड पौधों से झड़ती हैं, वे बैक्टीरिया के द्वार क्रिया के पश्चात या तो सीधे पौधों को उपलब्ध हो जाते हैं या भूमि में उपलब्ध तत्वों के पोषक तत्वों में बदलने में सहयोग करते हैं । यह कार्य सिर्फ जीवित मिट्टी में ही संभव है ।

       मनुष्य की गतिविधियों से दूर रसायन की बाहर से आपूर्ति के बिना ये पेड़ पौधे सूर्य, हवा, बारिश, आकाशीय बिजली, नमी व वैक्टीरिया से अपनी आवश्यकता की पूर्ति कर लेते हैं ।

       खरपतवार का मामला भी वनों जैसा ही है । ना तो कोई इनका बीज होता है और ना ही इन्हें कोई खाद देता है । स्पष्ट है कि प्रकृति ने इनके पैदा हाने की एक व्यवस्था निर्मित की है । उसी व्यवस्था से इनका पालन-पोषण होता है । साथ ही कई प्रकार के खरपतवार नाइट्रोजन अन्य खरपतवारों को उपलब्ध कराते हैं । कई उनमें प्राप्त रसायनों से पडौसी खरपतवारों को रोगों एवं कीड़ों से सुरक्षा करते हैं । परस्पर अपनी विशेषताओं से ये एक दूसरे को सहयोग कर एवं प्रकृति की सूक्ष्म व्यवस्थाओं के सहयोग से अपना जीवन चक्र पूरा करते हैं । इन सूक्ष्म जीवाणुओं एवं वनस्पति को सूर्य शक्ति का उपयोग कर ऊर्जा निर्मित करने की क्षमता है । जिससे ये अपना जीवन चक्र संचालित करते हैं ।

       उन्नीसवीं सदी में बैरम व्हॉन इरसेन ने प्रयोगों के बाद सिध्द किया कि जीवित प्राणियों में जो है, इससे जो चाहिये, वो बनाने की क्षमता है । बीज में जो खनिज हैं, वे अंकुरण के साथ बदल जाते हैं, पौधे मैग्नीज को केल्सियम में, केल्सिमय को फास्फोरस में, फास्फोरस को सल्फर में बदलने में समक्ष पाये गये हैं । जमीन से पौधा नहीं बदलता, पौधे से जमीन बदलती है ।

       अत: इससे ज्ञात होता है कि जीवाणु और जीव जो प्रकृति के जैव संयंत्र हैं, प्रकृति ने अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु बनाये हैं । प्रकृति अपने आप में पूर्ण है। इसे बाहर से कोई मदद नही चाहिये । खेती में भी यही जीवाणु कार्य करते हैं । जीवाणु ही कचरे को सड़ाते-पड़ाते हैं । उन्हीं से तैयार खादों से पेड़ -पौधे पोषक तत्व को प्राप्त करते हैं ।

 

बुधवार, 6 मई 2009

जागो ग्राहक जागो- उपभोक्ता के अधिकार: सादे कागज पर कर सकते हैं शिकायत

जागो ग्राहक जागो- उपभोक्ता के अधिकार: सादे कागज पर कर सकते हैं शिकायत

Article presented by: Zonal Public Relations office Zone- Gwalior- Chambal

 

उपभोक्‍ता ऑनलाइन करें शिकायत

विभिन्‍न उपभोक्‍ता अधिकारों के हनन, शोषण से पीडि़त या सेवा प्रदाता या विक्रेता द्वारा शिकायत की सुनवाई न किये जाने पर उपभोक्‍ता इण्‍टरनेट के जरिये अपनी शिकायत कोर सेण्‍टर को कर सकते हैं ।

कोर सेण्‍टर में शिकायत किये जाने हेतु वेबसाइट www.core.nic.in  पर लॉगइन करें तथा सीधे Complaint Registration पर क्लिक करें और शिकायत फार्म को भर दें । आपको ऑनलाइन ही आपकी शिकायत दर्ज होने का का शिकायत क्रमांक प्राप्‍त होगा, इस क्रमांक सहित फार्म का प्रिन्टर से प्रिन्ट प्राप्‍त कर लें । यहॉं 72 घण्‍टे के भीतर कार्यवाही सम्‍पादित की जाती है और आपको ई मेल के जरिये सम्‍पादित कार्यवाही से अवगत कराया जाता है । तथा दूसरे पक्ष को 14 दिन के भीतर उपभोक्‍ता की शिकायत दूर करने के निर्देश जारी किये जाते हैं । अन्‍यथा उन्‍हें काली सूची में डाल कर ब्‍लैकलिस्‍ट कर दिया जाता है । मैंने स्‍वयं इस प्रणाली का उपयोग किया था एक बार बी.एस.एन.एल. के विरूद्ध एवं एक बार एक अन्‍य कम्‍पनी के विरूद्ध दोनों बार मेंरी समस्‍या का त्‍वरित निदान हो गया था । हालांकि मैं स्‍वयं पेशे से एडवोकेट हूँ और उपभोक्‍ता फोरम के रास्‍ते से मामले को शुरू कर सकता था लेकिन मेरा मशविरा है कि उपभोक्‍ता फोरम जाने से पूर्व एक बार इस ऑनलाइन प्रणाली को अवश्‍य आजमा लें । केवल 72 घण्‍टे की ही तो बात है , दिक्‍कत क्‍या है इससे आपका समय, पैसा और व्‍यर्थ की न्‍यायालयीन भागदौड़ बच जायेगी । उपभोक्‍ताओं का शोषण करने वाली व उनकी शिकायतों ण्‍वं समस्‍याओं का निराकरण न करने वाली ब्‍लैकलिस्‍टेड कम्‍पनीयों की सूची भी यहॉं उपलब्‍ध है , इस सूची में उल्‍लेखित कम्‍पनीयों से बचकर रहें तथा इनसे कोई सामान या सेवा न लें ।  

हालांकि समस्‍त जिला उपभोक्‍ता न्‍यायालयों को ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की सुविधा कोर सेण्‍टर की तरह होना चाहिये इससे काफी लाभ प्राप्‍त होगा और या फिर कोर सेण्‍टर में दर्ज होने वाले मामले जिला उपभोक्‍ता अदालतों को निराकृत न होने की सूरत में कोर सेण्‍टर द्वारा स्‍वप्रेरणा से फारवर्ड कर देना चाहिये , जहॉं तक जिला उपभोक्‍ता अदालतों लगने वाले शुल्‍क का सवाल है इसे अन्‍य प्रकार से शिकायतकर्ता से मांग पत्र जारी कर बैंकड्राफ्ट, पोस्‍टल आर्डर, मनीआर्डर, या नकद रूप में वसूला जा सकता है वैसे यह शुल्‍क लगना नहीं चाहिये । जिला उपभोक्‍ता न्‍यायालयों की सुनवाई प्रणाली भी कोर सेण्‍टर की तरह ऑनलाइन होना चाहिये इससे पीडि़त उपभोक्‍ताओं को काफी सुविधा और सहूलियत होगी ।

नरेन्‍द्र सिंह तोमर ''आनन्‍द''

प्रधान सम्‍पादक

 

ग्वालियर 5 मई 09। उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 1986 के अनुसार कोई व्यक्ति जो अपने उपयोग के लिये सामान अथवा सेवायें खरीदता है वह उपभोक्ता है । क्रेता की अनुमति से ऐसे सामान/सेवाओं का प्रयोग करने वाला व्यक्ति भी उपभोक्ता है । अत: हम में से प्रत्येक किसी न किसी रूप में उपभोक्ता ही है ।

उपभोक्ता के रूप में हमें कुछ अधिकार प्राप्त हैं । मसलन सुरक्षा का अधिकार, जानकारी होने का अधिकार, चुनने का अधिकार, सुनवाई का अधिकार, शिकायत-निवारण का अधिकार तथा उपभोक्ता-शिक्षा का अधिकार । उपभोक्ता या कोई स्वैच्छिक उपभोक्ता संगठन जो समिति पंजीकरण अधिनियम 1860 अथवा कंपनी अधिनियम 1951 अथवा फिलहाल लागू किसी अन्य विधि के अधीन पंजीकृत है । इसके अलावा केन्द्र सरकार या राज्य सरकार अथवा संघ क्षेत्र का प्रशासन भी शिकायत दर्ज करवा सकता है ।

किसी व्यापारी द्वारा अनुचित/प्रतिबंधात्मक पध्दति के प्रयोग करने से यदि आपको हानि/क्षति हुई है अथवा खरीदे गये सामान में यदि कोई खराबी है या फिर किराये पर ली गई/उपभोग की गई सेवाओं मे कमी पाई गई है या फिर विक्रेता ने आपसे प्रदर्शित मूल्य अथवा लागू कानून द्वारा अथवा इसके मूल्य से अधिक मूल्य लिया गया है । इसके अलावा यदि किसी कानून का उल्लंघन करते हुये जीवन तथा सुरक्षा के लिये जोखिम पैदा करने वाला सामान जनता को बेचा जा रहा है तो आप शिकायत दर्ज करवा सकते हैं ।

उपभोक्ता द्वारा अथवा शिकायतकर्ता द्वारा शिकायत सादे कागज पर की जा सकती है । शिकायत में शिकायतकर्ताओं तथा विपरीत पार्टी के नाम का विवरण तथा पता, शिकायत से संबंधित तथ्य एवं यह सब कब और कहां हुआ आदि का विवरण, शिकायत में उल्लिखित आरोपों के समर्थन में दस्तावेज साथ ही प्राधिकृत एजेंट के हस्ताक्षर होने चाहिये । इस प्रकार की शिकायत दर्ज कराने के लिये किसी वकील की आवश्यकता नही होती । साथ ही इस कार्य पर नाममात्र न्यायालय शुल्क ली जाती है ।

शिकायत कहां की जाये, यह बात सामान सेवाओं की लागत अथवा मांगी गई क्षतिपूर्ति पर निर्भर करती है । अगर यह राशि 20 लाख रूपये से कम है तो जिला फोरम में शिकायत करें । यदि यह राशि 20 लाख रूपये से अधिक लेकिन एक करोड़ रूपये से कम है तो राज्य आयोग के समक्ष और यदि एक करोड़ रूपसे अधिक है तो राष्ट्रीय आयोग के समक्ष शिकायत दर्ज करायें । वैबसाईट www.fcamin.nic.in पर सभी पते उपलब्ध हैं ।

उपभोक्ताओं को प्रदाय सामान से खराबियां हटाना, सामान को बदलना, चुकाये गये मूल्य को वापिस देने के अलावा हानि अथवा चोट के लिये क्षतिपूर्ति । सेवाओं में त्रुटियां अथवा कमियां हटाने के साथ-साथ पार्टियों को पर्याप्त न्यायालय वाद-व्यय प्रदान कर राहत दी जाती है ।

 

शुक्रवार, 1 मई 2009

वनपाल भजई लाल के उपस्थित न होने पर होगी सेवा समाप्ति

वनपाल भजई लाल के उपस्थित न होने पर होगी सेवा समाप्ति

मुरैना 1 मई 2009/ बीजापुर वन मंडल के वनपाल श्री भजई लाल शाक्य पुत्र वृंदावन शाक्य निवासी झुण्डपुरा, सबलगढ़ जिला मुरैना 9 नवम्बर 07 से स्वेच्छापूर्वक शासकीय कार्य से अनुपस्थित हैं । उप वन मंडलाधिकारी के अनुसार आगामी दस दिवस के भीतर कर्तव्य पर उपस्थित नहीं होने की स्थिति में संबंधित की सेवा समाप्ति की एक तरफ कार्रवाई की जायेगी।

 

मुरैना के चार मतदान केन्द्रों पर पुर्नमतदान आज

मुरैना के चार मतदान केन्द्रों पर पुर्नमतदान आज

मुरैना 1 मई 2009/ भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मुरैना जिले के चार मतदान केन्द्रों पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 58 के अन्तर्गत 30 अप्रैल को आयोजित मतदान को शून्य घोषित किया गया है । विधान सभा क्षेत्र 03 सबलगढ़ के 63 पिपरधान, 05 सुमावली के 34 नंदगांगोली, 06 मुरैना के 21 सिंगल वस्ती रैनबसैरा सिटी मुरैना और 07 दिमनी के 71 हरगंवा मतदान केन्द्रों पर 2 मई को प्रात: 7 बजे से सांय 5 बजे तक नये सिरे से मतदान कराया जायेगा ।

       कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री एम.के. अग्रवाल ने संबंधित मतदान केन्द्र क्षेत्र में डोंड़ी पिटवाकर पुर्नमतदान की सूचना करने के निर्देश संबंधित अनुविभागीय अधिकारी और तहसीलदार को दिए हैं । पुर्नमतदान हेतु नवीन ई.व्ही.एम. प्रदाय की जायेगी और निर्वाचक नामावली की नवीन चिन्हित प्रति का उपयोग किया जायेगा । नये मतदान में अमिट स्याही का चिन्ह मतदाता के वांये हाथ की मध्यमा अंगुली पर लगाया जायेगा । मतदान के लिए निर्धारित पहचान पत्र अथवा अन्य मान्य फोटो युक्त दस्तावेज प्रस्तुत करना जरूरी रहेगा । पुर्नमतदान प्रक्रिया की लगातार वीडियो ग्राफी कराई जायेगी और सभी मतदान केन्द्रों पर माइक्रो ओब्जर्वर तैनात रहेंगे । पुर्नमतदान वाले क्षेत्रों में दंडप्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत जुलूस रैली आदि प्रतिबंधित रहेगा । मतदान केन्द्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रहेंगी । पुर्नमतदान उपरांत ई.व्ही.एम. मशीन मुरैना में पोलीटेक्निक कालेज स्थित स्ट्रांग रूम में जमा कराई जायेंगी ।