शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2009

मुरैना जिला अभिभाषक संघ का चुनाव संपन्‍न, पचौरी अध्‍यक्ष और मिश्रा सचिव बने

मुरैना जिला अभिभाषक संघ का चुनाव संपन्‍न

मुरैना 01 अक्‍टूबर 09, आज मुरैना जिला अभिभाष्‍ाक संघ का निर्वाचन संपन्न हुआ जिसमें नवीन पदाधिकारी निर्वाचित हुये और एड. महावीर प्रसाद पचौरी- अध्‍यक्ष, एड. कुमारी भारती गुप्‍ता- उपाध्‍यक्ष, एड. संजय मिश्रा - सचिव, एड. राजेश सिकरवार - सहसचिव, एड. अजीत सिंह सिकरवार- लाइब्रेरियन, एड. कमलाकृष्‍ण शर्मा - कोषाध्‍यक्ष चुने गये साथ ही 11 कार्यकारणी सदस्‍य भी इस मौके पर निर्वाचित हुये ।

 

सोमवार, 28 सितंबर 2009

विजय पर्व विजयादशमी की शुभकामनायें

विजय पर्व विजयादशमी की शुभकामनायें

आप सभी पाठकों, मित्रों, शुभचिन्‍तकों को ग्‍वालियर टाइम्‍स परिवार की ओर से, व्‍यक्तिगत मेरी ओर से विजय पर्व विजया दशमी की हार्दिक शुभकामनायें , आपको सर्वत्र सर्व प्रकार, सर्वविधि दसों दिशाओं में विजय प्राप्‍त हो, सुख एवं खुशहाली प्राप्‍त हो । समृद्धि सदैव आपके चरण चूमे , हमारा देश खुशहाल हो, मंहगाई घटे, सभी मुस्‍कराते रहें हमारा देश समृद्ध और सदैव विजयी रहे । पुन:श्‍च विजयादशमी की शुभ कामनायें नरेन्‍द्र सिंह तोमर ''आनन्‍द'' , प्रधान संपादक ग्‍वालियर टाइम्‍स समूह

 

रविवार, 27 सितंबर 2009

मुरैना सब्‍जी मण्‍डी अग्निकाण्‍ड, पर जालसाजी के सवालिया निशान, बीमा और मुआवजा के लिये लगाई खुद ही आग

मुरैना सब्‍जी मण्‍डी अग्निकाण्‍ड, पर जालसाजी के सवालिया निशान, बीमा और मुआवजा के लिये लगाई खुद ही आग

मामला चोरी के आलू आलू और कार का ढांचा जलाने का

मुरैना 27 सितम्‍बर 09, विगत दिनों मुरैना की सब्‍जी मण्‍डी में रात में लगी आग से लाखों के आलू जलने और एक कार के जलने का मामला संदेह के घेरे में आ गया है ।

उल्‍लेखनीय है कि चन्‍द माह (वर्ष) पहले भी इसी तरह मुरैना की सब्‍जी मण्‍डी में आग लगी थी और सब्‍जी व्‍यापारीयों ने लाखों करोड़ों के बीमे पिछले अग्निकाण्‍ड में बीमा कम्‍पनीयों से झटक लिये थे और यह बीमें की राशि का भुगतान उन्‍हें कुछ दिन पहले ही मिला था ।

इसके बाद आगरा- फतेहाबाद से करीब पौने दो सौ क्विंटल आलू एक ट्रक ड्रायवर द्वारा चोरी करके मुरैना सब्‍जी मण्‍डी में इसी सितम्‍बर माह के पहले हफ्ते में बेचा गया था जिसे मुरैना मण्‍डी के सब्‍जी आढ़तियों ने खरीदा था और आगरा- फतेहाबाद उ.प्र. की पुलिस मुरैना के सब्‍जी आढ़तियों के तभी से लगातार दविश दे रही थी । तथा आढ़तिये फरार थे जो न तो खुद पुलिस के हाथ लग रहे थे और न चोरी का माल ही बरामद हो पा रहा था । ट्रक ड्रायवर द्वारा अमानत में ख्‍यानत केरे मुरैना में बेचा गया वही आलू रातों रात मण्‍डी में आग लगी दिखा कर जलाया गया तथा मजे की बात यह रही कि रात को जब आग लग रही थी उसी वक्‍त रात में ही बीमा कम्‍पनी को फोन पर इत्‍तला देकर मौका देखने और बीमा दिलाने के लिये बुलाया भी गया ।

बीमा कम्‍पनी ने सब्‍जी व्‍यापारीयों की चालबाजी और जालसाजी भांपते हुये हमारे संवाददाता के सामने ही हाथ खड़े करते हुये कहा कि इस तरह रोज रोज आग लगती नहीं लगाई जाती है और हम इसका क्‍लेम नहीं दे सकते ये तो सरासर धोखाधड़ी और जालसाजी है । जब बीमा कम्‍पनी के कारिन्‍दे ने जली हुयी कार देखी और उसका अंदर का हाल टटोला तो पता चला कि कार का इंजन और अन्‍य सब कीमती पार्टस व सामान कार से गायब था यानि था ही नहीं । इस पर सब्‍जी व्‍यापारीयों ने कहा कि इंजन जल कर भस्‍म हो गया यानि राख हो गया और सारे पार्टस भी जल कर राख हो गये ।

इस प्रकार सब्‍जी मण्‍डी की आग का हालिया मामला जहॉं संदेह के घेरे में आया है वहीं पिछली बार लगी आग भी संदेह के दायरे में आ गयी है । उललेखनीय है कि व्‍यापारीयों ने प्रशासन व राज्‍य सरकार से जहॉं तगड़ा मुआवजा पाया था वहीं बीमा कम्‍पनीयों से भी लाखों करोड़ों रूपये झटक लिये थे ।

ट्रक मालिक ने मुरैना मंडी में बेचा चोरी कर आलू

याहू जागरण हिन्‍दी से साभार

26 सितम्‍बर 09

आगरा। फतेहाबाद के व्यापारी द्वारा चेन्नई के लिए लोड किये गये ढाई लाख रुपये का आलू ट्रक मालिक और चालक मुरैना मंडी में बेचकर फरार हो गये थे। पुलिस ने ट्रक बरामद कर ट्रक मालिक और आलू खरीदने वाले मुरैना के आड़तिया के यहां दविश भी दी, लेकिन वे हाथ नहीं लग सके।

प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद एनके चौधरी ने बताया, मोहल्ला चौराहा निवासी आलू व्यापारी सुरेश चंद गुप्ता ने ट्रक आर जे11-जीए 2244 में ढाई लाख रुपये कीमत का आलू लोड कर आगरा गोल्डन रोड शमसाबाद के स्वामी रन सिंह के माध्यम से बीती 8 सितम्बर को चेन्नई भेजा। ट्रक में 320 पैकिट यानी 165 क्विंटल आलू लोड किया। यह आलू एसआर ट्रेडर्स एच 116 वेजीटेबिल मार्केट चेन्नई जाना था। परंतु ट्रक स्वामी एवं चालक सुनील पाठक ने आलू चेन्नई के बजाय मुरैना के आड़तिये को बेच दिया। यही नहीं दूसरी पार्टी का आलू लोड कर ट्रक को हैदराबाद ले गया। आगरा गोल्डन रोड लाइंस के स्वामी रन सिंह एवं फतेहाबाद के आड़ती सुरेश चंद्र गुप्ता को इसका पता चला तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। एसएसआई जेपी सिंह के नेतृत्व में गत दिवस फतेहाबाद पुलिस की टीम हैदराबाद पहुंची और ट्रक बरामद कर ले आयी। ट्रक स्वामी सुनील पाठक एवं सब्जी आड़ती मुरैना के यहां पुलिस निरंतर दविशें दे रही है। ज्ञातव्य हो कि फतेहाबाद के सब्जी आड़ती सुरेश चंद्र गुप्ता द्वारा इस मामले में थाना फतेहाबाद में 18 सितम्बर को रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

 

                        

 

हाई वे पर चने से भरा ट्रक पलटा, हाईवे का डिवाइडर फिर टूटा

हाई वे पर चने से भरा ट्रक पलटा, हाईवे का डिवाइडर फिर टूटा

मुरैना 27 सितम्‍बर 09, चन्‍द रोज पहले अन्‍धाधुन्‍ध भगाये जा रहे ट्रेक्‍टर ने पुलिस द्वारा टायरों में गोली मारने के बाद ट्रेक्‍टर के हाई वे पर बने छिवायडर पर चढ़ जाने से डिवायडर टूट गया था ।

कल फिर दूसरी जगह हाई वे का डिवायडर एक ट्रक ने तोड़ दिया और अंतत: पलट गया ।

हमारे विशेष संवाददाता द्वारा दी गयी जानकारी के मुताबिक कल शाम करीब साढ़े पॉंच बजे चने से भरा एक ट्रक आगरा बाम्‍बे हाईवे NH-3 पर बटालियन के सामने ट्रक का एक टायर फट जाने से अनियंत्रित हो गया ट्रक ड्रायवर ने आसन्‍न संकट व घटना को टालने के लिये ट्रक को डिवायडर के नजदीक लाकर ट्रक की गति कम कर रोकने और डिवायडर से टकराने का प्रयास किया जिससे डिवायडर पर ट्रक चढ़ गया और उसका दूसरा टायर भी फट गया । इसके साथ ही ट्रक पलट गया और ट्रक के भरे हुये चने हाईवे पर फैल गये जिससे यातायात अवरूद्ध हो गया और लोगों की भारी भीड़ वहॉं लग गयी ।

 

ए.जी.पी. कुलश्रेष्‍ठ के पिता को अज्ञात लोगों ने गोली मारी

ए.जी.पी. कुलश्रेष्‍ठ के पिता को अज्ञात लोगों ने गोली मारी

मुरैना 27 सितम्‍बर 09, बीती रात करीब 9:30 बजे मुरैना के ए.जी.पी. कमलेश कुलश्रेष्‍ठ के पिता श्री सियाराम कुलश्रेष्‍ठ को उनके निवास दीक्षित गली, मवासीपुरा पर अज्ञात लोगों ने गोली मार दी ।

श्री कुलश्रेष्‍ठ द्वारा प्रदत्‍त जानकारी के मुताबिक उनके पिता श्री सियाराम कुलश्रेष्‍ठ उम्र 82 साल रात करीब 9:30 बजे छत पर बैठे थे तभी करीब 100- 150 फीट की दूरी से किसी अज्ञात जगह से 315 बोर की एक गोली उनके पिता को लगी जो कि हाथ के पंजे को भेदती हुयी उनकी जॉंघ में जा घुसी ।

पुलिस प्रशासन रात को ही मौके पर पहुँच गया था । सबेरे कोतवाली टी.आई के.डी. सोनकिया दो पुलिस वालों के साथ मौके पर पहुँचे और आसवास के घरों की तफ्तीश की । घायल सियाराम कुलश्रेष्‍ठ मुरैना जिला अस्‍पताल के रेडक्रास वार्ड में भर्ती है । उनकी हालत खतरे से बाहर है ।

उल्‍लेखनीय है कि इस समय शहर में अज्ञात लोगों द्वारा गोली मारने की घटनाओं में इजाफा हो रहा है, पिछले महीने बिल्‍कुल इसी तरह संजय कालोनी में एक महिला को आस पास के किसी घर से अज्ञात लोगों ने गोली मारी थी ।  

 

शनिवार, 26 सितंबर 2009

सी.बी.आई. मुरैना आई, भ्रष्‍टाचार, गबन, रिश्‍वतखोरी के खिलाफ छेड़ी मैदानी जंग, चम्‍बल में हडकम्‍प, रातो रात पड़े छापे

सी.बी.आई. मुरैना आई, भ्रष्‍टाचार, गबन, रिश्‍वतखोरी के खिलाफ छेड़ी मैदानी जंग, चम्‍बल में हडकम्‍प, रातो रात पड़े छापे

नरेन्‍द्र सिंह तोमर '' आनन्‍द' एवं असलम खान

मुरैना 26 सितम्‍बर 09, सी.बी.आई की मध्‍यप्रदेश शाखा ने भ्रष्‍टाचार, गबन और रिश्‍वतखोरी जैसे मामलों में आम जनता से जागृत, सचेत होने और सीधे सी.बी.आई से इसकी शिकायतें करने हेतु मुरैना में 23 सितम्‍बर को जागरूकता तथा सम्‍पर्क शिविर का आयोजन यहॉं कलेक्‍ट्रेट परिसर के डी.आर.डी.ए. हॉल में किया ।

सी.बी.आई. की मध्‍यप्रदेश शाखा के एस.पी. श्री योगेन्‍द्र कोयल और उनकी टीम सहित मुरैना के सी.एस.पी. श्री कमल मौर्य, जिले के पत्रकारगण तथा कुछ शिकायतकर्ता मौके पर मौजूद थे । सी.बी.आई भोपाल के एस.पी. श्री योगेन्‍द्र कोयल पत्रकारों से रूबरू होकर सी.बी.आई के कामकाज और कार्यप्रणाली पर विस्‍तृत प्रकाश डालते हुये पत्रकारों के सवालों के उत्‍तर भी देते रहे साथ ही मौके पर ही शिकायत कर्ताओं के आवेदन भी ग्रहण करते रहे ।

सी.बी.आई के मुरैना आने की खबर अंत तक गोपनीय रहने से यद्यपि अधिक शिकायत कर्ता वहॉं नहीं पहुँच सके लेकिन फिर भी दो शिकायत कर्ताओं ने अपने शिकायती आवेदन श्री कोयल को दिये ।

23 सितम्‍बर को ही भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष एवं मुरैना सांसद नरेन्‍द्र सिंह तोमर के अनेक व्‍यस्‍तता भरे कार्यक्रमों के कारण जहॉं प्रशासन और महत्‍वपूर्ण पुलिस अधिकारी इस खास मौके से वंचित रहे वहीं इतने महत्‍वपूर्ण शिविर को अंतिम समय तक गोपनीय रखे जाने से आम नागरिकों को भी इसकी भनक नहीं लग सकी ।

श्री कोयल ने सी.बी.आई द्वारा भ्रष्‍टाचार, गबन, और रिश्‍वतखोरी जैसे मामलों में पत्रकारों से चर्चा करते हुये उन्‍हें बताया कि आम जनता यानि कोई भी आम नागरिक सीधे सी.बी.आई को शिकायत कर सकता है तथा उन्‍होनें अपने फोन व मोबाइल नंबर एवं ई मेल पते भी पत्रकारों को उपलब्‍ध कराये एवं जनता के लिये इन्‍हें प्रकाशित कर सार्वजनिक करने का आह्वान भी किया । श्री कोयल ने बताया कि ये नंबर 24 घण्‍टे चालू रहते हैं और किसी भी समय उनसे कोई भी सम्‍पर्क कर सकता है ।

सी.बी.आई की कार्यप्रणाली और भ्रष्‍टाचार विरोधी मुहिम

श्री योगेन्‍द्र कोयल ने भारत सरकार और सी.बी.आई. द्वारा छेड़े गये भ्रष्‍टाचार, रिश्‍वतखोरी और गबन जैसे मामलों के खिलाफ मैदानी अभियान की भूमिका व कार्यप्रणाली पर विस्‍तृत प्रकाश डालते हुये बताया कि केन्‍द्र सरकार के किसी भी कार्यालय, केन्‍द्र सरकार के किसी लोक उपक्रम, कार्पोरेट सेक्टर, लोक उद्यम, केन्‍द्र सरकार के किसी भी विभाग, बीमा, बैंक, डाकघर , रेल्‍वे, आयकर, क्रेडिटकार्ड, केन्‍द्र सरकार की योजनाओं, भारत सरकार द्वारा सीधे अनुदानित स्‍वयंसेवी संस्‍थाओं के मामलों में भ्रष्‍टाचार , गबन, एवं रिश्‍वतखोरी के मामले सीधे ही सी.बी.आई स्‍वयं हैण्‍डल करती है और त्‍वरित एवं तत्‍पर सीधी कार्यवाही करती है ।

राज्‍य सरकार के ऐसे सभी विभाग या कार्यालय जो कहीं से पार्शियली या अंशत: या सारत: केन्‍द्र सरकार से निधि संबद्ध या धन प्राप्‍त होकर संचालित, मानिटर्ड या प्रशासित है उनसे संबंधित मामले भी सी.बी.आई राज्‍य सरकार से सहबद्ध होकर हैण्‍छल करती है इनके भी भ्रष्‍टाचार, गबन और रिश्‍वत से जुड़ मामले सी.बी.आई को भेजे जा सकते हैं ।

राज्‍य सरकार के पिभागों, कार्यालयों, लोक उपक्रमों, लोक उद्यमों एवं लोक सेवाओं, अधिकारीयों कर्मचारीयों से जुड़े भ्रष्‍टाचार, गबन और रिश्‍वत के मामले भी सी.बी.आई. को भेजे जा सकते हैं, ऐसे मामलों में सी.बी.आई. अपने कव्‍हर नोट के साथ राज्‍य सरकार की संबंधित जॉच या अपराध जॉच एजेन्‍सी की ओर प्रकरण अग्रेषित कर राज्‍य सरकार की सम्‍बन्धित अपराध शाखा या जॉच एजेन्‍सी मसलन आर्थिक अपराध अन्‍वेषण ब्‍यूरो, लोक आयुक्‍त, या सतर्कता विभाग को त्‍वरित व तत्‍पर कार्यवाही करने के लिये आग्रह करती है तथा मामले के अंत तक उस पर नजर रखती है ।

श्री कोयल ने किसान क्रेडिट कार्ड , किसान ऋण योजनाओं, स्‍वरोजगार योजनाओं, बेरोजगारों के शोषण आदि से जुड़े मामले भी सी.बी.आई. को दिये जाने का आग्रह किया ।

मौके पर हुयी दो शिकायतें

सम्‍पर्क शिविर में पत्रकारों से चर्चा के दौरान ही दो आवेदक श्री कोयल से मिले और अपनी शिकायतें उन्‍हें सौंपी । एक आवेदक पहले से ही अपनी शिकायत लिखित तौर पर तैयार कर के लाया था (संभवत: उसे पहले से ही सी.बी.आई के आने की जानकारी थी, वह पूरी तैयारी से आया था) दूसरा आवेदक एक महिला थी जिसे शायद अचानक जानकारी मिली थी और बिना तैयारी के आयी थी जिस पर श्री कोयल ने उसे अपनी शिकायत लिखित रूप से विवरण रूप में बताने का निर्देश दिया और उसने अपनी शिकायत वहीं जल्‍दी जल्‍दी लिखी और श्री कोयल को सौंपी ।

लालौर मुरैना के सत्‍यनारायण शर्मा ने अपनी शिकायत सौंपते हुये बताया कि उनके नाम पर उनकी जमीन को मार्टगेज कर किसी ने यूनियन बैंक ऑफ इण्डिया से 2 जाख रूपये का ऋण ले लिया है और उन्‍होंने खुद कभी बैंक से कोई ऋण नहीं लिया और अब उनसे जबरदस्‍ती बैंक द्वारा 1 लाख 65 हजार रूपये की पैनल्‍टी सहित ऋण वसूली की जा रही है, उनके द्वारा पुलिस में एफ.आई.आर. भी दर्ज करायी गयी किन्‍तु आज तक कोई भी कार्यवाही नहीं हुयी, पत्रकारों ने बताया कि मुरैना की बैंकों में यह आमतौर पर वर्षों से चल रहा है और ऐसे सैकड़ों मामले हैं जिनमें किसी के भी नाम पर किसी अन्‍य ने फर्जी ऋण निकाल लिये हैं जिसमें अंचल में अनेक दलाल सक्रिय है तथा बैंक प्रबंधन इसमें अपने दलालों के माध्‍यम से कूटरचना व जालसाजी करके किसी के भी नाम पर कोई भी ऋण निकाल लेता है । सी.बी.आई ने सारी टिप्‍स एवं पाइण्‍टस नोट कर लिये तथा सत्‍यनारायण शर्मा नामक किसान का मामला अपने संज्ञान में लेकर कार्यवाही के लिये ग्रहण कर लिया ।

कल्‍पना मुदगल नामक युवती ने अपनी शिकायत करते हुये बताया कि वह एक एन.जी.ओ. चलाती है (कल्‍पना मुदगल के एन.जी.ओं. के खिलाफ मुरैना के तत्‍काली कलेक्‍टर राधेश्‍याम जुलानिया ने फर्जी कार्यवाही कर अनुदान हड़पने और जालसाजी का मामला पुलिस में पंजीबद्ध कराया था यह मामला लंबित है) कल्‍पना मुदगल की शिकायत थी कि उसके एन.जी.ओं के बैंक खाते से उसी के एन.जी.ओं. के अन्‍य पदाधिकारीयों ने उसके फर्जी हस्‍ताक्षर बना कर पूरा बैंक खाता साफ कर दिया है, उसने मामले की पुलिस एफ.आई.आर. भी दर्ज करायी लेकिन अभी तक उसे न्‍याय नहीं मिला है ।

पत्रकारों ने की व्हिसिल ब्‍लोइंग

पत्रकारों ने श्री कोयल के साथ चर्चा में भाग लेते हुये कई मामलों की व्हिसिल ब्‍लोइंग की पत्रकारों ने श्री कोयल कों किसानों के सहकारी समितियों द्वारा वर्षों से फर्जी बीमों और क्‍लेम मांगने पर क्‍लेम न मिलने तथा बीमा कम्‍पनीयों द्वारा यह कहे जाने पर कि सम्‍बन्धित सहकारी समिति ने उनके यहॉं कोई पैसा नही जमा कराया के लम्‍बे चौड़ फर्जीवाड़े, स्‍कूल शिक्षा विभाग में छात्रों के फर्जी बीमा किये जाने और सरकारी स्‍कूलों के छात्रों को आज तक कभी कोई क्‍लेम न मिलने, जिला शिक्षा विभाग द्वारा बीमा कम्‍पनीयों से सांठगॉंठ कर लाखों करोड़ो छात्र बीमा के फर्जीवाड़े, एन.जी.ओ. मूवमेण्‍ट के नाम पर जिले की फर्जी स्‍वयंसेवी संस्‍थाओ द्वारा करोड़ों रू. फर्जीवाड़ा कर हड़पने उनके साथ भारत सरकार के और मध्‍यप्रदेश सरकार के अधिकारीयों से सीधे सांठगांठ कर करोड़ों रू. का प्रतिवर्ष फर्जीवाड़ा करने वाले रैकेट की ओर भी ध्‍यान आकर्षित कराया । इस सम्‍बन्‍ध में कुछ पत्रकारों ने सी.बी.आई. को साक्ष्‍य सबूत देने और भारत सरकार द्वारा फर्जी व फरार घोषित संस्‍थाओं को मुरैना में प्रशासन व राज्‍य सरकार के साथ कई कार्यक्रमों में कार्य करने की जानकारी भी उपलब्‍ध कराई तथा भारत सरकार एवं राज्‍य सरकार से अनुदानित स्‍वयंसेवी संस्‍थाओं द्वारा सूचना का अधिकार अधिनियम की धारा 4 के तहत कार्यवाही न करने, अपनी सूचनायें व जानकारीयॉं सार्वजनिक न करने, इण्‍टरनेट पर प्रकाशित न करने फण्‍ड, पदाधिकारी, व हितग्राहीयों की सूची सार्वजनिक न किये जाने पर भी सी.बी.आई. को व्हिसिल ब्‍लोइंग की । इसके अलावा करीब दो दर्जन और भ्रष्‍टाचार, गबन तथा रिश्‍वत से जुड़े अपराधों की व्हिसिल ब्‍लोइंग की गयी ।

सायबर क्राइम पर मौन रहा

हालांकि सायबर क्राइम से जुड़े अपराध सी.बी.आई के हिट लिस्‍ट में हैं लेकिन मुरैना में सायबर क्राइम पर मौन छाया रहा और न पत्रकारों ने न सी.बी.आई ने इस विषय को चर्चा में लिया ।

पब्लिक नेटवर्क बनाने की मुहिम

सी.बी.आई. ने खास वजह बताते हुये कहा कि जिन जिलों में सी.बी.आई. का पर्याप्‍त नेटवर्क नहीं हैं वहॉं सी.बी.आई. अपना पब्लिक नेटवर्क तैयार कर रही है एक सक्रिय, सक्षम व सशक्‍त पब्लिक नेटवर्क तैयार करना जो कि सी.बी.आई. का सहयोगी नेटवर्क हो सी.बी.आई का प्रमुख उद्देश्‍य है तथा मुरैना जिला  ऐसे ही एक जिला है जहॉं हमें अपना नेटवर्क खड़ा करना है और हमने आज इसकी इस सम्‍पर्क शिविर के साथ शुरूआत की है । हम जिला स्‍तरीय कार्यक्रम चला रहे हैं और आगे सभी जिलों में ऐसे कार्यक्रम चलाये जायेंगें, हम चाहते हैं कि भ्रष्‍टाचार, गबन और रिश्‍वतखोरी के खिलाफ लोग खुलकर मुखर होकर सामने आयें, सी.बी.आई. से जुड़ें ।

सी.बी.आई को करें शिकायत तभी मिटेगा भ्रष्‍टाचार

श्री कोयल ने कहा कि हर जगह भ्रष्‍टाचार है, गबन और रिश्‍वतखोरी है लेकिन जब त‍क आप हमें शिकायत नहीं करेंगे, सुराग या साक्ष्‍य नहीं देंगे तब तक हम कार्यवाही कर पाने में असमर्थ रहते हैं हमें आप खबर दीजिये या सुराग दीजिये हम कार्यवाही करेंगें । श्री कोयल ने यहॉं तक कहा कि आप तो बस हमें सुरागी संकेत दे दीजिये बकाया काम हम कर लेंगे ।

चड्डी गीली हो जाती है सी.बी.आई के नाम से

एक पत्रकार द्वारा बार बार कई बार यह पूछे जाने और दोहराये जाने पर कि साहब पुलिस के नाम से तो लोगों को पसीने आते हैं लेकिन आपके नाम से तो आदमी की सीधी चड्डी गीली हो जाती है अगर कोई किसी की झूठी खबर आपको दे दे तो कोई तो मुफत में ही मारा जायेगा और उसकी चड्डी गीली हो जायेगी । इस पर श्री कोयल ने पहले तो कोई जवाब देना उचित नहीं समझा लेकिन बार बार पूछे जाने पर उन्‍होंने बताया कि हम हर खबर का हर सूचना का गोपनीय तरीके से पहले सत्‍यापन कराते हैं और सत्‍यता की सुगंध पाने के बाद ही कार्यवाही करते हैं और फिर कार्यवाही में देर नहीं लगाते । सबूत बटोरना हमारा काम है हमारे शिकायत कर्ता का नहीं और यदि इसके बाद भी अगर सूचना गलत पायी गयी तो हम अपनी कमजोरी इसे मानते हैं अपने सूचनाकर्ता या शिकायतकर्ता की नहीं और हम अपने खबर देने वाले को सुरक्षा व संरक्षण देते हैं पुलिस की तरह उसे उल्‍टा नहीं पुलिस केस में फंसा देते । उल्‍लेखनीय है कि सम्‍बन्धित पत्रकार प्रसिद्ध वकील भी था और अनेक भ्रष्‍टों का संरक्षक एवं शासकीय कम्‍पनीयों तथा सी.बीआई के निशाने पर कम्‍पनीयों, विभागों व अधिकारीयों का अभिभाषक है । पत्रकार की चिन्‍ता ताड़ते हुये ग्‍वालियर टाइम्‍स से सी.बी.आई. के एक अधिकारी ने अलग से गोपनीय चर्चा में अंतत: पूछ ही लिया कि यह श्रीमान कहीं किसी निशाने से तो नहीं जुड़े है इनकी चड्डी गीली क्‍यों हो रही है ।

रातोंरात मचा हड़कम्‍प और धड़ाधड़ हुयी छापेमारी

सी.बी.आई की शहर और अंचल में हरकत की खबर से मुरैना के कई सरकारी विभागों और कार्यालयों में हड़कम्‍प मच गया । और मुरैना सांसद नरेन्‍द्र सिंह तोमर के शाम तक चले कार्यक्रमों से फारिग होने के बाद कई विभागों ने फटाफट अपने रिकार्ड खंगालने और फूंकने तथा ओ.के करना शुरू कर दिये । रात 9 बजे से रात 1 बजे तक कई स्‍वयंसेवी अनुदानित संस्‍थाओं के कार्यालयों, छात्रावासों और संस्‍थाओं पर प्रशासन छापेमारी करता रहा । पिछले तीन दिन से चल रहा छापा मारी एपीसोड और एन.जी.ओं. की खाना तलाशी अभी तक जारी है । सूत्र बताते हैं कि दो चार एन.जी.ओं. लपेट में आभी गये हैं । एन.जी.ओ; की खाना तलाशी के लिये विशेष तौर पर पेजीयक फर्म्‍स एवं संस्‍थायें म.प्र ग्‍वालियर भी टीम के साथ घूम रहे है , उधर खबर है कि सी.बी.आई गोपनीय तौर पर अभी चम्‍बल में ही डेरा डाले हुये है और ग्‍वालियर चम्‍बल में कई मामलों के सुराग टटोल रही है ।

सी.बी.आई के सम्‍पर्क्‍ पते कैसे करें शिकायत

समाचार काफी विस्‍तृत हो जाने के कारण हम सी.बी.आई के सम्‍पर्क पते व सम्‍पर्क एवं शिकायत के तरीके पृथक से देंगें तथा वेबसाइट पर सी.बी.आई से सम्‍पर्क लिंक और जानकारी भी उपलब्‍ध करायेंगे साथ ही मातृ संस्‍था प्रसिद्ध स्‍वयंसेवी संस्‍था नेशनल नोबल यूथ अकादमी एवं ग्‍वालियर टाइम्‍स संयुक्‍त रूप से चम्‍बल में सी.बी.आई. को भ्रष्‍टाचार गबन और रिश्‍वत से जुड़ी शिकायतों को पहुँचाने के निये पर्चा पेम्‍पलेट छपवा कर बंटवाने ग्रामीण शिविर आदि लगा कर भी जागस्‍कता व प्रचार प्रसार करेंगें जिसमें सी.बी.आई को शिकायत करने तथा संपर्क तरीके आदि प्रमुख रूप से प्रचारित किये जायेंगे । अधिक जानकारी के लिये लॉगइन करें www.gwaliortimes.com     Or On Direct C.B.I. Website  www.cbi.gov.in    

 

समाज सेवा और और बालिका संरक्षण दुष्‍कर व भीष्‍म कार्य – कलेक्‍टर मुरैना – अग्रवाल

बालिका है तो आज हम हैं, कन्‍या बिना सृष्टि और पुरूष दोनों का विनाश- चम्‍बल आयुक्‍त अग्रवाल

समाज सेवा और और बालिका संरक्षण दुष्‍कर व भीष्‍म कार्य कलेक्‍टर मुरैना अग्रवाल

मुरैना 26 सितम्‍बर 09, विगत 22 सितम्‍बर 09 को यहॉं विख्‍यात समाज सेवी संस्‍था अभ्‍युदय आश्रम के सभागृह में चम्‍बल आयुक्‍त श्री एस.डी.अग्रवाल, मुरैना जिला कलेक्‍टर श्री एम.के. अग्रवाल ने स्‍वयंसेवी संस्‍था ''संस्‍कृति'' द्वारा गिरते कन्‍या लिंग अनुपात पर आयोजित दिशा निर्देशन कार्यक्रम के दौरान शिरकत करते हुये अभ्‍युदय आश्रम की बालिकाओं व बालकों द्वारा प्रस्‍तुत सांध्‍य भजन प्रार्थना में भाग लेकर अंचल के समाजसेवी क्षेत्र को अति उपयोगी महत्‍वपूर्ण निरूपित करते हुये इसका सम्‍यक उपयोग एवं सद्भावपूर्ण संचालन पर बल दिया ।

कार्यक्रम में अनेक राष्‍ट्रीय व उत्‍कृष्‍ट पुरूस्‍कारों से सम्‍मानित व विभूषित प्रसिद्ध समाजसेवी रामसनेही, डॉं एच .सी.शर्मा, डा. गजेन्‍द्र सिंह तोमर, डॉ. आर.सी.बादिल एवं संस्‍कृति संस्‍था के संचालक व कन्‍या शिशु बचाओ अभियान के संयोजक देवेन्‍द्र सिंह तोमर भी मंचासीन थे ।

इस अवसर पर चम्‍बल आयुक्‍त श्री एस.डी. अग्रवाल ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में अभ्‍युदय आश्रम एवं समाजसेवी रामसनेही की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुये उन्‍हें समाजसेवियों के लिये प्रेरणास्‍त्रोत बताया । श्री अग्रवाल ने कहा कि बच्चियॉं सृष्टि का भविष्‍य हैं, सृष्टि की संचालक, वाहक एवं पालक हैं उनके बगैर मानव पीढ़ी के भावी संसार की कल्‍पना नहीं की जा सकती । बच्चियॉं जहॉं हमारी बेटियॉं हैं वहीं उनके कई अलग रूप हमारे आस पास कभी बहिन के रूप में, कभी मॉं के रूप में तो कभी पत्‍नी के रूप में सदा रहते हैं । बेटियॉं नहीं रहेंगीं तो न मॉं रहेगी , न बहिन मिलेगी न पत्‍नी । हमें अपना अस्तित्‍व बचाना है या सुरक्षित रखना है तो सबसे पहले बेटियों को सुरक्षित रखना होगा ।

मुरैना जिला कलेक्‍टर श्री एम.के. अग्रवाल ने इस अवसर पर अपने मार्गदर्श एवं प्रोत्‍साहनदायक सम्‍बोधन में कहा कि आजकल मॉं दुर्गा का शक्ति या स्‍त्री के श्रेष्‍ठतम स्‍वरूप का नवदुर्गा आराधना अर्चना का काल चल रहा है , हमारी संस्‍कृति में स्‍त्री को उच्‍चस्‍तरीय श्रेष्‍ठता दर्जा व मान्‍यता आदिकाल से ही प्राप्‍त रही है इसीलिये हम वर्ष में दो बार स्‍त्री शक्ति पूजा के सर्वोत्‍तम पर्व नवरात्रियों को वर्ष में दो बार मनाते हैं, इसके अतिरिक्‍त स्‍त्री शक्ति की ही कभी मॉं जगदम्‍बा जगज्‍जननी तो कभी दस महाविद्या के रूप में अर्चना उपासना करते हैं , ब्रह्मा विष्‍णु और महेश जैसे त्रिदेव भी आदिशक्‍ित जगज्‍जननी मॉं की आराधना कर ईश्‍वर और सृष्टि के नियामक, नियन्‍ता व संहारक शक्तियों से समृद्ध हैं । शक्ति यानि स्‍त्री की श्रेष्‍ठता व उसकी रक्षा पूजा उपासना अर्चना से हमारे धार्मिक ग्रथ भरे पड़े हैं फिर भी कई लोग बालिक का महत्‍व नहीं जानते और मूढ़ होकर प्रकृति की सर्वश्रेष्‍ठ वरदान स्‍वरूप कन्‍या रत्‍न को भी त्‍याग देते हैं जिससे उनका व समाज का घोर अनर्थ होता है और कई काल तक यह पाप समाज को पीड़ायें देकर सताता है । श्री अग्रवाल ने रामसनेही की समाजसेवा और अभ्‍युदय आश्रम की मुक्‍त कण्‍ठ से प्रशंसा करते हुये कहा कि ऐसे लोग कुदरत बड़ी मुश्किल से पैदा करती है जो कि दूसरों के लिये अनुकरणीय मिसाल बनें । मैंने रामसनेही जी का काम लम्‍बे समय तक देखा है और ऐसे समाजसेवी की लम्‍बी उम्र व स्‍वस्‍थ जीवन की मैं कामना करता हूँ , श्री अग्रवाल ने कन्‍या लिंगानुपात पर अंचल की स्थिति पर प्रकाश डालते हुये कहा आज से पन्‍द्रह बीस साल पहले अंचल में कन्‍याओं की स्थिति यहॉं काफी बदतर थी लेकिन सरकारी प्रयासों और योजनाओं के जरिये तथा समाजसेवियों एवं समाजसेवी संस्‍थाओं द्वारा कमर कस कर उठ खड़े होने के बाद चार साल पहले इस अभियान की जो अलख जगाई गयी थी उसका असर साफ तौर पर नजर आने लगा है और लोग अब जागरूक होने लगे हैं तथा स्‍वेच्‍छा से कन्‍या रत्‍न अनमोल मानकर उसे बचाने लगे तथा गर्भ में भ्रूण परीक्षण से परहेज करने लगे हैं । श्री अग्रवाल ने म.प्र. सरकार द्वारा कन्‍याओं के संरक्षण व कल्‍याण के लिये चलाई जा रही लाड़ली लक्ष्‍मी, मुख्‍यमंत्री कन्‍यादान योजना, और मुफ्त साइकिल वितरण जैसी कई योजनाओं पर प्रकाश डालते हुये सरकार की बालिका संरक्षण, संवर्धन एवं प्रोत्‍साहन की मंशा पर प्रकाश डाला ।

कार्यक्रम में अभ्‍युदय आश्रम के संचालक प्रसिद्ध समाजसेवी रामसनेही, डॉ. एच.सी.शर्मा, डाफ. गजेन्‍द्र सिंह तोमर, डॉ. आर.सी. बांदिल ने भी अपने विचार व्‍यक्‍त किये ।

संस्‍कृति संस्‍था के संचालक व अभियान के संयोजक देवेन्‍द्र सिंह तोमर ने कार्यक्रम और अभियान की बुनियादी अवधारणा, रूपरेखा तथा उपलब्धियों पर  प्रकाश डाला । अंत में ग्‍वालियर टाइम्‍स के प्रधान संपादक एवं स्‍वयंसेवी संस्‍था नेशनल नोबल यूथ अकादमी के संस्‍थापक व संचालक नरेन्‍द्र सिंह तोमर ''आनन्‍द'' ने अभार प्रदर्शन किया ।