बुधवार, 23 मई 2007

रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग ऑफीसर नियुक्त

रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग ऑफीसर नियुक्त

       पंचायत उप निर्वाचन सम्पन्न कराने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आकाश त्रिपाठी ने रिटर्निंग ऑफीसर और सहायक निटर्निंग आफीसर नियुक्त कर दिये हैं ।

       विकासखंड पोरसा की ग्राम पंचायत रेपुरा, करसंडा, रतनबसई, खड़िया पोरसा और सेंथरा बाढ़ई के पंचपद हेतु नामांकन पत्र जनपद पंचायत कार्यालय पोरसा में प्राप्त किये जायेंगे । इसके लिए सहायक रिटर्निंग ऑफीसर एस.ए.डी.ओ. श्री रामसिंह यादव और रिटर्निंग आफीसर तहसीलदार श्री एस.एस. दोहरे को बनाया गया है । अम्बाह विकासखंड की ग्राम पंचायत खड़ियाहार और विचोला में पंच पद हेतु नाम निर्देशन पत्र तहसील कार्यालय अम्बाह में सहायक रिटर्निंग ऑफीसर नायव तहसीलदार श्री लोकेन्द्र श्रीवास्तव द्वारा प्राप्त किये जायेंगे । तहसीलदार श्री ए.के.तिवारी को यहां का रिटर्निंग ऑफीसर बनाया गया है । अम्बाह के लिए रिजर्व सहायक रिटर्निंग ऑफीसर के रूप में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री एस.एस.तोमर को रखा गया है ।

       मुरैना विकास खंड की ग्राम पंचायत जतवार का पुरा, रन्चौली,उरहाना,इमलिया,मुडियाखेड़ा कैथोदा और जींगनी के पंच पद हेतु नामांकन पत्र कार्यालय विकासखंड मुरैना में नायव तहसीलदार श्रीमती पुष्पा पुशाम द्वारा प्राप्त किये जायेगे । तहसीलदार श्री बी.पी.श्रीवास्तव रिटर्निंग ऑफीसर रहेंगे । कैलारस विकासखंड की ग्राम पंचायत खेड़ातोर, नेपरी और डमेजर के पंच पद हेतु नाम निर्देशन पत्र कार्यालय तहसील कैलारस में प्राप्त किये जायेंगे । इसके लिए डी.ई.ओ. श्री के.पी.श्रीवास को सहायक रिटर्निंग ऑफीसर और तहसीलदार श्री बी.आर.माहौर को रिटर्निंग आफीसर बनाया गया है । पहाडगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत विचपुरी,विशनोरी,खेड़ा,हुसेनपुर और तिन्दोखर के पंच पद हेतु नामांकन पत्र कार्यालय विकासखंड पहाड़गढ़ में सहायक रिटर्निग ऑफीसर एस.ए.डी.ओ.श्री एस.के तिवारी द्वारा प्राप्त किये जायेंगे । नायव तहसीलदार जौरा श्री जे.के.एस.गुर्जर को यहां का रिटर्निंग ऑफीसर बनाया गया है । रिजर्व सहायक रिटर्निंग ऑफीसर के रूप में प्र.पी.एस.ई.ओ. श्री राकेश श्रोत्रिय को रखा गया है । विकासखंड सबलगढ़ की ग्राम पंचायत रूपा का तोर के पंच पदहेतु विकासखंड कार्यालय सबलगढ में सहायक रिटर्निंग ऑफीसर सहकारिता विस्तार अधिकारी श्री रामकुमार शर्मा द्वारा नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किये जायेगे । नायव तहसीलदार श्री मोहन मिश्रा यहा के रिटर्निंग ऑफीसर रहेंगे ।

       सहायक रिटर्निंग ऑफीसर पंचायत चुनाव के लिए नियुक्त रिटर्निंग ऑफीसर के द्वारा सौंपे गये कृत्यों का संपादन करेंगे और रिटर्निंग ऑफीसर पंचायत राज अधिनियम एवं पंचायत निर्वाचन नियम के तहत स्वतंत्र निष्पक्ष व शांतिपूर्वक चुनाव सम्पन्न कराने के उत्तरदायी होंगे ।

 

पंचायत उप निर्वचन की सूचना जारी

पंचायत उप निर्वचन की सूचना जारी

 

मुरैना 21 मई07- राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मुरैना जिले में रिक्त हुए पंचायत पदों की पूर्ति हेतु उप निर्वाचन की सूचना का आज प्रकाशन कर दिया गया है । सूचना के प्रकाशन के साथ ही नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करना शुरू कर दिया गया है । नामांकन पत्र 28 मई को अपरान्ह 3 बजे तक प्राप्त किये जायेंगे ।

       कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आकाश त्रिपाठी ने बताया कि नाम निर्देशन पत्रों की जांच 29 मई को प्रात: 10.30 बजे से की जायेगी । नाम वापसी 31 मई को अपरान्ह 3 बजे तक हो सकेगी । नाम वापसी के तत्काल पश्चात निर्वाचन लड़ने वाले उम्मीदवारों की सूची निर्वाचन प्रतीकों सहित प्रकाशित की जायेगी । मतदान 12 जून को प्रात: 7 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक कराया जायेगा और मतदान के तुरंत पश्चात मतदान केन्द्रों पर मतगणना कराई जायेगी । सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणाम की घोषणा विकासखंड मुख्यालय पर 14 जून को की जायेगी ।

 

सोमवार, 21 मई 2007

अन्‍धाधुन्‍ध अधोषित बिजली कटौती से चम्‍बल में हाहाकार

अन्‍धाधुन्‍ध अधोषित बिजली कटौती से चम्‍बल में हाहाकार

  • मुरैना कलेक्‍टर भी फेल हुये बिजली नियंत्रण में
  • 36 घण्‍टे का जबरदस्‍त ब्‍लैक आउट
  • एक हफते से जारी बिजली समस्‍या केवल आधे शहर में
  • केवल आधा शहर डूबा रहता है अंधेरे में, कलेक्‍टर ने कहा हमें बताओ बिल कौन नहीं देता

मुरैना 17 मई 2007 । शिवराज सिंह की विदेश यात्रा के साथ ही चम्‍बलघाटी में जो खेल शुरू हुआ वह न केवल हैरत अंगेज और लाल फीताशाही का बेहतरीन उदाहरण है बल्कि आधी चम्‍बल में हाहा कार मच गया है । भीषण गर्मी और मच्‍छरों की मार से परेशान चम्‍बलवासीयों पर विद्युत वितरण कम्‍पनी का कहर मानो वज्र बन कर टूट पड़ा है । पहली बार ऐसा हुआ जब पिछले एक हफते से जारी दिन और रात की बिजली कटौती पूरे 36 घण्‍टे के नान स्‍टाप ब्‍लैक आउट में बदल जाये और जिले का कलेक्‍टर कहे कि उसे पता नहीं कि उसके जिले में बल्कि उसकी नाक के नीचे क्‍या हो रहा है ।

मजे की बात यह है कि बिजली वितरण कम्‍पनी के इस जलजले की शिकार केवल आधी चम्‍बल घाटी है और विशेषकर आधा मुरैना शहर ।

पिछले एक हफते से बिजली के अन्‍धाधुन्‍ध आने जाने से परेशान आधा मुरैना शहर के निवासी उस समय कराह उठे जब दिनांक 14 मई की रात 12 बजे गुल हुयी बिजली के दर्शन लोगों को 16 मई की रात 10 बजे तक नहीं हुये । ग्‍वालियर टाइम्‍स डॉट कॉम ने इस सम्‍बन्‍ध में रात 10 बजकर 7 मिनिट पर विद्युत वितरण कम्‍पनी के लोगों से टेलीफोन नंबर 232244 पर बात की वहीं मुरैना के कलेक्‍टर आकाश त्रिपाठी से इस सम्‍बन्‍ध में रात 10 बजकर 14 मिनिट पर 16 मई को बात की । लेकिन हैरत अंगेज और गैर जिम्‍मेवारी पूर्ण उत्‍तर सुन कर हम हेरत पड़ गये । आप भी देखिये इस बातचीत के अंश

बिजलीघर मुरैना रात 10-07 मिनिट

हैलो बिजली घर से

हॉं बिजली घर से बोल रहे हैं

भई ये गांधी कालोनी की बिजली क्‍यों बन्‍द कर रखी है

अभी पॉंच मिनिट में चालू हो जायेगी

ये बार बार हर पॉंच मिनिट बाद चालू करते हो फिर हर दस मिनिट बाद बार बार बन्‍द क्‍यों कर रहे हो

एक ट्रान्‍सफार्मर में आग लग रही है पूरन उसे बुझा रहा है

ये कौनसा ट्रान्‍सफार्मर है

ये पता नहीं लेकिन हमें कलेक्‍टर साहब ने कहा है कि गांधी कालोनी की लाइट बन्‍द रखो

हम कलेक्‍टर से बात करें

कर लो उनने तो बन्‍द ही करवाई है

36- 36 घण्‍टे

हॉं उनने कहा है सफां बन्‍द करके रखो

ठीक है मैं कलेक्‍टर से बात करता हूँ

 

मुरैना कलेक्‍टर आकाश त्रिपाठी से बातचीत

समय रात 10 बजकर 14 मिनिट फोन नंबर 223400

पहले स्‍टेनो फोन उठाता है

मैं नरेन्‍द्र सिंह तोमर आनन्‍द राष्‍ट्रीय जनता दल का मध्‍यप्रदेश का महा सचिव बोल रहा हूँ जरा कलेक्‍टर साहब से बात कराईये

लगभग पन्‍द्रह बीस मिनिट तक कॉल वैटिंग में रहती है फिर कलेक्‍टर साहब लाइन पर आते हैं

सर मैं नरेन्‍द्र सिंह तोमर बोल रहा हूँ राष्‍ट्रीय जनता दल से

जी बोलिये

सर एक समस्‍या है , यहॉं गांधी कालोनी में बिजली की बहुत समस्‍या है पिछले 36 घण्‍टे से यहॉं बिजली नहीं है , दिन रात अन्‍धाधुन्‍ध कटौती होती है लेकिन अब तो लगातार 36 घण्‍टे से बिजली नहीं है

क्‍या कोई ट्रान्‍सफार्मर फुंक गया है क्‍या

जी नहीं एवरी थिंग इज ओ.के. जान बूझ कर इण्‍टेशनली किया जा रहा है

वहॉं कितने लोग बिजली का बिल नहीं देते हैं

मैं अपनी बात बता सकता हूँ मैं नियमित बिल पिछले सन 1984 से दे रहा हूँ औरों की मुझे नहीं पता

तो फिर क्‍या बात हो सकती है फिर इण्‍टेशनली कैसे ऐसा किया जा सकता है

सर ये तो आप ही इनसे पूछें तो बेहतर होगा

आप भी तो कुछ बतायें कि ऐसा इण्‍टेशनली ये कैसे कर सकते हैं

खैर मैं देखता हूँ मैं ठीक कराता हूँ

जी थैंक्‍यू प्‍लीज देख लें सर गर्मी और मच्‍छरों से बहुत परेशानी हो रही है

इसके बाद बिजली दो मिनिट में आ जाती है और दस मिनिट बाद फिर चली जाती है

भईया यह जिक्र उस स्‍थान का है जो कि मध्‍यप्रदेश का सम्‍भागीय मुख्‍यालय है और कलेक्‍टर व कमिश्‍नर दोनों यहॉं बैठते हैं । धन्‍य  है प्रभु ।

खैर ग्‍वालियर टाइम्‍स डॉट कॉम ने एक स्‍थायी स्‍तम्‍भ बिजली कटौती पर प्रारंभ करने का निर्णय लिया है और ग्‍वालियर टाइम्‍स समूह की सभी 950 बेब साइटों पर म.प्र. की बिजली कटौती पर स्‍थायी स्‍तम्‍भ आगामी मध्‍यप्रदेश विधानसभा चुनावों तक निरन्‍तर जारी रहेगा ।   

 

रविवार, 20 मई 2007

आतंकवाद विरोधी दिवस 21 मई को

आतंकवाद विरोधी दिवस 21 मई को

भोपाल/ग्‍वालियर/मुरैना : 19 मई 2007

जिले में 21 मई को आतंकवाद विरोधी दिवस मनाया जायेगा। इस दिन दोपहर 11 बजे सभी शासकीय कार्यालयों में आतंकवाद विरोधी शपथ ली जायेगी तथा आतंकवाद पर परिचर्चा सेमीनार आदि के आयोजन भी होंगे।

आतंकवाद विरोधी दिवस मनाने का उद्देश्य यह दर्शाना है कि आतंकवाद राष्ट्रीय हितों के प्रतिकूल है तथा इसका उद्देश्य युवकों को आतंकवादी, हिंसावादी गतिविधियों से अलग करना है।

इस अवसर पर राज्य सरकार ने विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन करने के निर्देश दिये है। इसके अनुसार शिक्षण संस्थाओं में वाद विवाद, परिचर्चा आयोजित की जायेंगी। इसी प्रकार से आतंकवाद और हिंसा के खतरे के संबंध में परिचर्चा, सेमिनार, व्याख्यान आदि आयोजित किये जायेंगे। इसके अलावा सांस्कृतिक निकायों द्वारा व्याख्यानों, चर्चाओं, परिचर्चाओं, संगीत और कविता पाठ आदि के आयोजन होंगे। 21मई को राज्य सरकार के सभी कार्यालयों में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन 11 बजे से किया जायेगा

करह धाम में गौशाला के लिए भूमिपूजन

करह धाम में गौशाला के लिए भूमिपूजन

मुरैना 19 मई07- करहधाम आश्रम स्थित गौशाला टीन शेड का लोकार्पण एवं 10 लाख रूपये की लागत से बनाये जाने वाले नवीन गौशाला निर्माण के लिए भूमिपूजन मध्यप्रदेश गौपालन एवं संवर्धन बोर्ड के अध्यक्ष श्री मेघराज जैन के द्वारा सम्पन्न किया गया। जिसकी अध्यक्षता म.प्र. गौपाल एवं संवर्धन बोर्ड के सदस्य श्री पदम वरैया ने की । इस अवसर पर करहधाम आश्रम के साधू संत, ग्रामीणजन एवं उप संचालक पशु चिकित्सा विभाग एवं जिला गौपालन एवं संवर्धन के सचिव श्री शत्रुघन शर्मा श्री रामरतन दास जी गौ-सेवा समिति करह धाम आश्रम के विशंबर दयाल गुप्ता उपस्थित थे ।

       मुख्य अतिथि श्री मेघराज जैन ने बताया कि इस टीन शेड के निर्माण हेतु संस्था को 1 लाख 44 हजार 2 सौ रूपये की अनुदान राशि दी जा चुकी है । जिसमें टीन शेड निर्माण गौशाला में उपस्थित गायों के लिए चारा, पानी की होंदी, तथा वर्मीपिट आदि पर उक्त राशि का व्यय किया गया है । उन्होने आगे बताया कि जिस नवीन गौशाला के निर्माण हेतु भूमिपूजन किया गया है, उस पर लागत लगभग 10 लाख रूपये आयेगी ।

       श्री जैन ने कहाकि गौ-सेवा से कोई बड़ी सेवा नही है इसी बात को ध्यान में रखते हुए मध्यप्रदेश सरकार द्वारा गौवंश की रक्षा हेतु गौशालाओं को सरंक्षण दे रही है । उनके रहने खाने एवं पीने की तथा चिकित्सा सुविधायें दी जा रही है ।

 

 

दो पंचायत कर्मी पद से पृथक: ग्राम सहायक निलम्वित

दो पंचायत कर्मी पद से पृथक: ग्राम सहायक निलम्वित

 

मुरैना 19 मई07- कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने जलाभिषेक अभियान में कार्य प्रारंभ नहीं कराने और राशन कार्डों के वितरण में लापरवाही पाये जाने पर जौरा जनपद के दो पंचायत कर्मियों को पद से पृथक करने तथा एक ग्राम सहायक को निलम्वित कर दिया है ।

       उप संचालक पंचायत एवं सामाजिक न्याय श्री सुरेश बाबू कबीरपंथी के अनुसार जौरा जनपद की ग्राम पंचायत थरा के पंचायत कर्मी श्री भंवर सिंह रावत और ग्राम पंचायत गुढा आसन के पंचायत कर्मी श्री बैजनाथ कुशवाह को पद से पृथक करने तथा ग्राम पंचायत घुर्रा के ग्राम सहायक श्री जगदीश गोयल को जलाभिषेक अभियान में अनियमितता और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने के आरोप में निलम्वित करने के आदेश जारी किये गये हैं ।

 

हर ग्राम पंचायत में एक जल संरचना बने- त्रिपाठी

हर ग्राम पंचायत में एक जल संरचना बने- त्रिपाठी

कलेक्टर द्वारा जौरा जनपद में निर्माणाधीन स्टापडेमो का निरीक्षण

मुरैना 19 मई07- कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने गत दिवस जौरा जनपद के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर जलाभिषेक अभियान के अन्तर्गत निर्माणाधीन जल संरचनाओं का निरीक्षण किया तथा जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक जल सरंचना का निर्माण आवश्यक रूप से कराने के निर्देश दिये । उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर उपलब्ध सम्पूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना, मूलभूत और 12 वें वित्त आयोग की राशि को समाहित कर हर ग्राम पंचायत में एक जल संरचना का निर्माण अभियान के दौरान वर्षा से पहले आवश्यक रूप से पूर्ण कराया जाये । जलसरंचना का निर्माण नहीं करने वाली पंचायत के सरपंच और सचिव के विरूध्द कार्रवाई की जायेगी ।

       जौरा जनपद की ग्राम पंचायत सांटा में भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने 90 हजार रूपये की लागत से निर्माणाधीन स्टापडेम का निरीक्षण किया । इसमें 5 फीट नींव की खुदाई हो चुकी है तथा खंडा भराई का कार्य प्रगति पर है । इसी प्रकार गलेथा में 99 हजार रूपये और छैरा में 85 हजार रूपये की लागत से स्टापडेम बनवाये जा रहे है । ग्राम पंचायत विलगांव चौधरी में 12-12 हजार रूपये की लागत से पुलिया के नीचे पानी रोकने हेतु सरंचनाये बनाई जा रही है । कलेक्टर ने जलसरंचनाओं के स्थल चयन और कार्य प्रारंभ पर संतोष व्यक्त किया तथा इसी तरह के कार्य जिले की हर ग्राम पंचायत में कराने की ताकीद की ।

       भ्रमण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत जौरा श्री राजीव मिश्रा ने बताया कि जनपद की 71ग्राम पंचायतों में से 55 में जलाभिषेक के कार्य प्रारंभ कराये जा चुके हैं । ग्राम पंचायत अटा में 80 हजार रूपये के व्यय से स्टापडेम निर्मित भी कराया जा चुका है । शेष ग्राम पंचायतों में भी कार्य प्रारंभ कराने के प्रयास किये जा रहे हैं ।