रविवार, 13 जुलाई 2008

चार सहायक शिक्षक निलम्वित

चार सहायक शिक्षक निलम्वित

मुरैना 11 जुलाई 08/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रामकिंकर गुप्ता ने निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में चार सहायक शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलम्वित कर दिया है । निलम्वन अवधि में इनका मुख्यालय तहसील कार्यालय अम्बाह रहेगा ।

       उल्लेखित है कि सहायक शिक्षक कुथियाना श्री पवन शर्मा की मतदान केन्द्र क्रमांक 9 माध्यमिक विद्यालय कुथियाना, सहायक शिक्षक कुथियाना श्री बलवीर शर्मा की मतदान केन्द्र क्रमांक 8 प्राथमिक विद्यालय कुथियाना, सहायक शिक्षक चांदपुर श्री जगदीश सिंह यादव की मतदान केन्द्र क्रमांक 31 प्राथमिक विद्यालय चांदपुर और सहायक शिक्षक चांदपुर श्री धर्मवीर सिंह तोमर की मतदान केन्द्र क्रमांक 32 माध्यमिक विद्यालय चांदपुर पर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य के अंतर्गत दावे आपत्तियां प्राप्त करने हेतु बी एल ओ के रूप में डयूटी लगाई गई थी । एस डी ओ के निरीक्षण के दौरान उक्त सभी बी एल ओ मतदान केन्द्र पर अनुपस्थित पाये गये ।

       कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी एवं रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अम्बाह के निरीक्षण प्रतिवेदन के आधार पर उक्त सहायक शिक्षकों कोर् कत्तव्य निर्वहन में लापरवाही और निर्वाचन कार्य में रूचि नहीं लेने के कारण तत्काल प्रभाव से निलम्वित कर दिया है ।

 

पुलिस मुठभेड़ की जांच के लिए साक्ष्य 21 जुलाई तक आमंत्रित

पुलिस मुठभेड़ की जांच के लिए साक्ष्य 21 जुलाई तक आमंत्रित

मुरैना 11 जुलाई 08/ जिले के थाना पहाडगढ क्षेत्र के अन्तर्गत 13 जून 08 को सांकरे के मोड पहाडगढ कन्हार रोड पर पुलिस मुठभेड में फरारी इनामी बदमाश विकास ऊर्फ कल्ला पुत्र धीरसिंह सिकरवार के धराशायी होने के कारणों की मजिस्ट्रियल जांच जिला दंडाधिकारी श्री रामकिंकरगुप्ता के आदेशानुसार अपर जिला दंडाधिकारी श्री उपेन्द्र नाथ शर्मा द्वारा की जा रही है ।

       जांच अधिकारी द्वारा उक्त घटना के संबंध में 21जुलाई तक साक्ष्य आंमत्रित किये गये हैं । उक्त घटना के संबंध में जानकारी रखने वाले व्यक्ति अपने साक्ष्य अथवा लिखित प्रमाण और कथन 21 जुलाई तक अपर कलेक्टर के मुरैना स्थित न्यायालय में उपस्थित होकर प्रस्तुत कर सकते हैं । निर्धारित अवधि के पश्चात प्राप्त किसी भी साक्ष्य अथवा प्रमाण पर विचार नहीं किया जायेगा ।

 

45 फौती एवं वृध्दों के वारिसों को शस्त्र लायसेंस स्वीकृत

45 फौती एवं वृध्दों के वारिसों को शस्त्र लायसेंस स्वीकृत

 

मुरैना 11 जुलाई 08/ जिला दंडाधिकारी श्री रामकिंकर गुप्ता ने कार्यालय में फौती एवं वृध्दों के वारिसों को शस्त्र हस्तांतरण हेतु लम्वित 45 आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कर शस्त्र लायसेंस स्वीकृत किये हैं । समस्त आवेदकों से अपेक्षा की गई है कि वे तत्काल जिला कलेक्टर कार्यालय की शस्त्र शाखा में आकर अपना लायसेंस प्राप्त करें ।

       ग्राम धन्नू का पुरा निवासी श्री कमलेश सिंह, चचिहा के श्री दिनेश कुमार दुवे, रामपुर के श्री देवहंस सिंह, तरसमा के श्री रामवीर सिंह तोमर, छोटू पुरा अम्बाह के श्री सुरेश, विण्डवा चम्बल के श्री वृजेश सिंह तोमर, मदावली नगरा के श्री अनिलसिंह, तरसमा के श्री सीताराम सिंह तोमर, अकोले का पुरा के श्री परिपाल सिंह, परदू का पुरा के श्री देशराज सिंह, आमलीपुरा के श्री नत्थीलाल शर्मा, खल्लका पुरा के श्री उदलसिंह जाटव, वड़ापुरा के श्री जीवनसिंह तोमर, शेरपुरा के श्री हरप्रसाद, विजयगढ के श्री गिर्राज शर्मा, शेरपुरा के श्री लालसिंह, सांठो के श्री प्रमोद शुक्ला, बुधारा के श्री इन्द्रपाल, पोरसा के श्री श्याम सुन्दर शर्मा, सबसुख का पुरा के श्री सुदामासिंह तोमर, नदोल का पुरा के श्री धर्मेन्द्र सिंह तोमर, कुअरपुरा के श्री पुत्तूसिंह सखवार, वल्लू का पुरा के श्री जितेन्द्र सिंह तोमर, बडापुरा के श्री मुकेश शर्मा, रतनवसई के श्री जगदीश सिंह तोमर, भजन का पुरा के श्री सुनील शर्मा, जनकपुर के श्री श्यामवीर सिंह तोमर, मिश्रानगर अम्बाह के श्री अशोक कुमार श्रीवास्तव, सेरिया पुरा के श्री विनोद सिंह तोमर, बडफरा के श्री रामकुमार शर्मा, सारसी के श्री सुभाष लाल जाटव,भिडोसा के श्री शिवराजसिंह तोमर, भोलाराम का पुरा के श्री आदिराम, बढफरा के श्री रूपुसूदनसिंह तोमर, रथोल का पुरा के श्री धर्मेन्द्र सिंह गुर्जर, भीमसेन का पुरा के श्री अनिल सिंह तोमर, चांदपुर के श्री राजकिशोर शर्मा, मिश्ररन का पुरा के श्री बनवारी लाल शर्मा, भिडोसा के श्री राधेश्याम शर्मा, दहगांव के श्री विनोद सिंह तोमर और श्री शत्रुहन सिंह परिहार, कसमढा के श्री संजय शर्मा, गोदूपुरा के श्री गोरेलाल कुशवाह, थरा के श्री कुलदीपसिंह तोमर और जडेरूआ का पुरा के श्री घनश्याम तोमर को शस्त्र लायसेंस हस्तांतरण के प्रकरण स्वीकृत किये गये हैं ।

 

कलेक्टर कान्फ्रेंस 21 जुलाई को

कलेक्टर कान्फ्रेंस 21 जुलाई को

मुरैना 11 जुलाई 08/ संभागायुक्त श्री एस.डी.अग्रवाल की अध्यक्षता में 21 जुलाई को पूर्वान्ह 11.30 बजे कलेक्टर कान्फ्रेंस आयोजित की गई है । चम्बल भवन में आयोजित इस बैठक में मुरैना, भिण्ड और श्योपुर के कलेक्टर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत और समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व उपस्थित रहेंगे । बैठक में राजस्व एवं विकास कार्यों की समीक्षा की जायेगी । कलेक्टर कान्फ्रेंस के उपरांत 21 जुलाई को अपरान्ह 3 बजे आपदा प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की जायेगी ।

 

शुक्रवार, 11 जुलाई 2008

केन्द्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं के पालकों से अपील

केन्द्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं के पालकों से अपील

मुरैना 10 जुलाई 08/ मौसम में आये बदलाव को देखते हुए केन्द्रीय विद्यालय के प्राचार्य द्वारा अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के पालकगणों से अपील की है कि अगर छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य थोडा भी खराब होता है तो वे बच्चों को विद्यालय न भेजे, क्यों कि विद्यालय के नजदीक चिकित्सा सुविधा और यातायात की उचित व्यवस्था उपलब्ध न होने के कारण छात्र-छात्राओं का प्राथमिक उपचार ठीक समय पर उपलब्ध नहीं कर सकते है । ऐसी परिस्थितियों में उन्हें अध्ययनरत छात्राओं को जिला चिकित्सालय तक लाने में काफी असुविधा होती है । ऐसी स्थिति में छात्र-छात्रायें विद्यालय में नहीं आते हैं, तो पालकगण विद्यालय को अवश्य सूचित करें ।

 

शहरी क्षेत्रों में कैरोसिन का वितरण आज से

शहरी क्षेत्रों में कैरोसिन का वितरण आज से

मुरैना 10 जुलाई 2008 // सार्वजनिक वितरण व्यवस्था के अन्तर्गत शहरी क्षेत्र में कैरोसिन का वितरण जुलाई माह में 11, 12 और 13 तारीख को निर्धारित स्थानों पर किया जायेगा । एक हजार से अधिक कार्ड वाली दुकानों से 14 तारीख को भी कैरोसिन का वितरण किया जाएगा । प्रत्येक कार्ड पर चार लीटर के मान से कैरोसिन प्रदाय किया जायेगा।

       मुरैना नगर में आई टी आई प्रागंण फाटक बाहर से बार्ड क्रमांक 1 और 2 के उपभोक्ताओं को 11, 12, 13 और 14 जुलाई तथा वार्ड क्रमांक 3 से 6 तक के उपभोक्ताओं को 11, 12 और 13 जुलाई को कैरोसिन वितरित किया जायेगा । इसी प्रकार नगर पालिका कार्यालय के पीछे मुरैना से वार्ड क्रमांक 14 एवं 9 के उपभोक्ताओं को 11, 12 , 13 और 14 जुलाई तथा वार्ड क्रमांक 7 ,8 और 10 से 13 एवं 15, 16 और 19 से 29 तक के उपभोक्ताओं को 11, 12 और 13 जुलाई को कैरोसिन प्रदाय किया जायेगा । टाउन हॉल जीवाजी गंज मुरैना से वार्ड क्रमांक 30, 32,37,38 और 39 के उपभोक्ताओं को 11, 12, 13 और 14 जुलाई को तथा वार्ड क्रमांक 17, 18, 31, 33 , 34, 35 और 36 के उपभोक्ताओं को 11, 12 और 13 जुलाई को प्रात: 9 बजे से सांय 5 बजे तक केरोसिन का वितरण किया जायेगा ।

       नगर पोरसा के उपभोक्ताओं को पुलिस थाना परिसर पोरसा से, नगर अम्बाह के उपभोक्ताओं को पुलिस थाना परिसर अम्बाह से, नगर बामोर के उपभोक्ताओं को नगर पालिका परिसर बामौर से, नगर जौरा के उपभोक्ताओं को अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय प्रांगण जौरा से, नगर कैलारस के उपभोक्ताओं को जनपद कार्यालय प्रागंण तहसील कैलारस से तथा नगर सबलगढ़ के उपभोक्ताओं को पुलिस थाना परिसर तहसील सबलगढ़ से 11, 12 और 13 जुलाई को कैरोसिन वितरित किया जायेगा।

 

920 हेक्टेयर में होगा ऊर्जावन और चारागाह विकास: 78 लाख रूपये मंजूर

920 हेक्टेयर में होगा ऊर्जावन और चारागाह विकास:  78 लाख रूपये मंजूर

मुरैना 10 जुलाई 08/ कलेक्टर एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक श्री रामकिंकर गुप्ता ने वन मंडलाधिकारी की तकनीकी स्वीकृति के आधार पर जिले के 920 हेक्टेयर क्षेत्र में राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी स्कीम म.प्र. के अंतर्गत ऊर्जावन और चारागाह विकास हेतु 77 लाख 97 हजार 821 रूपये की स्वीकृति प्रदान की है ।

       प्रशासकीय स्वीकृति के अनुसार 65 लाख 75 हजार 207 रूपये अकुशल श्रम पर , 5 लाख 36 हजार 275 रूपये सामग्री पर तथा 6 लाख 86 हजार 329 रूपये अन्य कार्यों पर व्यय किये जायेंगे । स्वीकृत राशि में से 74 लाख 92 हजार 179 रूपये केंद्रांश से और 3 लाख 05 हजार 642 रूपये राज्यांश से समायोजित किये गये हैं । इन कार्यों पर 77 हजार 503 मानव दिवस रोजगार के सृजन का लक्ष्य हैं ।

       सबलगढ़ जनपद की ग्राम पंचायत बधरेंटा, टेंटरा , जबहार गढ़, धरसोला, कैमारा कलां, अनधोरा, बेरखेड़ा, रामपहाड़ी, खोह, मांगरोल, गोवरा और कैमारा में 360 हेक्टेयर क्षेत्र में ऊर्जा वन और चारागाह विकास, कैलारस जनपद की ग्राम पंचायत पनिहारी, ठाठीपुरा , गोल्हारी में 180 हेक्टेयर में ऊर्जावन और चारागाह तथा पहाडगढ़ जनपद की ग्राम पंचायत कन्हार, मरा, मानपुर, धोवनी, कहारपुरा, मनोहरपुरा, टिकटोली , बहराई, जडेरू, उदुआपुरा और पहाडगढ़ में 380 हेक्टेयर में ऊर्जावन और चारागाह विकास के कार्य स्वीकृत किये गये हैं । कार्य की क्रियान्वयन एजेंसी उप वन मंडलाधिकारी सबलगढ़ रहेगी ।

       स्वीकृत कार्य पर मजदूरों द्वारा किये जा सकने वाले कार्यों में मशीनों का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा । मजदूरी का भुगतान जॉव कार्डधारी मजदूर को बैंक खाते के माध्यम से किया जायेगा। कार्य स्थल पर क्रियान्वन एजेंसी को मजदूरों के लिए पीने का स्वच्छ पानी, फर्स्ट एड किट, छाया की व्यवस्था के साथ ही 6 वर्ष से कम से आयु के पांच से अधिक बच्चों पर झूलाघर की स्थापना और बच्चों की देखरेख हेतु एक महिला की नियुक्ति की जानी होगी । निर्माण स्थल पर कार्य की जानकारी सूचना पटल पर प्रदर्शित करना होगी । कार्य का सामाजिक अंकेक्षण ग्राम सभा के माध्यम से किया जायेगा ।