शनिवार, 19 मई 2007

कोल्डचैन प्रशिक्षण कार्यशाला सम्पन्न

पल्स पोलियो अभियान

कोल्डचैन प्रशिक्षण कार्यशाला सम्पन्न

मुरैना 17 मइ07- जिला चिकित्सालय मुरैना परिसर में राज्य कोल्ड चैन अधिकारी श्री वी के श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कोल्ड चेैन प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया । जिसमें मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला टीकाकरण अधिकारी, श्री एस.डी.सक्सेना, कार्यालय संभागीय संयुक्त संचालक, ग्वालियर श्री विजय सिंह, कोल्ड चैन मैकेनिक, कर्मचारियों आदि लोगों ने भाग लिया । आगामी रविवार 20 मई को पल्स पोलियों अभियान को ध्यान में रखते हुए राज्य कोल्ड चैन अधिकारी श्री श्रीवास्तव द्वारा निर्देशित किया गया है कि इस समय गर्मी की अधिकता के कारण यह आवश्यक है कि कोल्ड चैन की निरंतरता बनाये रखने के लिए उसका तापमान स्थिर रखा जाए । वैक्सीन रखरखाव एवं भंडारण करने वाले कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया जिसमें कोल्ड चैन के तापमान को स्थिर रखने की विधि की जानकारी दी गई । उन्होंने यह भी बताया कि गर्मी अधिक होने के कारण बाइल को अधिक समय तक बाहर न रखा जाए तथा उपयोग करने के बाद तुरंत बाक्स में वापस रख देना चाहिये । उन्होंने पोलियों के अतिरिक्त अन्य वैक्सीन के रखरखाव एवं भंडारण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी । प्रशिक्षित कर्मचारी ब्लाक में जाकर अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी प्रशिक्षण देवें । डॉ. गजेन्द्र सिंह तोमर, जिला टीकाकरण अधिकारी द्वारा सभी प्रतिभागियों को टीकाकरण के संबंधित दिशा निर्देश दिये गये ।

       अंत में डॉ. एच.एस.शर्मा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने आभार व्यक्त किया ।

 

साधना को 50 हजार रूपये की सहायता

साधना को 50 हजार रूपये की सहायता

मुरैना 17 मई07- कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने तहसील पोरसा के ग्राम रोरियापुरा निवासी श्रीमती साधना तोमर को राजस्व पुस्तक परिपत्र के प्रावधानों के अन्तर्गत 50 हजार रूपये की सहायता राशि स्वीकृत की है । श्रीमती साधना तोमर के पति श्री राजेश सिंह की 26 नवम्बर 2005 को सर्पदंश के कारण मृत्यु हो गई थी । हितग्राही को यह सहायता तहसीलदार पोरसा और अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अम्बाह की अनुशंसा के आधार पर स्वीकृत की गई है । तहसीलदार पोरसा को स्वीकृत राशि का आहरण कर संबंधित को वितरण करने के निर्देश दिए गये है ।

 

लू से बचाव की सलाह

लू से बचाव की सलाह

 

मुरैना 17 मई 07- गर्मी के मौसम में लू चलने से मानव शरीर में नमक और पानी की मात्रा कम हो जाती है । जिसके कारण लू- तापघात होने की संभावना बढ़ जाती है । मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. एच.एस.शर्मा के अनुसार लू -तापघात होने पर सिरदर्द, थकावट, अत्याधिक प्यास लगना, बहुत तेज बुखार, मुंह लाल हो जाना, पसीना बन्द हो जाना और बेहोशी के लक्षण प्रकट होते हैं ।

       मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शर्मा ने नागरिकों को लू से बचाव की सलाह देते हुए कहा है कि लू-तापघात से बचने के लिए छायादार ठण्डे स्थान पर रहें, घर से भूखे पेट बाहर नहीं निकले, ताजा भोजन करें और छाछ, शिंकजी,प्याज पोदीना और कच्चे आम कैरी के पना अन्य शीतल पेय पदार्थो का सेवन करें । धूप में छाता लेकर निकलें, सिर व गर्दन को सूती कपड़े से ढंक कर रखें, बासी भोजन, चाट मिठाई का सेवन नहीं करें ।

       लू- लगने पर रोगी को तत्काल छायादार व ठण्डे स्थान पर लिटायें, जीवन रक्षक घोल (ओ आर एस) नमक शक्कर नीवू की शिंकजी, कच्चे आम का पना का अधिक मात्रा में सेवन करायें । आवश्यकता पड़ने पर तत्काल नजदीक के किसी चिकित्सालय अथवा स्वास्थ्य केन्द्र में रोगी को दिखाकर डाक्टर के परामर्श अनुसार उपचार करायें ।

 

टीम लीडरों की बैठक आज

टीम लीडरों की बैठक आज

मुरैना 17 मई07- कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी की अध्यक्षता में 18 मई को अपरान्ह 3 बजे डेरा डालो अभियान के लिए गठित टीम के प्रभारियों की बैठक आयोजित की गई है । कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित इस बैठक में डेरा डालो अभियान के तहत संचालित गतिविधियों की समीक्षा की जायेगी ।

 

6 नलकूप अधिग्रहित

6 नलकूप अधिग्रहित

मुरैना 17 मई07- कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने मध्यप्रदेश पेयजल परिरक्षण अधिनियम के प्रावधानों के तहत एक आदेश जारी कर 6 नलकूपों को तत्काल प्रभाव से 30 जून 2007 तक के लिए अस्थाई रूप से अधिग्रहण कर लिया है । अधिग्रहित जलश्रोतों की आवश्यकता पड़ने पर उपरोक्त अवधि अतिरिक्त आगामी दो माहों तक के लिए बढाई जा सकेगी ।

       पहाड़गढ़ और कैलारस विकास खंड के जल अभाव ग्रस्त क्षेत्र में स्थित उक्त 6 नलकूपों को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सबलगढ़ और सहायक यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी उपखंड सबलगढ़ के प्रस्ताव अनुसार अधिग्रहण किये गये हैं ।

       विकास खंड पहाड़गढ के ग्राम रामनगर (मानपुर) और रामनगर में स्थित श्री नवलसिंह पुत्र श्री देवीसिंह गुर्जर के दो नलकूप तथा कैलारस विकास खंड के ग्राम सांईपुरा और भीलमपुर में स्थित श्री राजेन्द्र प्रसाद कुशवाह पुत्र श्री हीरा कुशवाह के दो नलकूप एवं ग्राम महेवा में श्री चिरोंजीलाल रावत और ग्राम महेवा का पुरा में श्री खेमचन्द्र पुत्र श्री किशनचन्द्र रावत के नलकूप अधिग्रहित किये गये हैं ।

       नलकूप के स्वामियों को घरेलू प्रयोजन के लिए जल की पर्याप्त मात्रा का प्रदाय जारी रहेगा जल श्रोतों के स्वामी को अधिग्रहण के प्रत्येक माह के लिए जल श्रोत विकास और समस्त संबधित अधोसंरचना के चालू बाजार मूल्य के दो प्रतिशत के बराबर किराये का भुगतान किया जायेगा। किराये का निर्धारण लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग मुरैना द्वारा किया जायेगा, जो श्रोत के स्वामियों को मान्य होगा विभाग द्वारा उपयोग किये गये जल हेतु विद्युत डीजल का भुगतान विभाग द्वारा किया जायेगा अधिग्रहण की कालावधि के लिए जल प्रदाय से संबंधित मशीनरी के प्रचालन और संधारण के समस्त व्यय को वहन करने की जिम्मेदारी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की रहेगी

 

कल 20 मई को पिलाई जाएगी पोलियो रोधी दवा

कल 20 मई को पिलाई जाएगी पोलियो रोधी दवा

मुरैना 16 मई07- पल्स पोलियो अभियान के अन्तर्गत 20 मई 2007 को 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी

       मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार मुरैना जिले में पोलियो अभियान के सफलता पूर्वक संचालन हेतु टाइप के कुल बूथ 128 तथा बी टाइप के बूथ 1981, सी टाइप के 110, ट्राजिंट बूथ 95, मोबाइल टीम 41, कुल टीम 2476 जिन पर 4948 कार्यकर्ता तैनात किये गये हैं तथा टीमों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु 257 सुपरवाईजर एवं सेक्टर चिकित्सकों को तैनात किया गया है ।

       कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने जिले के समस्त संबंधित अधिकारियों को पोलियो अभियान के सफलता पूर्वक संचालन हेतु निर्देश जारी कर दिये गये है साथ ही समस्त नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि पोलियों अभियान को सफल बनाने हेतु 20 मई को अपने समस्त 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो बूथ पर पोलियो रोधी दवा अवश्य पिलावें । मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला मुरैना ने समस्त चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी, जिनकी डयूटी पल्स पोलियो अभियान में लगाई गई है, अपनी जिम्मेदारी एवं निष्ठा के साथ कार्य करेें । यदि किसी कर्मचारी एवं अधिकारी द्वारा लापरवाही बरती जाती है तो उनके खिलाफ दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी । जन प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्यों, पालक गणों से 20 मई 2007 को अपने एवं क्षेत्र के 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने हेतु अनुरोध किया गया है ।