सोमवार, 18 अगस्त 2008

सिंधिया ने मुरैना डाकघर को मॉडल डाकघर के रूप में लोकार्पित किया

सिंधिया ने मुरैना डाकघर को मॉडल डाकघर के रूप में लोकार्पित किया

 

मुरैना 17 अगस्‍त 08, केन्‍द्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगकी राज्‍य मंत्री श्रीमंत ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया ने आज यहॉं मुरैना के प्रधान डाकघर को मॉडल डाकघर के रूप में जनता को लोकार्पित किया । इस अवसर पर श्रीमंत सिंधिया ने अपने हाथों से डाक कर्मियों को नयी आधुनिक वर्दी पहनाई और आधुनिक बैग सौंपे । इस अवसर पर मुख्‍य पोस्‍ट मास्‍टर जनरल सुश्री कल्‍पना तिवारी श्रीमंत सिंधिया के साथ थीं । श्रीमंत सिंधिया के इस लोकार्पण कार्यक्रम में सभी डाक कर्मी अत्‍याधुनिक वर्दी में सुसज्जित थे । और टाई लगाये थे । श्रीमंत सिंधिया ने चम्‍बल के पानी को मीठा भी और नमकीन भी बताते हुये कहा कि उन्‍होनें इस नवीन मॉडल डाकघर परियोजना को प्रोजेक्‍ट एरो के तहत चम्‍बल घाटी से म.प्र. में शुरू किया है, मुरैना से मेरा आत्‍मीय लगाव है और मुरैना से प्रारंभ हुयी चीज स्‍वत: ही विश्‍व भर में फैल जाती है ऐसा मेरा विश्‍वास है । श्रीमंत सिंधिया ने कहा कि वे मुरैना को एक अत्‍याधुनिक नवीन डाकघर सौंप जा रहे हैं, अब इसकी हिफाजत और इसका स्‍तर बनाये रखना यहॉं के लोगों की जिम्‍मेवारी है । अब हमने मुरैना को इस परियोजना के तहत केवल भारत देश से ही नहीं सम्‍पूर्ण विश्‍व से जोड़ दिया है । और अब चम्‍बल सारे विश्‍व से इसके साथ ही जुड़ गयी है । उल्‍लेखनीय है कि देश भर में 500 मॉडल डाकघर खोले जाने हें, जिसमें अभी प्रथम चरण में केवल 50 डाकघर ही मॉडल डाकघर में तब्‍दील किये जा रहे हें जिसमें म.प्र. में 8 हैं और इस परियोजना की म.प्र. में शुरूआत मुरैना के डाकघर से हुयी है । मुरैना के डाकघर का जहॉं कायाकल्‍प हो गया है, वही अब यहॉं हर सुविधा पूर्णत: कम्‍प्‍यूटराइज्‍ड व इण्‍टरनेट युक्‍त होकर सूचना प्रौद्योगिकी के अत्‍याधुनिक केन्‍द्र के रूप में विकसित की गयी है । मुरैना डाकघर के कर्मचारी और डाकिये अब नई वर्दी और नये लुक में टाई लगाये कल से दिखेंगें । वहीं अब डाकघर में सूचना प्रौद्योगिकी की अत्‍याधुनिक सुविधायें भी उपलब्‍ध होंगीं । श्रीमंत सिंधिया के इस अवसर पर दिये गये प्ररणदायी व ओजस्‍वी भाषण का वीडियो हम वेब साइट पर मूलत: प्रसारित कर रहे हैं । कृपया हमारी वेबसाइट www.gwaliortimes.com  के वीडियो सेक्‍शन में देखें । मुरैना में भारी बिजली कटौती के चलते हमारी चाहत के बावजूद यह समाचार वक्‍त पर और पूरा नहीं दे पा रहे हैं इसका हमें खेद है ।      

 

कलेक्‍टर के बंगले के सामने इण्डिका सवार ने मोटर साकिल सवार को रौंदा

कलेक्‍टर के बंगले के सामने इण्डिका सवार ने मोटर साकिल सवार को रौंदा

 

मुरैना 18 अगस्‍त 08, देर रात हुयी एक सड़क दुर्घटना में आज शहर के ऐन बींचों बीच मुरैना कलेक्‍टर के बंगले के सामने एक मोटर साइकिल सवार को एक इण्डिका कार ने रौंद दिया ।

घायल मोटर साइकिल सवार को ग्‍वालियर टाइम्‍स की टीम ने अस्‍पताल में भर्ती कराया ।

उल्‍लेखनीय है कि ग्राम मीरपुर निवासी हरिजन युवक रिंकू पुत्र ईश्‍वर लाल बरोलिया अपनी मोटर साकिल से शहर मुरैना के उत्‍तमपुरा में एक तेरहवीं भोज में न्‍यौता खाने आया था, और देर रात करीब 11 बजे वापस अपने घर जा रहा था, वह कलेक्‍टर बंगले के सामने पहुँचा ही था कि अचानक तेजी से और लहराती हुयी आती एक इण्डिका कार जिसका क्रमांक MP 06 CA 241 था के चालक ने मोटर साइकिल में टक्‍कर मार कर उस पर सवार रिंकू को रौदती घसीटती निकल गयी । जिससे रिंकू की मोटर साइकिल चकनाचूर हो गयी और रिंकू स्‍वयं बुरी तरह घायल हो गया ।

मौके पर गुजर रहे ग्‍वालियर टाइम्‍स के संवाददाताओं ने जब यह हादसा देखा तो रिंकू को तुरन्‍त ही जिला चिकित्‍सालय मुरैना में उठा कर भर्ती कराया । चिकित्‍सकों द्वारा तुरन्‍त रिंकू का उपचार प्रारंभ किया और उसके सिर में गंभीर चोट होना बताया फिलहाल उसके पॉंच टांके सिर में और हाथ पॉंव कुचल कर घायल हो गये हैं, जिनका उपचार जारी था ।

 

अंचल में भारी वारिश से मुरैना शहर में छ: घण्‍टे तक आयी बाढ़

अंचल में भारी वारिश से मुरैना शहर में छ: घण्‍टे तक आयी बाढ़

मुरैना 18 अगस्‍त 08, कल 17 अगस्‍त को अचानक हुयी भारी वारिश ने लगभग ढाई तीन घण्‍टे तक जम कर शहर को तर बतर कर गलियों मोहल्‍लों को जलमग्‍न कर दिया ।

भारी वारिश से शहर मुरैना की मुख्‍य सड़क के अलावा गलियों मोहल्‍लों में बाढ़ आ गयी जिससे समूचा जन जीवन अस्‍त व्‍यस्‍त हो गया ।

लगभग छ: घण्‍टे तक शहर में बाढ़ बनी रहने के बाद जब पानी उतर कर गर्त में गया तब जाकर शहर वासीयों को राहत की सांस मिली ।

उल्‍लेखनीय है कि सीवर लाइन परियोजना अधूरी होने से शहर के एक नाले का ड्रेनेज सिस्‍टम चोक पड़ा है जिससे अब केवल एक अन्‍य नाला ही शहर का सारा पानी ढो कर बाहर ले जाता है जो अपनी क्षमता से अधिक जल मल दवाब होने पर दम तोड़ कर चोक हो जाता है । ऊपर से शहर में पॉलीथिन का भारी उपयोग होने से शहर की नालीयां व नाले स्‍वत: ही जाम हो जाते हैं । परिणामस्‍वरूप ऐसी भयावह परिस्थितियां निर्मित हो जातीं हैं ।

यह खैर रही कि 17 अगस्‍त को महज ढाई तीन घण्‍टे लगातार वारिश गिर कर थम गयी अन्‍यथा यदि दो घण्‍टे और वारिश इसी तरह बरसती रहती तो शहर के 70 फीसदी घरों में पानी घुस जाता और भिण्‍ड जैसे हालात निर्मित हो जाते । क्‍योंकि मुरैना के अधिकांश घरों की कुर्सी भराई (प्लिन्‍थ लेवल) बहुत नीची और खतरनाक है ।

हालांकि आज रात भर भी रह रह कर पानी गिरता रहा लेकिन रूक रूक कर पानी गिरना शहर के लिये खतरनाक नहीं है, बल्कि लगातार वारिश कईयों के लिये जान और माल हेतु खतरनाक सिद्ध हो सकती है ।      

 

 

रविवार को बिजली ने बरपाया कहर देर रात तक कटी बिजली

रविवार को बिजली ने बरपाया कहर देर रात तक कटी बिजली

मुरैना 18 अगस्‍त 08, कल रविवार 17 अगस्‍त को सुबह बिजली ने साढ़े छ: बजे से कटौती काण्‍ड प्रारंभ किया, उसके बाद शाम 5 बजे के बाद तो मुरैना शहर सम्‍भागीय मुख्‍यालय पर बिजली कटौती ने कोहराम मचा दिया ।

लगभग औसतन हर बीस मिनिट बाद बिजली कटती रही और रात को डेढ़ बजे से दो बजे तक बिजली कटने के बाद ही यह सिलसिला थमा । 

 

साढे सत्रह लाख रूपये के निर्माण कार्यों का भूमि पूजन

साढे सत्रह लाख रूपये के निर्माण कार्यों का भूमि पूजन

मुरैना 17 अगस्त 08 / पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री रूस्तम सिंह ने गुरूवार को मुरैना जनपद के विभिन्न ग्रामों में पहुंच कर 17 लाख 38 हजार रूपये के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमि पूजन किया । इस अवसर पर कालीचरण कुशवाह, गंगाप्रसाद मावई, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभय वर्मा, तहसीलदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी  मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मुरैना के श्री शिवप्रसाद, मध्यान्ह भोजन निगरानी समिति के सदस्य श्री संजय दण्डोतिया, रामबीर, कुलदीप, गजेन्द्र, गणमान्य नागरिक सहित ग्रामीण जन उपस्थित थे ।

       पंचायत मंत्री श्री सिंह ने ग्राम सेवा में 3 लाख 98 हजार रूपये, चक पारोली में 3 लाख रूपये, खासराम के पुरा में 3 लाख, धनेला में 5 लाख , रूपये के सी.सी. खरंजा निर्माण कार्यों का भूमि पूजन किया और भूराडांडा में 2 लाख 40 हजार रूपये के आंगनवाड़ी भवन का भूमि पूजन किया । श्री सिंह ने कहा कि निर्माण कार्यों का निर्माण कार्य समय-सीमा और गुणवत्ता के साथ हो । इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी । भ्रमण के समय प्राप्त आवेदन पत्रों का पंचायत मंत्री श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निराकृत करने के निर्देश दिये और कहा कि ये आवेदनों का निराकरण शीघ्र किया जाये । जिसमें बी.पी.एल. सामाजिक सुरक्षा पेंशन, ट्रायसाइकिल से संबंधित आवेदन मुख्य रूप से थे।

       पंचायत मंत्री श्री सिंह ने ग्राम सेवा में 2 लाख 50 हजार रूपये से विद्युत व्यवस्था सुधारने और चक पारोली में दो पुराने तालाबों का जीर्णोध्दार करने का आश्वासन दिया ।

 

मुख्यमंत्री का अम्बाह का भ्रमण कार्यक्रम स्थगित

मुख्यमंत्री का अम्बाह का भ्रमण कार्यक्रम स्थगित

मुरैना 17 अगस्त 08/ प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का 18 अगस्त का मुरैना जिले के अम्बाह का भ्रमण कार्यक्रम अपरिहार्य कारण से स्थगित हो गया है ।

 

????????? ?????? ????