शुक्रवार, 16 मई 2008

पंचायत मंत्री ने दी अग्नि पीड़ितो को सांत्वना बडोखर में 80 हजार रूपये की राहत वितरित

पंचायत मंत्री ने दी अग्नि पीड़ितो को सांत्वना बडोखर में 80 हजार रूपये की राहत वितरित

मुरैना 15 मई08/ पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री रूस्तम सिंह ने आज मुरैना जिले के ग्राम बडोखर और धनेले के चक्रपानी का पुरा पहुंचकर तेज आंधी के कारण अचानक आग लग जाने से हुई क्षति का जायजा लिया तथा पीडित परिवारों को सांत्वना दी और आश्वस्त किया कि उन्हें नियमानुसार तात्कालिक राहत उपलब्ध कराई जायेगी । इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व डा. एम.एल.दौलतानी साथ थे ।

       पंचायत मंत्री ने ग्राम बडोखर में घर-घर जाकर अग्नि दुर्घटना से हुए नुकसान का जायजा लिया और एस.डी.ओ.राजस्व को तत्काल नियमानुसार राहत वितरण के निर्देश दिये । उन्होंने ग्राम धनेले के चक्रपानी का पुरा में पहुंचकर भरत पुत्र हुकुमसिंह गुर्जर के यहां अग्नि दुर्घटना से हुई पशु क्षति की जानकारी भी ली ।

       अनुविभागीय अधिकारी राजस्व डा. दौलतानी ने बताया कि मंत्री के निर्देशों के परिपालन में राजस्व अधिकारियों के माध्यम से क्षति का सर्वे करा लिया गया है । ग्राम बडोखर में 19 परिवारों में से पांच को हुई मकान क्षति तथा शेष को घरेलू सामान के नुकसान की क्षतिपूर्ति के रूप में राजस्व पुस्तक परिपत्र के प्रावधानों के अनुसार 80 हजार रूपये की राहत राशि के चैक वितरित कर दिये गये है ।

 

बिचौला में संजीवनी अभियान का शुभारंभ 31 मई तक लगेंगे बजन मेले

बिचौला में संजीवनी अभियान का शुभारंभ 31 मई तक लगेंगे बजन मेले

मुरैना 15 मई 08/ बच्चों को कुपोषण से मुक्ति दिलाने के लिए 12 वें बाल संजीवनी अभियान का आज मुरैना जिले के हर विकास खण्ड में समारोह पूर्वक शुभारंभ किया गया । मुरैना जनपद के ग्राम बिचोला के आंगनवाड़ी केन्द्र पर जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री प्रदीप राय ने बच्चों का बजन लेकर और उन्हें विटामिन '' '' की  खुराक और '' डी'' वर्मिंग की गोली खिला कर अभियान का शुभारंभ किया । इस अवसर पर प्रभारी परियोजना अधिकारी तहसीलदार श्री आर.एस. बाकना तथा ए.एन.एम.आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका उपस्थित थी । अभियान के दौरान इस केन्द्र पर उपस्थित लगभग 55 बच्चों का बजन लिया गया और उन्हें विटामिन ए की खुराक एवं डी वर्मिग की गोली खिलाई गई ।

              उल्लेखित है कि शासन के निर्देशानुसार 15 मई से 15 जून तक प्रदेश व्यापी 12 वां बाल संजीवनी अभियान समस्त ग्रामों और नगरीय क्षेत्र के वार्डों में सम्पादित किया जायेगा । अभियान के दौरान 31 मई तक समस्त आंगनवाड़ी केन्द्रों पर बच्चों का वजन लिया जायेगा तथा इसके पश्चात 15 जून तक ग्रेडिंग कर बच्चों में कुपोषण स्तर की पहचान की जायेगी ।

       अभियपन के दौरान चिन्हित किये गये कुपोषित बच्चों की प्रोजेक्ट मुस्कान के तहत स्वास्थ्य जांच करा कर चिकित्सालय से नि: शुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जायेगी । अति कुपोषित ग्रेड-3 और 4 के बच्चों को पोषण पुनर्वास केन्द्र में 14 दिन तक भर्ती कर प्रति दिन वजन लेकर और निर्धारित कैलोरी एवं प्रोटीन युक्त पोषण आहार प्रदाय कर कुपोषण समान्य स्तर पर लाने का प्रयास किया जायेगा । अभी सबलगढ़ के पोषण पुनर्वास केन्द्र पर गत अभियान के चिन्हित 10 कुपोषित बच्चों को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है ।

 

रोजगार गारंटी योजना के कार्यों पर 2548 श्रमिकों को रोजगार

रोजगार गारंटी योजना के कार्यों पर 2548 श्रमिकों को रोजगार

मुरैना 15 मई 08/ राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी स्कीम म.प्र. के अन्तर्गत मुरैना जिले में प्रचलित 360 सामुदायिक मूलक और 104 हितग्राही मूलक कार्यों पर औसतन 2548 मजदूरों को प्रतिदिन रोजगार शामिल रहा है ।

       ज्ञात हो कि 1 अप्रैल 08 से जिले में प्रारंभ इस योजना के तहत 92 प्रतिशत जॉव कार्डों का वितरण किया जा चुका है । अभी तक 13 हजार 636 सामुदायिक मूलक कार्यों की तकनीकी एवं प्रशासकीय स्वीकृति जारी की जा चुकी है । सभी कार्यों के ले- आउट भी दिये जा चुके हैं । इनमें से 360 कार्य संचालित किये जा रहे है ।

       इसी प्रकार 12 हजार 343 हितग्राही मूलक कार्यों की तकनीकी स्वीकृति दी जा चुकी है । इनमें से 4653 कार्यों में प्रशासकीय स्वीकृति और ले- आउट भी दिए जा चुके हैं । वर्तमान में 104 कार्य जिले में प्रचालित हैं । उल्लेखित है कि इस योजना के अन्तर्गत प्रत्येक जॉव कार्डधारी ग्रामीण परिवार को वर्ष में 100 दिन के रोजगार की गारंटी दी जाती है ।

मध्यान्ह भोजन के लिए खाद्यान्न आवंटित

मध्यान्ह भोजन के लिए खाद्यान्न आवंटित

मुरैना 15 मई 08/ जिले की शासकीय एवं अनुदान प्राप्त प्राथमिक शालाओं के विद्यार्थियों को माह मई-जून की गर्मियों की छुट्टियों में मध्यान्ह भोजन वितरण हेतु खंड शिक्षा अधिकारियों को 8936 क्विंटल खाद्यान्न आवंटित किया गया है।

              मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभय वर्मा के अनुसार जनपद पोरसा को 1184 क्विंटल 27 किलो, अम्बाह को 1209 क्विंटल 04 किलो, मुरैना को 2227 क्विंटल 48 किलो, जौरा को 1248 क्विंटल 24 किलो, कैलारस को 963 क्विंटल 27 किलो, पहाडगढ को 970 क्विंटल 41 किलो तथा सबलगढ को 1133 क्विंटल 28 किलो खाद्यान्न का आवंटन सौंपा गया है ।

 

परिवहन व्यवस्था पर बैठक 23 मई को

परिवहन व्यवस्था पर बैठक 23 मई को

मुरैना 15 मई 08/ संभागायुक्त श्री विश्वमोहन उपाध्याय की अध्यक्षता में परिवहन व्यवस्था के संबंध में 23 मई को अपरान्ह 3 बजे बैठक आयोजित की गई है । इस बैठक में राज्य परिवहन निगम के समापन पश्चात नई परिवहन व्यवस्था पर चर्चा की जायेगी और कार्य योजना तैयार की जायेगी । चम्बल भवन मुरैना में आयोजित इस बैठक में पुलिस महानिरीक्षक, उप पुलिस महानिरीक्षक, भिण्ड, मुरैना और श्योपुर जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और परिवहन अधिकारी उपस्थित रहेंगे ।

 

अनुसूचित जाति, जन जाति के उम्मीदवारों को एयर होस्टेस और फ्लाईट स्टीवर्ड का प्रशिक्षण दिया जायेगा

अनुसूचित जाति, जन जाति के उम्मीदवारों को एयर होस्टेस और फ्लाईट स्टीवर्ड का प्रशिक्षण दिया जायेगा

मुरैना 15 मई 08/ राज्य शासन के विमानन विभाग द्वारा एयर होस्टेस और फ्लाईट स्टीवर्ड छात्रवृति 2007 निमय बनाये गये हैं । इसके अन्तर्गत वर्ष 2008-09 में एयर होस्टेस और फ्लाईट स्टीवर्ड के प्रशिक्षण हेतु अनुसूचित जाति, जन जाति के उम्मीदवारों का चयन किया जायेगा । इच्छुक उम्मीदवार 26 मई तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र प्रस्तुत कर सकते है।

       जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण के अनुसार प्रशिक्षण हेतु उम्मीदवार का मध्य प्रदेश का मूल निवासी होना और आयु 17 से 24 वर्ष के बीच में होना चाहिए। उम्मीदवार का अविवाहित होना और न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता हायर सैकेण्डरी उत्तीर्ण होना जरूरी है । उनके परिवार की वार्षिक आय 5 लाख रूपये से अधिक नहीं होना चाहिए।

       चयनित अभ्यर्थियों को फ्रेकफिन संस्था के भोपाल अथवा जबलपुर अथवा इंदौर में प्रशिक्षण लेना होगा । भोजन और आवास की व्यवस्था उम्मीदवार को स्वयं करनी होगी । प्रशिक्षण हेतु किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जायेगा । इसके लिए राज्य शासन द्वारा प्रति उम्मीदवार एक लाख रूपये स्वीकृत किये जायेंगे । चयन के उपरांत 15 प्रतिशत राशि उम्मीदवार को देनी होगी जो प्रशिक्षण उपरांत प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने पर वापस कर दी जायेगी । अनुसूचित जाति , जन जाति का गलत प्रमाण-पत्र प्रस्तुत किये जाने पर उम्मीदवार के विरूध्द आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जायेगा तथा प्रशिक्षण पर हुए व्यय की वसूली की जायेगी ।

       उम्मीदवारों का चयन फ्रेंकफिन संस्था द्वारा किया जायेगा । प्रशिक्षण संस्था द्वारा उम्मीदवारों की चयन सूची राज्य शासन को प्रस्तुत की जायेगी । इस सूची का परीक्षण छानवीन समिति द्वारा किया जायेगा । इस समिति में संचालक विमानन, आयुक्त अथवा संचालक अनुसूचित जाति, जन जाति एवं उच्च शिक्षा अथवा उनके प्रतिविधि तथा उप सचिव अथवा अवर सचिव विमानन रहेंगे । समिति की अनुशंसा पर संचालक विमानन द्वारा चयनित उम्मीदवारों की सूची विमानन विभाग को भेजी जाएगी और विभाग द्वारा फ्रेंकफिन संस्था को उम्मीदवारों को प्रशिक्षण दिए जाने की अनुमति दी जायेगी ।

 

गुरुवार, 15 मई 2008

जयपुर काण्‍ड से चौकन्‍नी हुयी पुलिस, ग्‍वालियर चम्‍बल में सतत चौकसी के चाक चौबंद उपाय

जयपुर काण्‍ड से चौकन्‍नी हुयी पुलिस, ग्‍वालियर चम्‍बल में सतत चौकसी के चाक चौबंद उपाय

प्रशासन एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक संपन्न

ग्वालियर 14 मई 08 मंगलवार को जयपुर में घटित आतंकी वारदातों को देखते हुये ग्वालियर तथा चम्बल संभाग में जनसुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन चौकन्ना हो गया है । आज इस दिशा में संभागायुक्त डा. कोमलसिंह ,पुलिस महानिरीक्षक द्वय श्री डी एस सेंगर तथा श्री अरविंद कुमार ने स्थानीय पुलिस कन्ट्रोल रूम में वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की बैठक आहूत कर सतत चौकसी के चाक चौबंद एहतियाती उपाय करने की हिदायत दी । उन्होंने एक्सप्लोसिव एक्ट तथा माइनिंग एक्ट में विस्फोटक पदार्थों के विक्रेता एवं उपयोगकर्ताओं की जांच एवं स्टॉक के भौतिक सत्यापन के निर्देश दिये । उन्होंने कहा कि कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तथा पुलिस अधिकारी संयुक्त रूप से नियतकालिक जांच करें तथा नियम विरूध्द चलने वालों पर सख्त कार्रवाई भी । साथ ही उन्होंने जल्द ही ग्वालियर स्थित थल सेना, वायुसेना, बी.एस.एफ,इंडियन ऑयल व रेल्वे अधिकारियों की बैठक आहूत कर एहतियाती उपायों पर विचार विमर्श की भी बात कही ।

      बैठक मे पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री आदर्श कटियार , वनसंरक्षक श्री सिन्हा, जिला कलेक्टर श्री राकेश श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक श्री वी के सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक दतिया   श्री एम के कटकवार, अपर जिला कलेक्टर श्री वेद प्रकाश, एडिशनल पुलिस अधीक्षक द्वय   श्री अतुल सिंह तथा श्री अनिल सिंह,जिला खनिज अधिकारी  एवं सभी नगर पुलिस अधीक्षक उपस्थित थे । बैठक में सभी थानाक्षेत्र की नगर समितियों की बैठक आहूत कर जनसुरक्षा की दृष्टि से जागरूकता उत्पन्न करने, मकान मालिकों द्वारा अपने किरायेदारों का ब्यौरा संबंधित थानों को अनिवार्यत: उपलब्ध कराने तथा होटल आदि में बाहर से आकर ठहरने वालों की पुख्ता जानकारी और यथासंभव होटलों के स्वागत कक्ष में कैमरे लगाने पर जोर दिया गया। ताकि आवश्यक होने पर चित्र प्राप्त किये जा सकें ।

      बैठक में रिहायशी इलाकों से पैट्रोल पम्प बाहर भेजने तथा बिना नम्बर वाले वाहनों को पैट्रोल देने पर पाबंदी लगाने का फैसला किया गया । नगर में पैट्रोलिंग बढ़ाने, धार्मिक स्थलों, भीड़ वाले सार्वजनिक स्थलों, रेल्वे स्टेशन, बस स्टैण्ड, सिनेमाघरों आदि पर सुरक्षा की दृष्टि से अधिक तवज्जो देने व ऐसे संवेदनशील स्थानों पर कैमरे लगवाने पर भी बल दिया गया । साथ ही नागरिकों से लावारिस वस्तुएं न छूने व ऐसी वस्तुओं की सूचना निकट की पुलिस चौकी अथवा थानों को देने की भी अपील की गई । इस प्रकार जागरूक नागरिक असामान्य घटनाक्रमों की पुलिस को जानकारी देकर वारदातों को घटित होने से रोकने में सहायक हो सकते हैं।