बुधवार, 26 सितंबर 2007

विशेष पिछड़ी जनजाति के विद्यार्थियों को गणवेश पर खर्च की सीमा निर्धारित

विशेष पिछड़ी जनजाति के विद्यार्थियों को गणवेश पर खर्च की सीमा निर्धारित

मुरैना 26 सितम्बर 2007 // राज्य शासन ने विशेष पिछड़ी जनजाति के बालक और बालिकाओं को गणवेश स्वेटर, मोजे आदि का प्रदाय पर होने वाले व्यय  की सीमा निर्धारित कर दी है। यह व्यय राशि प्रति वर्ष प्रति विद्यार्थी 570 रूपए तक सीमित होगी । उल्लेखनीय है कि विशेष पिछड़ी जनजाति के बालक-बालिकाओं को गणवेश के लिये प्रदाय की जाने वाली यह राशि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा गत 6 जनवरी 2007 को आदिवासी पंचायत में की गई घोषणा के अनुरूप निर्धारित की गई है ।

 

 

जन्म - मृत्यु पंजीयन की प्रशिक्षण कार्यशाला स्थगित

जन्म - मृत्यु पंजीयन की प्रशिक्षण कार्यशाला स्थगित

मुरैना 26 सितम्बर 2007 //जन्म -मृत्यु पंजीयन व्यवस्था एवं राष्ट्रीय अभियान द्वितीय चरण के कार्य में लगे अमले हेतु जनपद पंचायतों में एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया जाना था । जिसमें विभिन्न विभाग, ग्राम पंचायत सचिव/ कर्मी, स्वास्थ्य विभाग, महिला बाल विकास एवं नगरीय प्रशासन के क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं एवं अधिकारियों को भाग लेना था । जिला रजिस्ट्रार (जन्म मृत्यु) एवं जिला योजना अधिकारी के अनुसार अपरिहार्य कारणों से उक्त प्रशिक्षण सह कार्यशाला स्थगित कर दी गई  है, आगामी तिथि से पुन: अवगत कराया जायेगा ।

 

नगर पालिका मुरैना को नगर निगम घोषित करने का प्रस्ताव

नगर पालिका मुरैना को नगर निगम घोषित करने का प्रस्ताव

मुरैना 26सितम्बर 2007 //कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने नगर पालिका मुरैना को नगर निगम घोषित करने का प्रस्ताव राज्य शासन की स्वीकृति हेतु भेजा है ।

       ज्ञात हो कि नगरपालिका परिषद मुरैना की सीमा वृध्दि के संबंध में नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 5 क के तहत मुरैना नगर से 5 कि.मी. की परिधि में आने वाली जौरा खुर्द ,जौरी , लालौर, बड़ोखर, मुड़िया खेड़ा, छौदा, मुरैना गांव और महाराजपुरा ग्राम पंचायतों को जन प्रतिनिधियों की मांग एवं आवश्यकता के दृष्टिगत जिला सरकार (जिला योजना समिति) की 25 जून 2001 को आयोजित बैठक में नगर पालिका में सम्मिलित कर नगर निगम घोषित किये जाने का प्रस्ताव सर्व सम्मति से पारित किया गया । इस प्रस्ताव को मध्य प्रदेश साधारण राजपत्र में प्रकाशन हेतु भेजा गया और मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा प्रस्ताव को समाचार पत्रों में प्रकाशित कराने एवं नोटिस वार्ड पर चस्पा कराने के साथ ही अधि सूचना का प्रारूप भी प्रकाशित कराया गया ।

       उल्लेखित है कि मुरैना नगर में नगर निगमों की भांति समस्त मूलभूत एवं बुनियादी सुविधायें और विकास की संभावनायें उपलब्ध है । मुरैना नगर और उक्त 8 ग्राम पंचायतों की वर्ष 2001 की जनगणना अनुसार कुल जन संख्या 1 लाख 93 हजार 216 थी, जो गत 6 वर्षों में बढकर वर्तमान स्थिति में 2 लाख 22 हजार 696 हो गई है । नगर में कृषि का उत्पादन सरसों पर आधारित होकर बडी- बड़ी निजी और औद्योगिक इकाइयां स्थापित है । उक्त ग्राम पंचायतों में नगरीय सुविधाओं का विकास भी विगत वर्षों में हुआ है । इसलिए ये ग्राम पंचायतें सामिप्य और सुविधाओं की दृष्टि से नगर निगम घोषित करने की दशा में सम्मिलित की जा सकती है ।

       विदित हो कि मुरैना नगर दिल्ली-मुम्वई मुख्य रेल मार्ग से जुड़ा होकर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक -3 पर स्थित है यह नगर सड़क मार्ग से देश के नई दिल्ली, आगरा, ग्वालियर होकर मुम्बई तक कई महत्व पूर्ण नगरों से जुड़ा हुआ है और फोरलेन सड़क होकर मुरैना वायपास के रूप में वैकल्पिक मार्ग भी मौजूद है । नगर में सड़क, पेयजल और विद्युत आपूर्ति, दूरसंचार, डाकघर आदि नागरिक सुविधायें उपलब्ध हैं । पर्यटन सुविधा की दृष्टि से चम्बल घडियाल अभ्यारण्य भी मुरैना नगर में स्थित है और चम्बल संभाग का मुख्यालय होने के साथ-साथ अन्य कई संभागीय कार्यालय तथा आंचालिक कृषि अनुसंधान केन्द्र भी स्थित है ।

       कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्रालय, म.प्र. शासन के प्रमुख सचिव श्री राघव चन्द्रा को पत्र प्रेषित कर उक्त तथ्यों के दृष्टिगत जनहित में नगरपालिका मुरैना से लगी हुई आठ ग्राम पंचायतों को सम्मलित कर नगर निगम घोषित करने की शासन स्तर पर कार्रवाई करने का आग्रह किया है ।

 

पीएचई के उपयंत्री निलंबित

पीएचई के उपयंत्री निलंबित

       कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने डेरा डालो अभियान की समीक्षा के दौरान सबलगढ़ के कुछ ग्रामों में हैड पंपों सुधार कार्य में अनावश्यक विलम्ब पाये जाने की शिकायत को गंभीरता से लिया और कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी को टीम भेजकर जांच कराने तथा दोषी उपयंत्री के विरूध्द निलम्बन की कार्रवाई प्रस्तावित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अम्बाह के पहाड़ी, महटोला स्कूलों में मध्यान्ह भोजन का वितरण बंद मिलने की शिकायत पर सीएससी को निलंबित करने, मुरैना में आंगनवाड़ी केन्द्रों के निरीक्षण में अनियमितता की शिकायत पर पर्यवेक्षक कुमारी अनीता गुप्ता को निलंबित करने, रामपुर गंज स्कूल में मध्यान्ह भोजन बंद मिलने की रिपोर्ट पर शिक्षक को निलंबित करने, कैलारस के डमेजर में राशि मिलने के बाद भी शाला भवन निर्माण नहीं कराने वाले शिक्षक के विरूध्द एफ.आई.आर. दर्ज कराने, सुजरमा में संविदा चिकित्सकों की अनियमित उपस्थिति की शिकायत पर संबंधितों का अनुपस्थित अवधि का वेतन काटने, पहाडगढ़ में राशन कार्ड और सामाजिक सुरक्षा पेंशन वितरण में अनियमितता की शिकायत पर ग्राम पंचायत सचिव को निलंबित करने के निर्देश दिए ।

 

लापरवाह कर्मचारियों के विरूध्द कार्रवाई

लापरवाह कर्मचारियों के विरूध्द कार्रवाई

कलेक्टर द्वारा डेरा डालो अभियान की समीक्षा

मुरैना 26 सितम्बर 2007// कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के क्रियान्वयन की वस्तुस्थिति जानने के लिए संचालित डेरा डालो अभियान की विस्तृत समीक्षा की और लापरवाह तथा कर्तव्य से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के विरूध्द नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में शिथिलता वर्दाश्त नहीं की जायेगी । समीक्षा के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अशोक देशवाल, एस.डी.एम. श्री विजय अग्रवाल विभागीय अधिकारी और अभियान के नोडल अधिकारी उपस्थित थे ।

       कलेक्टर ने नोडल अधिकारीवार ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सेवायें, आंगनवाड़ी केन्द्रों की सेवायें, फसल स्थिति, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, स्कूलों में मध्यान्ह भोजन का वितरण और शिक्षकों की उपस्थिति, स्कूली बच्चों को पाठयपुस्तकों और गणवेश का वितरण, लाड़ली लक्ष्मी योजना, निराश्रित पेंशन योजना आदि की स्थिति की जानकारी प्राप्त की । नोडल अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में जननी सुरक्षा योजना का लाभ मिल रहा है, टीकाकरण नियमित हो रहा है, कहीं-कहीं डिपो होल्डर के पास दवाओं का अभाव है, स्कूलों में मध्यान्ह भोजन मीनू अनुसार नहीं मिल रहा है, शैक्षणिक स्तर भी ठीक नहीं है, अनुदान प्राप्त शालाओं में मध्यान्ह भोजन का वितरण नहीं हो रहा है, आंगनवाड़ी केन्द्रों को नवीन पोषण आहार व्यवस्था के लिए राशि नहीं मिली है, पशु चिकित्सा सेवाएं के मैदानी कर्मचारी नियमित भ्रमण नहीं कर रहे हैं, चम्बल के पास के ग्रामों में जल स्तर नीचे चला गया है और बाजरा की फसल पर कीट प्रकोप है, कहीं-कहीं हैड पम्पों में पानी नहीं आने की शिकायत है, लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रारूप सभी केन्द्रों पर उपलब्ध हैं ।

       कलेक्टर श्री त्रिपाठी ने स्कूलों में मध्यान्ह भोजन वितरण में अनियमितता बरतने वालों, के विरूध्द कार्रवाई करने और अनुदान प्राप्त शालाओं की मान्यता निरस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने अनियमित उपस्थित वाले शिक्षकों के विरूध्द कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए । उन्होंने निरीक्षण के दौरान बंद पायी गई आंगनवाड़ी केन्द्रों की कार्यकर्ताओं के विरूध्द कार्रवाई करने की ताकीद की और नई पोषण आहार व्यवस्था के लिए आंगनवाड़ी केन्द्रों को राशि जारी करने के निर्देश महिला बाल विकास अधिकारी को दिए । स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर कलेक्टर ने संतोष व्यक्त किया । उन्होंने कहा कि पहाडगढ़ में सहरिया आदिवासियों को पीले के बदले नीले कार्ड देने की शिकायत की जांच की जाय और सभी सहरिया आदिवासी परिवारों को पीले राशन कार्ड मुहैया करायें जाय । उन्होंने कर्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को चुस्त-दुरूस्त रखा जाय और जिन ग्रामों में जल स्तर नीचे चला गया है, वहां के हैंड पंपों के राइजर पाइप बढ़ाये जाय । जरूरत हो तो इसके प्रस्ताव कार्य योजना में भी शामिल किये जांये ।

ग्रामीणों ने सराहा वितरण व्यवस्था को

       डेरा डालो अभियान की समीक्षा के दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति जानने निकले नोडल अधिकारियों से ग्रामीणों ने जिले में लागू नई वितरण व्यवस्था की सराहना की । उन्होंने बताया कि हर माह के लिए निश्चित 21, 22 और 23 तारीख में नई वितरण व्यवस्था के चालू होने से उचित मूल्य दुकानों से खाद्यान्न सामग्री और कैरोसिन का नियमित प्रदाय होने लगा है । इससे पहले दो-दो माह तक सामग्री प्राप्त नहीं हो पाती थी और सामग्री प्राप्त करने के लिए दुकानों के चक्कर पर चक्कर लगाने पड़ते थे । ग्रामीणों ने सामग्री प्रदाय हेतु पंचायतवार दिन मुकर्रर करने की मांग की । कलेक्टर श्री त्रिपाठी ने अगले माह से पंचायतवार दिन मुकर्रर करने के निर्देश दिए और नई वितरण व्यवस्था के अनुरूप निर्धारित तारीखों से पहले सामग्री वितरण करने वालों के विरूध्द कार्रवाई के निर्देश दिए।

मंगलवार, 25 सितंबर 2007

जनादेश यात्रा के पड़ाव स्थलों पर अस्थाई चिकित्सालय खोले जायेंगे

जनादेश यात्रा के पड़ाव स्थलों पर अस्थाई चिकित्सालय खोले जायेंगे

मुरैना 25सितम्बर 2007// एकता परिषद द्वारा निकाली जाने वाली जनादेश यात्रा 3 से 6 अक्टूबर तक मुरैना जिले में रहेगी । जनादेश यात्रा की आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी के आदेशानुसार अनुविभागीय दंण्डाधिकारी मुरैना श्री विजय अग्रवाल की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई । इस बैठक में जनादेश यात्रा के पड़ाव स्थलों पर अस्थाई चिकित्सालय खोलने और पेयजल आदि की समुचित व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया । बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी और एकता परिषद के पदाधिकारी उपस्थित थे।

       बैठक में बताया गया कि जनादेश यात्रा 3 अक्टूबर को मुरैना जिले की सीमा रायरू से प्रवेश करेगी और 6 अक्टूबर तक राजघाट चम्बल पुल पहुंचेगी । यात्रा के मार्गो पर आवश्यक साफ-सफाई, पेयजल और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाये रखने का निर्णय लिया गया और इसके लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। जनादेश यात्रा के साथ महिला और पुरूष चिकित्सकों की टीम के साथ एम्बूलेंस रहेंगी । यात्रा के पडाव स्थलों, श्रीराम कॉलेज बामोर, श्री हनुमान मंदिर टेकरी, नूराबाद, हनुमान मंदिर देवरी हिंगोना और देवपुरी बाबा घरौना में यात्रियों के स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार हेतु अस्थाई चिकित्सालय खोले जायेंगे । यात्रा के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वस्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन और खण्ड चिकित्सालय अधिकारी नूराबाद समय-समय पर भ्रमण कर आवश्यक चिकित्सकीय व्यवस्थायें सुनिश्चित करायेंगे ।

       जनादेश यात्रा के दौरान शुध्द पेय जल की व्यवस्था मुख्य नगरपालिका अधिकारी बामौर और मुरैना करेंगें । कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से अतिरिक्त तहसीलदार बामोर श्री वाकना अपरतहसीलदार मुरैना श्री कुर्रेशी संबंधित राजस्व निरीक्षक और पटवारियों के साथ यात्रा के दौरान साथ रहेंगे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मुरैना क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले ग्रामों में सरपंचों के माध्यम से पेयजल व्यवस्था करायेंगें ।

 

संचालक मडल के सदस्यों के निर्वाचन हेतु कार्यक्रम घोषित

संचालक मडल के सदस्यों के निर्वाचन हेतु कार्यक्रम घोषित

विशेष आमसभा की बैठक 9 अक्टूबर को

मुरैना 25 सितम्बर 2007// मध्य प्रदेश सहकारी सोसायटी नियम के अन्तर्गत जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक मर्यादित मुरैना की विशेष आम सभा की बैठक 9 अक्टूबर को आयोजित की गई है । प्रबंध समिति और संचालक मंडल के सदस्यों के निर्वाचन हेतु निर्वाचन कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है । इसके अनुसार 29 सितम्बर से नियोजन पत्र प्राप्त किये जांयेगे और 9 अक्टूबर को मतदान कराया जायेगा ।

       सहायक रिटर्निंग ऑफीसर श्री पी.डी. शाक्य के अनुसार जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मुरैना के क्षेत्र अन्तर्गत मुरैना और श्योपुर जिले आते हैं । बैंक के संचालक मंडल के लिए निर्वाचन किये जाने वाले सदस्यों की संख्या 13 है । इनमें से कृषि साख समिति विकास खण्ड पहाडगढ़ और विकास खण्ड सबलगढ़ में एक-एक पद अनुसूचित जाति वर्ग विकास खंड कराहल में एक पद अनुसूचित जन जाति वर्ग तथा विकास खण्ड श्योपुर में एक महिला पद और विकास खण्ड विजयपुर में एक पद अन्य पिछडा वर्ग के लिए आरक्षित है । विकास खण्ड पोरसा,जौरा, कैलारस और मुरैना में एक-एक पद तथा अम्बाह में एक महिला पद अनारक्षित है। विपणन प्रक्रिया बुनकर औद्योगिक सोसायटी में से दो पद निर्वाचन से भरे जायेंगे तथा एक पद अन्य समितियों से रहेगा ।

       निर्वाचन हेतु नियोजन पत्र 29 सितम्बर से प्राधिकृत अधिकारी श्री पी.डी. शाक्य को दोपहर 12 से 4 बजे तक द्वितीय मंजिल बैंक भवन मुरैना में प्रस्तुत किये जा सकते हैं । नियोजन पत्रों की जांच एक अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से की जायेगी । उम्मीदवारों की नाम वापसी 3 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक हो सकेगी और नाम बापसी के तत्काल बाद निर्वाचन लड़ने वाले उम्मीदवारों को चिन्ह आवंटन सहित सूची जारी की जायेगी ।

       मतदान 9 अक्टूबर को पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 4 बजे तक पंचायती कर्मशाला न्यू सराफा बाजार मुरैना में कराया जायेगा तथा मतदान समाप्ति के पश्चात मतगणना की जायेगी, रिक्त स्थानों का सहयोजन 10 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक किया जायेगा । अध्यक्ष उपाध्यक्ष एवं अन्य संस्थाओं को भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों का निर्वाचन 16 अक्टूबर को रिटर्निंग आफीसर श्री विजय अगवाल के द्वितीय मंजिल बैंक भवन स्थित कार्यालय में होगा ।