शुक्रवार, 3 अगस्त 2007

शिक्षकों को नेत्र परीक्षण का प्रशिक्षण 6 अगस्त को

शिक्षकों को नेत्र परीक्षण का प्रशिक्षण 6 अगस्त को

मुरैना 1 अगस्त 2007

       कलेक्टर श्रीमती कैरेलिन खोंग्वार देशमुख की अध्यक्षता में सम्पन्न बैठक में लिए गए निर्णय अनुसार सभी स्कूली बच्चों का नेत्र परीक्षण कराया जाना है । जिला शिक्षा अधिकारी श्री सी.एम. उपाध्याय ने सभी संकुल प्राचार्यों को विद्यालय में कार्यरत एक रेडक्रॉस प्रभारी शिक्षक और एक विज्ञान शिक्षक को प्रशिक्षण लेने हेतु 6 अगस्त को पूर्वान्ह 11 बजे डाइट कार्यालय में भेजने के निर्देश दिए है । साथ ही विद्यालय में 4 अगस्त की स्थिति में दर्ज छात्र-छात्राओं की संख्या भी निर्धारित प्रारूप में भेजने की ताकीद की है ।

 

 

शिक्षक अब पंजीयन के बाद ही कर सकेंगे टयूशन

शिक्षक अब पंजीयन के बाद ही कर सकेंगे टयूशन

मुरैना 1 अगस्त 2007

       म.प्र. सिविल सेवा आचरण नियम के अनुसार शासकीय शिक्षकों का प्रायवेट टयूशन करना कदाचार की श्रेणी में आता है । म.प्र. शिक्षा संहिता के अनुसार शिक्षक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पंजीयन कराने के उपरांत प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर पर पांच और उच्चतर माध्यमिक स्तर पर तीन टयूशन कर सकेंगे । शाला के शैक्षणिक कार्य में व्यवधान आने पर टयूशन की अनुमति निरस्त कर दी जायेगी ।

       जिला शिक्षा अधिकारी श्री सी.एम. उपाध्याय के अनुसार शासकीय शिक्षक शासन की पूर्व स्वीकृति के बिना कोई भी उप व्यवसाय नहीं कर सकते हैं । म.प्र. शिक्षा संहिता के प्रावधानों के अनुसार प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर पर पांच तथा उच्चत्तर माध्यमिक स्तर पर तीन टयूशन करने की अनुमति इस शर्त के साथ दी जायेगी कि इससे शाला का शैक्षणिक कार्य प्रभावित नहीं होगा । जिला शिक्षा अधिकारी ने समस्त प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि वे समस्त अधीनस्थ, व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक, शिक्षा कर्मियों से शिक्षा संहिता के प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करायें । साथ ही टयूशन करने वाले शिक्षकों के आवेदन पत्र अनुमति हेतु जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में भिजवायें । बिना अनुमति के टयूशन करते पाये जाने संबंधी शिकायतों की जांच कर दोषी शिक्षक के विरूध्द म.प्र. सिविल सेवा आचरण नियम के प्रावधानों के अनुरूप अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी।

 

अधिकारियों कर्मचारियों ने गाया बंदेमातरम्

अधिकारियों कर्मचारियों ने गाया बंदेमातरम्

मुरैना 1 अगस्त 2007

       कलेक्टोरेट परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों ने आज प्रात: बन्देमातरम् का गायन कर काम-काज की शुरूआत की । कलेक्टर श्रीमती कैरेलिन खोंग्वार देशमुख सहित सभी अधिकारियों ने वन्देमातरम् का गायन किया । उल्लेखनीय है कि शासन के आदेशों के अनुसार प्रत्येक माह की पहली तारीख को कार्यालयों में बंदेमातरम् का गायन किया गया । इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री आशकृत तिवारी, संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन आधिकारी श्री राजेन्द्र शर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती नीतूसिंह, सिटी मजिस्ट्रेट श्री अमरेष श्रीवास्तव एवं अनुविभागीय अधिकारी श्री विजय अग्रवाल सहित सभी अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे ।

 

51 मिडिल स्कूलों के भवन बनायें जायेंगे

51 मिडिल स्कूलों के भवन बनायें जायेंगे

मुरैना 31 जुलाई 2007

       कलेक्टर श्रीमती कैरेलिन खोंग्वार देशमुख की अध्यक्षता में आज सम्पन्न सर्व शिक्षा अभियान की जिला निर्माण समिति की बैठक में वर्ष 2007-08 की प्रस्तावित कार्य योजना के अनुसार जिले के 51 भवन विहीन माध्यमिक शालाओं में भवन निर्माण की स्वीकृति दी गई । शेष 48 माध्यमिक शालाओं में भवनों की स्वीकृति शालायें प्रौन्नत होने के उपरांत जारी की जायेगी । बैठक में जिला परियोजना समन्वय श्री ए.के. त्रिपाठी तथा समस्त सदस्यगण उपस्थित थे ।

       बैठक में 70 प्राथमिक विद्यालयों में 70 तथा 240 माध्यमिक विद्यालयों में 280 अतिरिक्त कक्ष निर्माण कराने कीमंजूरी दी गई । इसकेअलावा 40 मॉडल क्लस्टर शालाओं में अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कराने के साथ ही वर्ष 2006-07 में स्वीकृत 88 माध्यमिक शालाओं में हैण्ड पंप की स्थापना तथा 116 शालाओं में शौचालय की व्यवस्था का निर्णय लिया गया  । बैठक में 75 शालाओं में मरम्मत कार्यों को मंजूरी दी गई तथा पूर्व में स्वीकृत 19 अतिरिक्त कक्षों के निर्माण कार्य को स्थल नहीं होने से निरस्त करते हुए इनके स्थान पर नवीन स्थलों में अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य स्वीकृत किये गये ।

       सर्व शिक्षा अभियान की समीक्षा के दौरान बताया गया कि कक्षा 1 से 8 तक की 1 लाख 39 हजार 993 बालिकाओं को गणवेश वितरण हेतु 1 करोड़ 25 लाख 99 हजार 370 रूपये की राशि पालक शिक्षक संघ के खातों में जारी की जा चुकी है । गणवेश का वितरण 15 अगस्त को जन प्रतिनिधियों की उपस्थित में किया  जायेगा । जिले में अभी तक 2 लाख70 हजार 343 पाठयपुस्तकों के सैट का वितरण किया जा चुका है । कलेक्टर श्रीमती कैरेलिन खोंग्वार देशमुख ने परियोजना समन्वयक को निर्देश दिए कि वे निर्माण कार्यों की समीक्षा करें तथा शाला भवनों के निर्माण के लिए 4 अगस्त तक भूमि आवंटन और पटवारी से खसरा आदि की नकल प्रस्तुत न करने वाले खंड स्त्रोत समन्वयक के विरूध्द कार्रवाई प्रस्तावित करें । उन्होंने कहा कि भवन निर्माण और शौचालय निर्माण में गुणवत्ता का विशेषध्यान रखा जाय । उन्होंने कहा कि स्कूल चले हम अभियान के अन्तर्गत सभी अप्रवेशी बच्चों का शाला प्रवेश सुनिश्चित किया जाय।

 

स्वास्थ्य संस्थाओं का समय परिवर्तित

स्वास्थ्य संस्थाओं का समय परिवर्तित

मुरैना 31 जुलाई 2007

       मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. एच.एस.शर्मा ने मुरैना जिले के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अधीन कार्यरत विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं का समय परिवर्तित कर दिया है । इसके अनुसार वाह्य रोगी एवं क्लीनिकल जांच का समय प्रात: 8.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक एवं सांय 5 बजे से सात बजे तक रहेगा । आंतरिक रोगी विभाग का समय प्रात: 8 बजे से अपरान्ह 1.30 बजे तक एवं सांय कालीन 5 से 7.30 बजे तक रहेगा । जिला मुख्यालय एवं नगर पालिका मुख्यालयों से विभिन्न स्थानों पर कार्यरत अस्पतालों, प्राथमिक तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं औषधालयों का समय प्रात: 9 बजे से दोहपर 1 बजे तक एवं दोहपर 2 बजे से अपरान्ह 4.30 तक रहेगा । सभी अस्पताल में आपात कालीन सेवा 24 घण्टे उपलब्ध रहेगी । 

 

 

समाधान ऑन लाइन 7 अगस्त को

समाधान ऑन लाइन 7 अगस्त को

मुरैना 31 जुलाई 2007

       मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 7 अगस्त को अपरान्ह 4 बजे समाधान ऑन लाइन कार्यक्रम में बीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से जन शिकायतों का निराकरण करायेंगें । कलेक्टर श्रीमती कैरेलिन खोंग्वार देशमुख ने 7अगस्त को समाधान ऑन लाइन कार्यक्रम के दौरान समस्त जिला अधिकारियों को मुख्यालय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं ।

 

सोमवार, 30 जुलाई 2007

भारी वाहनों को रोकने के लिए 11 स्थानों पर ड्राप्ट गेट लगेंगे

भारी वाहनों को रोकने के लिए 11 स्थानों पर ड्राप्ट गेट लगेंगे

मुरैना 30 जुलाई 2007

       कलेक्टर श्रीमती कैरेलिन खोंग्वार देशमुख की अध्यक्षता में गत दिवस सम्पन्न सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में शहर में भारी वाहनों के आवागमन को रोकने हेतु 11 स्थानों पर ड्राप्टगेट लगाने और सात स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनाने का निर्णय लिया गया । बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री हरीसिंह यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे ।

       बैठक में पुलिस अधीक्षक के प्रस्ताव पर शहर में भारी वाहनों के आवागमन को रोकने हेतु बैरियर चौराहा, ऑटो स्टेण्ड एम.एस. रोड़, सिंधी कॉलोनी चौराहा, गंज चौराहा राम जानकी मंदिर , नगर पालिका के बगल से सब्जी मंडी चौराहा, नाला नम्बर 2 तिराहा, ओवर व्रिज चौराहा, रेल्वे स्टेशन रोड़ राजश्री हौटल के सामने, रामनगर तिराहा, शासकीय पोलीटेकनिक कॉलेज, ओवर ब्रिज मार्ग अम्बाह रोड़ पर ड्राप्ट गेट एवं ओवर हैल्डस लगाने का निर्णय लिया गया और यह कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश नगर पालिका अधिकारी मुरैना को दिए गये । कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण को मुरैना अम्बाह वायपास रोड़ की मरम्मत का कार्य अविलम्ब कराने तथा ऑटो स्टेण्ड , कोर्ट तिराहा, राधिका पैलेस चौरहा, जेल रोड, जिला चिकित्सालय के सामने , कलेक्ट्रेट गेट और ओवर व्रिज चौराहा पर स्पीड ब्रेकर बनाने की ताकीद की गई ।

       समिति द्वारा निर्णय लिया गया कि शहरों की सड़कों पर गति सीमा का निर्धारण और संकेतक लगवाने की कार्रवाई नगर पालिका अधिकारी और व्यापार मंण्डल द्वारा की जायेगी । साथ ही सब्जी मंडी और पंचायती धर्मशाला के सामने बड़े वाहनों को रोकने हेतु खम्बे या पत्थर लगाये जायेंगे । कार्यपालन यंत्री को उच्च न्यायालय के निर्देशों के परिपालन में स्पीड ब्रेकर बनवाने और अनाधिकृत रूप से बने स्पीड ब्रेकर हटवाने की कार्रवाई एक माह में पूर्ण करने के निर्देश दिए गये । अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को स्कूल व कालेजों में यातायात शिक्षा देने का कार्यक्रम तैयार करने को कहा गया । ओवर ब्रिज चौराहा और बेरियर चौराहा के इलेक्ट्रोनिक सिंग्नल और बंद लाइटें अविलम्ब दुरूस्त कराने की हिदायत नगर पालिका अधिकारी को दी गई । जौरा रोड़ पर सोलंकी पेट्रोल पम्प के आगे जौरा रोड़ की बसों के लिए बस स्टेण्ड स्थापित करने तथा फल और चाट के ठेलों के लिए स्थान निर्धारित करने का निर्णय भी लिया गया । नैनागढ़ रोड़ की दुरूस्ती मंडी समिति तथा नैनागढ़ रोड , संजय नगर रोड़ और वनखंडी रोड़ की मरम्मत  की कार्रवाई करने के निर्देश नगर पालिका अधिकारी को दिए गये ।