शनिवार, 30 जून 2007

आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को एयर होस्टेस के प्रशिक्षण हेतु छात्रवृत्ति मिलेगी

आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को एयर होस्टेस के प्रशिक्षण हेतु छात्रवृत्ति मिलेगी

 

मुरैना 28 जून07- मध्यप्रदेश शासन विभानन विभाग द्वारा अनुसूचित जाति एवं जनजाति के उम्मीदवारों का एयर होस्टेस और फ्लाईट स्टीवर्ड के प्रशिक्षण के लिए चयन किया जायेगा । चयनित उम्मीदवारों को छात्रवृत्ति नियम 2007 के अंतर्गत फ्रेंकफीन प्रशिक्षण संस्था भोपाल,जबलपुर अथवा इन्दौर द्वारा प्रशिक्षण दिया जायेगा ।

       जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण के अनुसार उम्मीदवार का मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना और उसकी आयु 17 से 24 वर्ष के बीच होना जरूरी है । उम्मीदवार की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता हायर सेकेण्डरी परीक्षा उत्तीर्ण होना चाहिए और उसे अविवाहित होना चाहिए । महिला उम्मीदवार की न्यूनतम ऊचाई 5 फिट और पुरूष की साढे पांच फिट होना चाहिए । उम्मीदवार के परिवार की वार्षिक आय 5 लाख रूपये से अधिक नहीं होना चाहिए। उम्मीदवारों को अपने भोजन और आवास की व्यवस्था स्वयं करनी होगी ।

       उम्मीदवारों का चयन फ्रेंकफीन संस्था द्वारा किया जायेगा । चयन सूची शासन को प्रस्तुत की जायेगी । राज्य शासन द्वारा गठित छानबीन समिति द्वारा चयन सूची के उम्मीदवारों के मूल निवासी, जाति और आय प्रमाण पत्रों की जांच की जायेगी । इस समिति में संचालक विमानन, आयुक्त अथवा संचालक अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयुक्त तथा संचालक उच्च शिक्षा अथवा उनके प्रतिनिधि तथा उपसचिव अथवा अपर सचिव विमानन रहेंगे । समिति की अनुशंसा पर संचालक विभानन चयनित उम्मीदवारों की सूची विभानन विभाग को भेजेंगे, तथा विभाग द्वारा उम्मीदवारों को प्रशिक्षण देने की अनुमति दी जायेगी ।

       प्रशिक्षण हेतु उम्मीदवारों से यूनीफार्म पुस्तकों आदि के रूप में कोई शुल्क अथवा राशि नहीं ली जायेगी । इस हेतु राज्य शासन द्वारा प्रत्येक उम्मीदवार के लिए एक लाख रूपये स्वीकृत किये जायेगे । चयन के उपरांत उम्मीदवार को 15 प्रतिशत राशि प्रशिक्षण संस्थान को देनी होगी तथा 85 प्रतिशत राशि का  भुगतान शासन द्वारा किया जायेगा । उम्मीदवार द्वारा सफलता पूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के उपरांत उसके द्वारा जमा की गई 15 प्रतिशत राशि का भुगतान शासन द्वारा किया जायेगा ।

 

गुरुवार, 28 जून 2007

एस.डी.ओ. अम्बाह हटाये: तहसीलदार पोरसा निलम्वित

एस.डी.ओ. अम्बाह हटाये: तहसीलदार पोरसा निलम्वित

दो अधिकारीयों पर रहम, शो कॉज देकर फारमेलिटी पूरी, जिला शिक्षा अधिकारी और जिला महिला बाल विकास अधिकारी रहम दिली के खाते में

संभागायुक्त डा. कोमलसिंह द्वारा राजस्व और विकास कार्यों की समीक्षा

 

मुरैना 27 जून07- संभागायुक्त डा. कोमलसिंह ने आज यहां चम्बल भवन में मुरैना जिले में संचालित राजस्व और विकास कार्यों की समीक्षा की तथा किसानों और ग्रामीणों के हितों का ख्याल नहीं रखने के कारण श्री आर.के.पाल को अम्बाह के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के पद से हटाने और तहसीलदार पोरसा श्री एस.एस. दोहरे को निलम्वित करने के निर्देश दिये । साथ ही निर्धारित मापदंडो के अनुसार स्कूल भवनों और आंगनवाडी केन्द्रों के भवनों के लिए स्थान चिन्हित कर आरक्षित कराने की कार्रवाई नहीं करने के कारण जिला शिक्षा अधिकारी और जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी को कारण बताओ सूचना पत्र देने के निर्देश दिये । इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती केरेलिन खोंग्वार देशमुख, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री सभाजीत यादव, अपर कलेक्टर श्री एस.के.सेवले, संयुक्त कलेक्टर श्री आशकृत तिवारी सहित समस्त अनुविभागीय राजस्व अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे ।

       संभागायुक्त डा. कोमलसिंह ने 25 अप्रेल से 15 जून तक संचालित विशेष राजस्व अभियान के दौरान की गई कार्रवाई की समीक्षा की । समीक्षा के दौरान ग्रामों की चरनोई, रास्ता,मरघट, कब्रिस्तान, स्कूल, सार्वजनिक तालाब आदि की भूमि के सीमांकन करने, भविष्य की आवश्यकता के दृष्टिगत स्कूल, पंचायत, आंगनवाडी केन्द्र, स्वास्थ्य केन्द्र, श्मशान, कब्रिस्तान, खेल का मैदान, मिनी स्टेडियम आदि के लिए भूमि आरक्षित करने, शासकीय भूमि पर जहां सीमाचिन्ह हों, वहां स्थायित्व देने के लिए पीपल अथवा नीम का पौधा रोपित करने और पुराने राजस्व प्रकरणों के निराकरण हेतु चलित न्यायालय संचालित करने की संतोषजनक कार्रवाई नहीं पाये जाने पर डा. कोमल सिंह ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में त्वरित समुचित कार्रवाई कर राज्य शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को समुचित लाभ दिलाने की हिदायत की । उन्होंने कहा कि इन निर्देशों के पालन प्रतिवेदन की शीघ्र समीक्षा की जायेगी और आदेश का पालन नहीं होने पर संबंधित एस.डी.ओ. एवं तहसीलदार के विरूध्द कार्रवाई की जायेगी ।

       डा. कोमल सिंह ने पोरसा तहसील में विगत पांच माह से कम्प्यूटर बंद रहने और इस कारण किसानों को समय पर नकलें नहीं वितरण होने की स्थिति पर गम्भीर चिंता व्यक्त की और श्री आर.के पाल को तत्काल अम्बाह एस.डी.ओ. पद से हटाने तथा पोरसा तहसीलदार श्री एस.एस. दोहरे को निलम्वित करने के निर्देश दिये । उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि सीमांकन, तथा अविवादित नामांतरण और बंटवारा का कोई प्रकरण लंबित न रहे और सभी किसानों को भू-अधिकार ऋण पुस्तिकाओं का वितरण हो जाये । बी.पी.एल. सूची में नाम जुडवाने के आवेदनों का तत्परता से निराकरण किया जाये और यह सुनिश्चित किया जाय कि एक माह से पुराना कोई आवेदन पत्र लंबित न रहे । उन्होंने राशनकार्ड और मतदाता फोटो परिचय पत्र एवं फोटोयुक्त मतदाता सूची तैयार करने के कार्य में भी बांछित तेजी लाने के निर्देश दिये ।

       संभागायुक्त ने परख कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान कहा कि यह संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है कि कोई शिकायत न आये । उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को परख कार्यक्रम के अंतर्गत संकलित शिकायतों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा करने और निराकरण में अनावश्यक विलंव पाये जाने पर संबंधित के विरूध्द कार्रवाई प्रस्तावित करने के निर्देश दिये । उन्होंने कहा कि कैरोसिन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए वितरण से पहले ग्रामीणों से सत्यापन कराया जाये । उन्होने अतिवृष्टि और बाढ की स्थिति से निपटने के लिए की गई तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया और सभी डिपो होल्डर के पास आवश्यक दवाईयों का भंडारण सुनिश्चित कराने तथा भंडारित खाद और बीज को सिंगल लॉक तक पहुंचाने के निर्देश दिये । उन्होने जौरा में अनुविभागीय राजस्व अधिकारी और तहसील कार्यालय भवन के लिए प्राक्कलन प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण को दिये और ग्वालियर वायपास के निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिये ।

 

बुध की रात चम्‍बल में कोहराम मचाया बिजली ने

बुध की रात चम्‍बल में कोहराम मचाया बिजली ने

आधे शहर में ढाया गजब

मुरैना 28 जून । चम्‍बल वासीयों को तहॉं बिजली कटौती से सोमवार और मंगलवार को राहत रही, वहीं इन दोनों दिनों की राहत का हिसाब मध्‍यक्षेत्र विद्युत वितरण कम्‍पनी ने इकठठे ही बुधवार की रात अघोषित अन्‍धाधुन्‍ध साढ़े चार घण्‍टे का ठोस ब्‍लैक आउट करके फिर उसके बाद लगभग सारी रात लो वोल्‍टेज यानि कुल मिलाकर 100 वोल्‍टस का वोल्‍टज देकर न केवल करिश्‍मा कर डाला बल्कि बिजली दे भी दी और नहीं भी दी । वाह रे पठठो वाह , शाबास क्‍या कहने ।

समाचार लिखे जाने यानि रात 3 बजे तक लो वोल्‍टेज सप्‍लाई चल रही है । उल्‍लेखनीय है कि बुधवार की रात 9 बजे से बन्‍द हुयी बिजली रात 1:30 बजे वापस आयी । मजे की बात यह रही कि केवल आधे शहर की ही बिजली बन्‍द की गयी और ऊपर से तुर्रा ये कि कुछ खास फेज सप्‍लाई पर ही डाउन वोल्‍टेज प्रदाय हुआ ।

जय भारत । जय लोक तंत्र । जय नकारा लोक सेवक ।।

 

दो माह का खाद्यान्न आवंटित

दो माह का खाद्यान्न आवंटित

मुरैना 27 जून07- जिले की शासकीय एवं अनुदान प्राप्त प्राथमिक शालाओं के विद्यार्थियों को मघ्यान्ह भोजन कार्यक्रम के तहत वर्तमान सत्र के माह जुलाई से अगस्त की अवधि के लिए खाद्यान्न आवटित कर दिया गया है ।

       जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सभाजीत यादव ने बताया कि पोरसा विकासखंड की शालाओं को उक्त आदेश द्वारा 1 हजार 589 क्विंटल 15 किलोग्राम, अम्बाह को 1 हजार 627 क्विंटल 60 किलोग्राम, मुरैना के लिए 2 हजार 998 क्विंटल 60 किलोग्राम, जौरा के लिए 1 हजार 684 क्विंटल 15 कि.ग्रा, कैलारस के लिए 1 हजार 319 क्विंटल 15 कि.ग्रा., पहाडगढ के लिए 1 हजार 306 क्विंटल 35 कि.ग्रा., तथा सबलगढ विकासखंड की शालाओं को 1 हजार 525 क्विंटल 60 कि.ग्रा., खाद्यान्न स्वीकृत कर दिया गया है । समस्त विकासखंड अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि उक्त खाद्यान्न का उपयोग रूचिकर भोजन प्रदान करने में शासन निर्देशानुसार सुनिश्चित किया जाये।

 

खनिज निगम के अध्यक्ष का भ्रमण कार्यक्रम

खनिज निगम के अध्यक्ष का भ्रमण कार्यक्रम

मुरैना 27 जून07- म.प्र.राज्य खनिज निगम के अध्यक्ष श्री कोकसिंह नरवरिया 28 और 29 जून को मुरैना के भ्रमण पर रहेंगे । श्री नरवरिया 29 जून को रात्रि में मुरैना से ग्वालियर जायेंगे तथा वहा से भोपाल एक्सप्रेस द्वारा भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे ।

 

प्रत्येक खंड स्तर पर लगेंगे दो स्वास्थ्य मेले

प्रत्येक खंड स्तर पर लगेंगे दो स्वास्थ्य मेले

वर्ष 2007-08 की एकीकृत जिला स्वास्थ्य कार्ययोजना अनुमोदित

 

मुरैना 27 जून07- कलेक्टर श्रीमती केरेलिन खोंग्वार देशमुख की अध्यक्षता में सम्पन्न जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में वर्ष 2007-08 की एकीकृत जिला स्वास्थ्य कार्ययोजना अनुमोदित की गई तथा प्रत्येक खंड स्तर पर दूरस्थ ग्रामों में दो स्वास्थ्य मेले लगाने का निर्णय लिया गया ।इसके अनुसार जिले में संस्थागत प्रसव बढाने के उध्देश्य से जननी सुरक्षा योजना के लिए सात करोड़ 61 लाख रूपये और महिला पुरूष नसबंदी के लिए 80 लाख रूपये और पुरूष नसबंदी वृहद शिविर के लिए डेढ लाख रूपये की राशि स्वीकृत की गई । बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. एच.एस.शर्मा, सिविल सर्जन, तथा लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, महिला बाल विकास, स्वास्थ्य आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित थे ।

       बैठक में बताया गया कि गत वर्ष आर.सी.एच. और एन आर एच एम के अंतर्गत कुल प्राप्त 3 करोड़ 82 लाख 89 हजार 424 रूपये की राशि में से 3 करोड़ 54 लाख 16 हजार 495 रूपये व्यय किये गये । जिला चिकित्सालय में एन.एस.वी.टी. वार्ड की स्थापना की गई तथा सिविल अस्पताल अम्बाह में प्रसूति वार्ड का उन्नयन किया गया । संस्थागत प्रसव को बढाने और मातृ मृत्यु दर को कम करने के उध्देश्य से खडियाहार और पहाडगढ में जननी एक्सप्रेस शुरू की गई । अपेक्षित परिणाम प्राप्त होने पर मार्च2007 से इस योजना को सभी विकासखंडो में लागू किया गया । जिले में गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों को गम्भीर बीमारी के लिए 4 लाख 14 हजार रूपये की सहायता दी गई । जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण कार्यक्रम के अन्तर्गत 1072 आशा का चयन किया जा चुका है । जननी सुरक्षा योजना में 7789 गर्भवती महिलाओं को लाभान्वित किया गया, इस पर 1 करोड़ 13 लाख 65 हजार 119 रूपये व्यय किये गये ।

       कलेक्टर ने खंड चिकित्सा अधिकारियों को कार्य योजनाकी गतिविधियों को समय सीमा में पूर्ण करने तथा जिले में संस्थागत प्रसव को अधिक से अधिक बढावा देने के निर्देश दिये । उन्होंने कहा कि प्रत्येक खंड चिकित्सा अधिकारी स्तर पर दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर मरीजों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने की पहल की जाये । जौरा में इटावली और विण्डवा देवगढ, सबलगढ में सिंगारदेव और कौलाच, पहाडगढ में धौंधा और बहराई, नूराबाद में गोसपुर और रिठौरा, कैलारस में पनिहारी और लगावली, खडियाहार में जौंहा और एकहेरा तथा पोरसा में विण्डवा चम्बल और तरसमा अथवा महुआ में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया । कलेक्टर ने गम्भीर रूप से बीमार और कुपोषित बच्चों को स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कर उपचार करने के निर्देश दिये । कुपोषित बच्चों को बालशक्ति योजना का लाभ दिलाने के लिए महिला बाल विकास अधिकारी को बच्चों को अस्पताल तक पहुंचाने में सहयोग करने के निर्देश दिये गये।

       एकीकृत जिला स्वास्थ्य कार्य योजना में डाक्टरों और पैरा मेडीकल स्टाफ के प्रशिक्षण और वेतन भत्ते, जिला बीमारी सहायता निधि, अनुसूचित जनजाति क्षेत्र के लिए चलित डिस्पेंसरी सुविधा, टीकाकरण कार्यक्रम, ग्राम स्वास्थ्य और स्वच्छता समिति, तथा 50 ए एन एम को मोवाइल सुविधा एवं अन्य स्वास्थ्य गतिविधियों का अनुमोदन भी किया गया । कलेक्टर श्रीमती देशमुख ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा खंड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे ग्रामीण क्षेत्र में पदस्थ विभाग के निचले अमले कीर् कत्तव्य स्थल पर उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा उनके कार्य और व्यवहार में अपेक्षित सुधार लाये । उन्होंने कहा किर् कत्तव्य विमुख और अनुशासन हीनता करने वाले कर्मचारियों के विरूध्द कठोर कार्रवाई की जाये ।

 

पांच हितग्राहियों को उपचार हेतु पचास हजार रूपये की सहायता

पांच हितग्राहियों को उपचार हेतु पचास हजार रूपये की सहायता

 

मुरैना 26 जून07- कलेक्टर श्रीमती केरेलिन खोंग्वार देशमुख ने मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से पांच हितग्राहियों को उपचार हेतु पचास हजार रूपये की आर्थिक सहायता मंजूर की है ।

       ग्राम पिडावली तहसील मुरैना के श्री रामसुन्दर शर्मा को केंसर रोग के उपचार हेतु बीस हजार रूपये, सुखदेव नगर मुरैना की श्रीमती रेखा दौदेरिया को पति के किडनी रोग के उपचार हेतु दस हजार रूपये, ग्राम निकहरा के श्री धर्मेन्द्र ऊर्फ भूरा के परिजनों को गोली लगने से मृत्यु होने के कारण 5 हजार रूपये, रामनगर पोरसा की श्रीमती रामसखी बाई जाटव को पथरी के उपचार हेतु पांच हजार रूपये तथा शिवलाल का पुरा सबलगढ निवासी श्री नवलकिशोर जाटव को कैंसर रोग के उपचार हेतु दस हजार रूपये की सहायता स्वीकृत की गई है । संबंधित प्रभारी अधिकारी को स्वीकृत राशि का आहरण कर हितग्राहियों को भुगतान करने के निर्देश दिये गये हैं ।