बुधवार, 20 अगस्त 2008

मुरैना में हलवाई को दिन दहाड़े काटा, सरेआम हुआ वीभत्‍स हादसा, 37 हजार रूपये लूटे

मुरैना में हलवाई को दिन दहाड़े काटा, सरेआम हुआ वीभत्‍स हादसा, 37 हजार रूपये लूटे

मुरैना 19 अगस्‍त 08 । मुरैना शहर के बींचो बीच वनखण्‍डी रोड गोपालपुरा में एक जैन हलवाई को कुछ लोगों ने शाम पॉंच बजे के आसपास बका और तलवारों से काट डाला ।

प्राप्‍त जानकारी के मुताबिक हलवाई के पूरे शरीर को बका और तलवारों से लोहूलुहान कर दिया गया है, हलवाई लगभग आधा घण्‍टे तक सड़क पर पड़ा तड़पता रहा, उसके बीवी बच्‍चे चिल्‍ला चिल्‍ला कर लोगों से मदद के लिये और हलवाई को उठा कर अस्‍पताल पहुँचाने के लिये गुहार लगाते रहे लेकिन कोई मदद को नहीं आया तब तक हलवाई बेहोश और मूर्छित हो गया था । और उसका काफी खून बह कर सड़क खून के तालाब में तब्‍दील हो गयी थी । उसे मरणासन्‍न अवस्‍था में पुलिस ने अस्‍पताल में भर्ती कराया है । 

काफी देर बाद पहुँची पुलिस ने उसे घटनास्‍थल से उठाया । प्रत्‍यक्षदर्शीयों के मुताबिक संभवत: हलवाई का जिन्‍दा बचना मुश्किल है । जिस स्‍थान पर घटना घटित हुयी है वहॉं चोबीस घण्‍टे भारी यातायात रहता है और हमेशा भारी भीड़ रहती है ।

बताया जाता है कि नरेश उर्फ ललई सिकरवार पुत्र पूरन सिंह सिकरवार निवासी गोपालपुरा एवं विक्रम नगर मुरैना दिनांक 16 अगस्‍त रक्षाबन्‍धन के दिन हलवाई रामअवतार जैन पुत्र रामविलास जैन उम्र 45 वर्ष जैन मिष्‍ठान्‍न भण्‍डार वनखण्‍डी रोड गोपालपुरा मुरैना पर उधार मिठाई लेने आया था जिस पर हलवाई रामअवतार जैन ने इन्‍कार किया तो नरेश पुत्र पूरन सिकरवार ने हलवाई को जान से मारने और परिणाम भुगतने की धमकी दी । इस पर हलवाई ने दूसरे दिन सिटी कोतवाली मुरैना में रिपोर्ट दर्ज करा दी । जिससे चिढ़ कर रिपोर्ट दर्ज कराने का बदला लेने आज 19 अगस्‍त को सायं 5 बजे के आसपास नरेश उर्फ ललई सिकरवार पुत्र पूरन सिंह सिकरवार निवासी गोपालपुरा एवं विक्रम नगर मुरैना, विनोद पण्डित निवासी खासखेड़ा, और जयप्रकाश उर्फ जेपी लाला निवासी पुराना बस स्‍टेण्‍ड मुरैना एवं अपने अन्‍य साथियों के साथ हलवाई के यहॉं पहुँचा और बका से हमला बोल कर उसे काट डाला । हलवाई मरणासन्‍न अवस्‍था में अस्‍पताल मुरैना में भर्ती है । उसके बचने की संभावनायें कम ही बताई जा रही है । पुलिस ने मामला दर्ज कर तीनों नामजद आरोपियों तथा अन्‍य अज्ञात साथियों के विरूद्ध भा.द.वि. की धाराओं 307 एवं 34 के तहत कार्यवाही प्रांरंभ कर दी है, पुलिस हलवाई के होश में आने और बयान लेने की प्रतीक्षा कर रही है, हलवाई के बीवी बच्‍चों ने बताया कि रक्षाबन्‍धन पर आये 37 हजार रूपये भी बदमाश साथ में लूट ले गये हैं । पुलिस ने खबर लिखे जाने तक लूट या डकैती की कायमी नहीं की थी ।

मंगलवार, 19 अगस्त 2008

मुरैना में हलवाई को दिन दहाड़े काटा, सरेआम हुआ वीभत्‍स हादसा

मुरैना में हलवाई को दिन दहाड़े काटा, सरेआम हुआ वीभत्‍स हादसा

मुरैना 19 अगस्‍त 08 । अभी समाचार लिखे जाने से लगभग एक घण्‍टे पहले मुरैना शहर के बींचो बीच वनखण्‍डी रोड गोपालपुरा में एक जैन हलवाई को कुछ लोगों ने शाम पॉंच बजे के आसपास बका और तलवारों से काट डाला ।

प्राप्‍त जानकारी के मुताबिक हलवाई के दोनो हाथ धड़ से अलग कर दिये गये हैं और पूरे शरीर को बका और तलवारों से लोहूलुहान कर दिया गया है, हलवाई लगभग आधा घण्‍टे तक सड़क पर पड़ा तड़पता रहा, उसके बीवी बच्‍चे चिल्‍ला चिल्‍ला कर लोगों से मदद के लिये और हलवाई को उठा कर अस्‍पताल पहुँचाने के लिये गुहार लगाते रहे लेकिन कोई मदद को नहीं आया तब तक हलवाई बेहोश और मूर्छित हो गया था । और उसका काफी खून बह कर सड़क खून के तालाब में तब्‍दील हो गयी थी ।  

काफी देर बाद पहुँची पुलिस ने उसे घटनास्‍थल से उठाया । प्रत्‍यक्षदर्शीयों के मुताबिक संभवत: हलवाई का जिन्‍दा बचना मुश्किल है । लोगों ने कुछ अपराधी तत्‍वों का नाम लिये हैं जो बहुत बड़ी संख्‍या में उकठ्ठे होकर गाड़ीयों में सवार होकर आये थे, और अंचल में चड्डी बनियान गिरोह के नाम से मशहूर हैं । और अस्‍त्र शस्‍त्रों से लेस थे । जिस स्‍थान पर घटना घटित हुयी है वहॉं चोबीस घण्‍टे भारी यातायात रहता है और हमेशा भारी भीड़ रहती है ।

घटना के पूरे विवरण की प्रतीक्षा है ।    

इलाज के लिए सहायता

इलाज के लिए सहायता

 

मुरैना 18 अगस्त 08/ कलेक्टर श्री रामकिंकर गुप्ता ने जल संसाधन मंत्री श्री अनूप मिश्रा की स्वेच्छानुदान राशि से दो हितग्राहियों को इलाज हेतु 20 हजार रूपये की सहायता मंजूर की है

       जौरा नगर के वार्ड क्रमांक 11 निवासी श्री पूरन चंद गोयल को 15 हजार रूपये और ग्राम नावली निवासी श्रीमती भूरीबाई को पांच हजार रूपये की सहायता इलाज हेतु स्वीकृत की गई है ।

 

राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आज

राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आज

 

मुरैना 18 अगस्त 08/ कलेक्टर श्री रामकिंकर गुप्ता की अध्यक्षता में 19 अगस्त को दोपहर 12.30 बजे राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई है ।  कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में राजस्व कार्यों के साथ ही फोटो निर्वाचक नामावली, मतदाता फोटो परिचय पत्र , नवीन मतदान केन्द्रों का भौतिक सत्यापन आदि पर चर्चा की जायेगी । बैठक में समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, अधीक्षक भू- अभिलेख तथा निर्वाचन, राजस्व, लेखा, नजूल , डायवर्सन के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहेगें ।

 

सी.सी.खरंजा निर्माण के लिए 51 लाख 77 हजार रूपये मंजूर

सी.सी.खरंजा निर्माण के लिए 51 लाख 77 हजार रूपये मंजूर

 

मुरैना 18 अगस्त 08/ कलेक्टर एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक श्री रामकिंकर गुप्ता ने मुरैना जिले की लगभग दो दर्जन ग्राम पंचायतों में सी.सी.खरंजा निर्माण कार्य के लिए 51 लाख 77 हजार 434 रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदाय की है । स्वीकृत राशि में 10 लाख 74 हजार 312 रूपये की राशि 12 वां वित्त आयोग निधि से तथा 15 लाख 09 हजार 250 रूपये की राशि विधान सभा क्षेत्र विकास निधि से संयोजित की गई है । शेष 25 लाख 93 हजार 872 रूपये की राशि राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी स्कीम म.प्र. के अन्तर्गत स्वीकृत की गई है ।

        पहाडगढ जनपद की ग्राम पंचायत जलालपुर, धूरकूडा, मानपुर, कहारपुरा, बर्रेड, सेंथरी, निचली वहराई, अहरौली और कुकरौली तथा मुरैना जनपद की ग्राम पंचायत खेडामेवदा और जगतपुर में 12 वां वित्त आयोग निधि के संयोजन से 21 लाख 61 हजार 834 रूपये की राशि सी.सी. खरंजा निर्माण हेतु मंजूर की गई है । इसी प्रकार विधान सभा क्षेत्र विकास निधि के संयोजन से मुरैना जनपद की ग्राम पंचायत सेवा, डोंगरपुर लोधा, मितावली और लभनपुरा, पोरसा जनपद की ग्राम पंचायत हिंगावली और कीचौल, कैलारस जनपद की ग्राम पंचायत कैलारस ग्रामीण, सबलगढ जनपद की ग्राम पंचायत पासौन कलां और जमुनीपुरा तथा जौरा जनपद की ग्राम पंचायत नन्दपुरा में सी.सी. खरंजा निर्माण के लिए 30 लाख 15 हजार 600 रूपये की स्वीकृति दी गई है ।

       स्वीकृत कार्य की क्रियान्वयन एजेंन्सी संबंधित ग्राम पंचायत रहेगी । कार्य में ठेकेदारों और बिचौलियों का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा तथा मजदूरों द्वारा किये जा सकने वाले कार्य में मशीनों के उपयोग पर रोक रहेगी । ग्राम स्तरीय निगरानी समिति के गठन के पश्चात ही कार्य प्रारंभ किये जायेंगे । कार्य पूर्ण होने के उपरांत उसके रख-रखाब की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायत की होगी । कार्य स्थल पर लोगों की जानकारी के लिए सूचना फलक लगाना होगा । मजदूरी का भुगतान जॉवकार्ड धारी मजदूर को बैंक खाते के माध्यम से किया जायेगा । कार्य की विभिन्न अवस्थाओं के फोटो ग्राफिक अभिलेख रखने होंगे ।

 

सोमवार, 18 अगस्त 2008

पत्‍थर गाड़ा कब्रिस्‍तानी सरकार ( शिलान्‍यास बनाम कब्रिस्‍तानों का प्रदेश मध्‍यप्रदेश)

सोमवार भी काला लटका बिजली पे फिर ताला, बिजली ने बरपाया कहर बिजली कटौती चालू आहे  

मुरैना 18 अगस्‍त 08, आज सोमवार 18 अगस्‍त को सुबह बिजली ने आठ बजे से कटौती काण्‍ड प्रारंभ किया, उसके बाद समाचार लिखे जाने के वक्‍त यानि दोपहर 3 बजे तक मुरैना शहर सम्‍भागीय मुख्‍यालय पर बिजली कटौती ने कोहराम मचा दिया है । खबर लिखे जाने तक शहर की सप्‍लाई डम्‍प थी ।

उल्‍लेखनीय है कि विगत 20 दिनों से मुरैना के सम्‍भागीय मुख्‍यालय पर बिजली सप्‍लाई पूरी तरह डम्‍प होकर ठप्‍प पड़ी है । शहर के अनेक मोहल्‍लों में पूर्णत: अंधेरा कायम है ।

सप्‍ताह में कुछ दिन ऐसे होते हैं जब शहर के कुछ मोहल्‍लों में लगभग औसतन हर बीस मिनिट बाद बिजली कटती रहती है और रात को डेढ़ बजे से दो बजे तक बिजली कटने के बाद ही यह सिलसिला चलता है । अनेक बार तो कई कई दिन तक लोग बिजली दर्शन के लिये तरस जाते हैं । यह सम्‍भागीय मुख्‍यालय के हालात हैं । अब जिलो, तहसील और विकासखण्‍ड तथा गॉंवों की क्‍या दशा है यह स्‍वत: समझने की बात है ।

उल्‍लेखनीय है कि अंचल के भिण्‍ड, मुरैना और श्‍योपुर जिलों के क्षेत्र इस समय अघोषित व अन्‍धाधुन्‍ध बिजली कटौती से परेशान हैं, बिजली कम्‍पनी के अधिकारी भारी रिश्‍वत लेकर उद्योगों और मिलों तथा कोल्‍ड स्‍टोरेज को करोड़ों रूपये की बिजली चोरी कराते हैं जिसकी भरपाई के लिये आम जनता को बिजली से महरूम कर इस चोरी की बिल भरपाई नियमित बिल भरने वालों उपभोक्‍ताओं से बिना बिजली दिये बिल वसूली कर की जाती है । ज्ञातव्‍य हो कि प्रदेश की भाजपा सरकार पूर्णत: व्‍यापारीयों व उद्योगपतियों के लिये आत्‍म समर्पित सरकार है । सादकिल चलाकर पेट्रोल बचाने वाले मुख्‍यमंत्री हेलीकॉप्‍टर में हजारों गुना पेट्रोल फूंक कर पहले से ही दागदार और कलंकित हो चुके हैं ।

इन्‍वेस्‍टर मीट और डेस्टिनेशन म.प्र. के नाम पर म.प्र. के अकूत श्रम खजाने और आर्थिक शक्ति को व्‍यापारीयों तथा उद्योगपतियों के हवाले कर देने वाली सरकार गरीब किसानों को महज पत्‍थर गाड़ गाड़ कर ही खुश रहती है ।      

पत्‍थर गाड़ा कब्रिस्‍तानी सरकार ( शिलान्‍यास बनाम कब्रिस्‍तानों का प्रदेश मध्‍यप्रदेश)

और गरीब किसान तथा आम जनता महज लाचार होकर अपने म.प्र . को पत्‍थर गाड़ा कब्रिस्‍तान में तब्‍दील होते देखते रहते हैं । ज्ञातव्‍य है कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने म.प्र. के हर जिले में हजारों पत्‍थर अपने नाम के खुदवा कर गड़वा दिये हैं और काम कहीं भी एक भी शुरू नहीं हुआ है । तमाशा यह भी है कि कई जगह तो शिलान्‍यासी कब्रिस्‍तानी पत्‍थर एक ही योजना या निर्माण के तीन तीन चार चार बार लगा दिये गये हैं अर्थात एक ही योजना के तीन तीन चार चार बार शिलान्‍यास कर डाले हैं खुद सरकार को ही ध्‍यान नहीं रहता कि वह कब किसका कितनी बार शिलान्‍यास कर चुकी है । इस पर पृथक से आलेख हम प्रकाशित करने जा रहे हैं । बिजली कभी आयी तो अवश्‍य आप इसे पढ़ पायेंगें ।  

 

सिंधिया ने मुरैना डाकघर को मॉडल डाकघर के रूप में लोकार्पित किया

सिंधिया ने मुरैना डाकघर को मॉडल डाकघर के रूप में लोकार्पित किया

 

मुरैना 17 अगस्‍त 08, केन्‍द्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगकी राज्‍य मंत्री श्रीमंत ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया ने आज यहॉं मुरैना के प्रधान डाकघर को मॉडल डाकघर के रूप में जनता को लोकार्पित किया । इस अवसर पर श्रीमंत सिंधिया ने अपने हाथों से डाक कर्मियों को नयी आधुनिक वर्दी पहनाई और आधुनिक बैग सौंपे । इस अवसर पर मुख्‍य पोस्‍ट मास्‍टर जनरल सुश्री कल्‍पना तिवारी श्रीमंत सिंधिया के साथ थीं । श्रीमंत सिंधिया के इस लोकार्पण कार्यक्रम में सभी डाक कर्मी अत्‍याधुनिक वर्दी में सुसज्जित थे । और टाई लगाये थे । श्रीमंत सिंधिया ने चम्‍बल के पानी को मीठा भी और नमकीन भी बताते हुये कहा कि उन्‍होनें इस नवीन मॉडल डाकघर परियोजना को प्रोजेक्‍ट एरो के तहत चम्‍बल घाटी से म.प्र. में शुरू किया है, मुरैना से मेरा आत्‍मीय लगाव है और मुरैना से प्रारंभ हुयी चीज स्‍वत: ही विश्‍व भर में फैल जाती है ऐसा मेरा विश्‍वास है । श्रीमंत सिंधिया ने कहा कि वे मुरैना को एक अत्‍याधुनिक नवीन डाकघर सौंप जा रहे हैं, अब इसकी हिफाजत और इसका स्‍तर बनाये रखना यहॉं के लोगों की जिम्‍मेवारी है । अब हमने मुरैना को इस परियोजना के तहत केवल भारत देश से ही नहीं सम्‍पूर्ण विश्‍व से जोड़ दिया है । और अब चम्‍बल सारे विश्‍व से इसके साथ ही जुड़ गयी है । उल्‍लेखनीय है कि देश भर में 500 मॉडल डाकघर खोले जाने हें, जिसमें अभी प्रथम चरण में केवल 50 डाकघर ही मॉडल डाकघर में तब्‍दील किये जा रहे हें जिसमें म.प्र. में 8 हैं और इस परियोजना की म.प्र. में शुरूआत मुरैना के डाकघर से हुयी है । मुरैना के डाकघर का जहॉं कायाकल्‍प हो गया है, वही अब यहॉं हर सुविधा पूर्णत: कम्‍प्‍यूटराइज्‍ड व इण्‍टरनेट युक्‍त होकर सूचना प्रौद्योगिकी के अत्‍याधुनिक केन्‍द्र के रूप में विकसित की गयी है । मुरैना डाकघर के कर्मचारी और डाकिये अब नई वर्दी और नये लुक में टाई लगाये कल से दिखेंगें । वहीं अब डाकघर में सूचना प्रौद्योगिकी की अत्‍याधुनिक सुविधायें भी उपलब्‍ध होंगीं । श्रीमंत सिंधिया के इस अवसर पर दिये गये प्ररणदायी व ओजस्‍वी भाषण का वीडियो हम वेब साइट पर मूलत: प्रसारित कर रहे हैं । कृपया हमारी वेबसाइट www.gwaliortimes.com  के वीडियो सेक्‍शन में देखें । मुरैना में भारी बिजली कटौती के चलते हमारी चाहत के बावजूद यह समाचार वक्‍त पर और पूरा नहीं दे पा रहे हैं इसका हमें खेद है ।