मंगलवार, 14 अगस्त 2007

निर्माण कार्यों के लिए पौने पन्द्रह लाख रूपये मंजूर

निर्माण कार्यों के लिए पौने पन्द्रह लाख रूपये मंजूर

मुरैना 13 अगस्त 2007

       कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने विधायक जौरा श्री उम्मेद सिंह बना की अनुशंसा पर क्षेत्र में निर्माण कार्यों के लिए 14 लाख 72 हजार रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदाय की है ।

       ग्राम पिपरूआ में पत्थर खरंजा निर्माण के लिए 2 लाख रूपये, रीझोनी में सीमेंट कांक्रीट खरंजा निर्माण के लिए 2 लाख रूपये, नरहोली में पत्थर खरंजा निर्माण के लिए ढाई लाख रूपये तथा ग्राम गुर्जा में सीमेंट कांक्रीट खरंजा निर्माण के लिए तीन लाख रूपये की राशि मंजूर की गई है । स्वीकृत कार्य संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच द्वारा पूरे कराये जायेंगे ।

       इसी प्रकार कार्यपालन ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को ग्राम गस्तोली में नाला निर्माण के लिए 2 लाख 30 हजार रूपये, ग्राम गैपरा में पुलिया निर्माण हेतु 2 लाख 40 हजार रूपये तथा खिडोरा में हैंड पम्प खनन हेतु 52 हजार रूपये स्वीकृत किये गये है ।

 

आज 36 मतदान केन्द्रों पर होगी फोटोग्राफी

आज 36 मतदान केन्द्रों पर होगी फोटोग्राफी

मुरैना 13 अगस्त 2007

निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मुरैना जिले में मतदाताओं के फोटो पहचान पत्र बनाने के लिए फोटोग्राफी जारी है । इसी क्रम में 14 अगस्त को 36 मतदान केन्द्रों पर फोटोग्राफी की जायेगी । कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने मतदाताओं से मतदान केन्द्र पर पहुंचकर फोटो खिंचवाने की अपील की है ।

       उप निर्वाचन अधिकारी के अनुसार सबलगढ़ के मतदान केन्द्र 109 प्राथमिक शाला रामपुरकलां, 110 प्राथमिक शाला गोवरा, 111 प्राथमिक शाला सिगारदें और 94 प्राथमिक शाला टोंगा, कैलारस के मतदान केन्द्र 112, माधोगढ़, 159 उचांड, 4/125 प्राथमिक शाला कोडेरा और 4/135 प्राथमिक शाला बमन बाजना तथा जौरा के मतदान केन्द्र 41 प्राथमिक शाला उत्तमपुरा, 54 माध्यमिक शाला चिन्नोनी करेरा, 59 प्राथमिक शाला ठेहा जौरा, 64 प्राथमिक शाला विसनोही , 5/ 71 प्राथमिक शाला विसंगपुर, 73 प्राथमिक शाला दुल्हेनी, और 74 प्राथमिक शाला बडोना में मतदाताओं के फोटो खींचे जायेंगे ।

       मुरैना के मतदान केन्द्र 82 और 83 माध्यमिक शाला एस.ए.एफ. तथा 115 से 119 आदर्श विद्याशाला, अम्बाह के मतदान केन्द्र 99 और 100 प्राथमिक शाला, 101 प्राथमिक शाला छत्त का पुरा, 102 प्राथमिक शाला भाई खां का पुरा, 103 प्राथमिक शाला कटेलापुरा, 8/36 प्राथमिक शाला पूठ, 37माध्यमिक शाला बडफरा और 38 ग्रामीण सचिवालय बडफरा तथा पोरसा के मतदान केन्द्र 88 प्राथमिक शाला बनवरिया , 89 प्राथमिक शाला परीक्षत का पुरा, 90 और 91 प्राथमिक शाला सेंथरा बढ़ई एवं 92 और 93 प्राथमिक शाला पाई में 14 अगस्त को मतदाताओं की फोटो ग्राफी की जायेगी ।

 

सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का आदिवासी लाभ उठायें

सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का आदिवासी लाभ उठायें - श्री त्रिपाठी

मुरैना 13 अगस्त 2007

       संभागीय उपायुक्त आदिम जाति, अनुसूचित जन जाति तथा पिछड़ा वर्ग कल्याण ग्वालियर एवं चम्बल संभाग श्री कृष्णदत्त त्रिपाठी ने कहा कि आदिम जाति के कल्याण लिए सरकार द्वारा अनेक योजनायें संचालित हैं । सहरिया जनजाति के लोगों को इन योजनाओं से लाभ उठाने की जागरूक हो कर पहल करनी चाहिए । श्री त्रिपाठी गत रविवार को संभागायुक्त डा. कोमल सिंह की पहल पर पहाड़गढ़ में आयोजित सहरिया सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे । यह सम्मेलन मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा आदिवासी पंचायत में लिये गये निर्णयों के क्रियान्वयन के सम्बंध में आयोजित किया था । इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक श्री उम्मेद सिंह बना, अपर कलेक्टर श्री उपेन्द्र नाथ शर्मा, एस.डी.एम. श्री डी.के. कमठान, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गिरजा विनोद दुबे, निर्वाचित प्रतिनिधि, अधिकारी, ग्रामीण बनांचलों से पधारे सहरिया पुरूष एवं महिला उपस्थित थे ।

श्री कृष्णदत्त त्रिपाठी ने कहा कि जनश्री बीमा योजना में 18 से 60 वर्ष तक के व्यक्तियों के साथ ही गरीबी रेखा के नीचे रहने वाले व्यक्तियों के अलावा गरीबी रेखा की सीमा से थोडा ऊपर रहने वाले व्यक्तियों का भी बीमा हो सकता है । सदस्य की मृत्यु होने पर 20 हजार रूपये, दुर्घटना में मृत्यु होने पर 50 हजार रूपये एवं दुर्घटना आंख या शरीर के अन्य किसी अंग के नष्ट होने पर 25 हजार रूपये की आर्थिक सहायता दी जायेगी । श्री त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षा सह योजना में शामिल सदस्यों या हितग्राहियों को शिक्षा के महत्व एवं उपयोगिता के प्रति जागरूक बनाने तथा उनके बच्चों को साक्षर बनाने के उद्देश्य से आर्थिक सहयोग '' शिक्षा भत्ता '' के रूप में प्रदान करने की व्यवस्था है । प्रति छात्र 300 रूपये प्रति तिमाही के आधार पर भुगतान की व्यवस्था एवं प्रति सदस्य अधिकतम दो बच्चों को इस योजना में शामिल किया जा सकता है । सदस्यों के बच्चों को नवीं से बारहवीं कक्षा के बीच में अध्ययनरत होने तक ही इस शिक्षा भत्ता का भुगतान किया जायेंगा । 

विधायक श्री उम्मेद सिंह बना सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का आदिवासी वर्ग से लाभ उठाने की अपील की । उन्होंने कहा कि जब तक लोग सजग नहीं होंगे तब तक संचालित योजनाओं का लाभ भी नहीं उठा सकेंगे । जिला प्रशासन आपके द्वार आया है आप भी इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपना सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक स्तर ऊंचा उठाने की पहल करें । 

अपर कलेक्टर श्री उपेन्द्र नाथ शर्मा ने कहा कि शासन की पहल पर अनेक विभागों के जिलाधिकारी एवं खण्ड अधिकारी शासन की नयी योजनाओं को लेकर आप तक आयें है आपकी जो भी समस्यायें हों उनका अधिकारी मौके पर निराकरण करेंगे ।

जिला पंचायत सदस्य श्री गिरजा विनोद दुबे ने कहा कि सरकार की मंशा है कि संचालित योजनाओं का लाभ आदिवासियों को मिले इस उद्देश्य से यह सम्मेलन यहाँआयोजित है । आप लोग विभिन्न योजनाओं को समझे एवं उनके बारे में मनन करें तथा उनका लाभ ले ।

स्वास्थ्य, महिला बाल विकास, कृषि, खाद्य, आदिम जाति कल्याण, शिक्षा आदिविभागों की योजनाओं के संबंध में विस्तार से विभागीय अधिकारियों ने उन्हें समझाइश दी और प्राप्त आवेदनों का निराकरण भी किया । प्रारंभ में महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण किया गया और अंत में आभार प्रदर्शन जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण श्री के.पी. पाण्डे द्वारा किया गया । सम्मेलन में सभी ने सहभोज किया और बच्चों को टॉफी वितरित की गई ।

 

शनिवार, 11 अगस्त 2007

शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा बैठक 13 अगस्त को

शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा बैठक 13 अगस्त को

मुरैना 10अगस्त 2007

       जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय मुरैना में 13 अगस्त को पूर्वान्ह 11.30 बजे शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई है ।

       जिला शिक्षा अधिकारी श्री सी.एम.उपाध्याय के अनुसर इस बैठक में कक्षा 10 वीं और 12 वीं के परीक्षा परिणाम, साइकिल वितरण कोटवार के बच्चों को छात्रवृत्ति , आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के बच्चों को छात्रवृत्ति , गांव की बेटी योजना, संस्कृत छात्रवृत्ति आदि की जानकारी सहित उपस्थित रहने के निर्देश समस्त प्राचार्यों को दिए गए है । बैठक में जानकारी सहित उपस्थित नहीं होने बाले प्राचार्य के विरूध्द कार्रवाई की जायेगी ।

 

 

अपर कलेक्टर श्री शर्मा भू- अर्जन अधिकारी का कार्य देखेंगे

अपर कलेक्टर श्री शर्मा भू- अर्जन अधिकारी का कार्य देखेंगे

मुरैना 10 अगस्त 2007

       कलेक्टर श्रीमती कैरेलिन खोंग्वार देशमुख ने कार्य सुविधा की दृष्टि से पूर्व में जारी कार्यालयीन आदेश में आंशिक संशोधन किया है । संशोधित आदेश के अनुसार अपर कलेक्टर श्री उपेन्द्र नाथ शर्मा अन्य आदेश तक मुरैना के भू- अर्जन अधिकारी का कार्य भी देखेंगे ।

 

सहरिया सम्मेलन 12 को

सहरिया सम्मेलन 12 को

मुरैना 10 अगस्त 2007

       मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह  चौहान  द्वारा भोपाल में बुलाई गई आदिवासी पंचायत में सहरिया जनजाति की कठिनाई और समस्याओं की वास्तविकता को समझकर योजनाओं का सरलीकरण किया गया है । सहरिया जनजाति के लोगों को इन योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संभागायुक्त डा. कोमल सिंह की पहल पर मुरैना जिले के प्राथमिक शाला प्रागंण पहाडगढ़ में 12 अगस्त को पूर्वान्ह 11 बजे सहरिया जनजाति के हितग्राहियों का सम्मेलन आयोजित किया गया है ।

       कलेक्टर श्रीमती कैरेलिन खोंग्वार देशमुख ने बताया कि इस सम्मेलन में समस्त विभागों के अधिकारी अपनी योजनाओं की जानकारी के साथ उपस्थित रहेंगे । सम्मेलन में गत तीन वर्ष में लाभान्वित हितग्राहियों की उपलब्धियों की जानकारी ली जायेगी । साथ ही आगामी कार्य योजना के तहत संबंधित हितग्राहियों के रोजगार मूलक और समुदाय मूलक योजनाओं के प्रकरण तैयार किये जायेंगे । मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को इस सम्मेलन में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गये हैं । परीक्षण उपरांत रोगियों को दवा का नि:शुल्क वितरण किया जायेगा । सम्मेलन में सहरिया जनजाति के पंच, सरपंच , जनपद सदस्य और जिला पंचायत सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे ।

 

कोटवारों का सम्मेलन आज

कोटवारों का सम्मेलन आज 

मुरैना 10 अगस्त 2007

       मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा भोपाल में आयोजित कोटवार पंचायत में की गई घोषणाओं पर क्रियान्वयन के लिए मुरैना जिले में 11 अगस्त को प्रत्येक तहसील स्तर पर कोटवार सम्मेलन आयोजित किया जायेगा ।

संभागायुक्त डा.कोमल सिंह की पहल पर जिले की प्रत्येक तहसील पर कोटवार सम्मेलन का आयोजन कर सरकार द्वारा कोटवार पंचायत में किये गये निर्णयों को त्वरित गति से अमली जामा पहनाने की कार्य योजना तैयार की जायेगी ।

       कलेक्टर श्रीमती कैरेलिंन खोग्वार देशमुख के निर्देशन में शासकीय बालक उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2 मुरैना में 11 अगस्त को पूर्वान्ह 11 बजे तहसील स्तरीय कोटवार सम्मेलन आयोजित किया गया है । इस सम्मेलन में संबंधित राजस्व निरीक्षक और कोटवार उपस्थित रहेंगे । इसी तरह के सम्मेलन 11 अगस्त को समस्त तहसीलों पर आयोजित किये जायेंगें । इन सम्मेलनों में कोटवारों को किसान क्रेडिट कार्ड बच्चों को छात्रवृति और बीमा योजना का लाभ दिलाया जायेगा ।