बुधवार, 25 जुलाई 2007

सामान्य सभा की बैठक 31 जुलाई को

सामान्य सभा की बैठक 31 जुलाई को

मुरैना 25 जुलाई 2007

       जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक 31 जुलाई 07 को दोपहर 12 बजे जिला पंचायत मुरैना के सभागार में आयोजित की गई है । बैठक में शिक्षा, कृषि, महिला एवं बाल विकास, सहकारिता, आदिम जाति कल्याण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी आदि विभागों की समीक्षा की जाएगी ।

 

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के लिए बैठक 28 जुलाई को

स्वतंत्रता दिवस की  तैयारियों के लिए बैठक 28 जुलाई को

मुरैना 25 जुलाई 2007

       स्वतन्त्रता दिवस - 15 अगस्त  की तैयारियों के संबंध में 28 जुलाई 07 को दोपहर 12 बजे से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित की गई है । सभी संबंधित अधिकारियों से बैठक में उपस्थित होने की अपेक्षा की गयी है, ताकि उक्त आयोजन को सफल बनाने हेतु आवश्यक निर्णय लिए जा सकें । 

 

राजनैतिक दल व जन प्रतिनिधि फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र तैयार कराने में सहयोग के लिए आगे आयें

राजनैतिक दल व जन प्रतिनिधि फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र तैयार कराने में सहयोग के लिए आगे आयें

 

कलेक्टर श्रीमती खोंग्वार की अपील

मुरैना 25 जुलाई 2007

       निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में फोटो युक्त मतदाता पहचान पत्र व निर्वाचक नामावलियां तैयार करने के लिए फोटोग्राफी कार्य जारी है । जिला कलेक्टर श्रीमती कैरेलिन खोंग्वार देशमुख ने राष्ट्रीय महत्व के इस काम में सहयोग देने के लिए पंचायत राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित अन्य जन प्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों से अपील की है ।

       गौरतलब है कि बीते रोज प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री जे.एस. माथुर ने ग्वालियर में संम्पन्न हुई बैठक में ग्वालियर एवं चम्बल संभाग के सभी जिला कलेक्टर्स को फोटोग्राफी कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए थे ।

       मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर श्रीमती कैरेलिन खोंग्वार देशमुख द्वारा फोटोग्राफी कार्य में लगे अमले समेत अन्य संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी कर दिये हैं । कलेक्टर ने बताया कि जिले के नगरीय एवं ग्रामीण अंचल में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता पहचान पत्र के लिए फोटोग्राफी कार्य जारी है । फोटोग्राफी का द्वितीय चरण 15 सितम्बर तक चलेगा। उन्होंने मतदाताओं से यह भी अपील की है कि वे अपने पासपोर्ट साइज के फोटो भी बी.एल.ओ. को उपलब्ध करा सकते हैं । इस आधार पर भी फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र बनाये जायेंगे ।

अगले चुनाव में फोटो मतदाता पहचान पत्र अनिवार्य

       कलेक्टर श्रीमती कैरेलिन खोंग्वार देशमुख ने बताया है कि अगले निर्वाचन में वे ही मतदाता वोट डाल सकेंगे, जिनके पास फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र होंगे । अत: सभी मतदाता अपनी व अपने परिवार के सदस्यों की फोटोग्राफी अवश्य करायें अथवा अपनी ओर से पासपोर्ट साइज का फोटोग्राफ बी.एल.ओ. को उपलब्ध करा दें ।

 

 

सोमवार, 23 जुलाई 2007

जल मित्रों ने प्राप्त किया प्रशिक्षण

जल मित्रों ने प्राप्त किया प्रशिक्षण

       मुरैना 23 जुलाई 2007

       मुरैना जिले में मिली वाटर शेड परियोजना कुरैठा और सरसैनी में शासन के दिशा- निर्देशों के तहत बनाये गये जलमित्रों एवं सचिवों का एक दिवसीय प्रशिक्षण जिला पंचायत परिसर में आयोजित किया गया ।

       कलेक्टर श्रीमती केंरेलिन खोंग्वार देशमुख और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सभाजीत यादव के निर्देशानुसार उक्त प्रशिक्षण में 40 प्रशिक्षणार्थियों ने प्रशिक्षण से लाभ प्राप्त किया ।

       परियोजना अधिकारी वाटरशेड श्री आर.पी. झा ने उक्ताशय की जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण में शासन द्वारा नियुक्त समन्वयकों द्वारा जल मित्रों को जल संरक्षण भूमि संरक्षण, तथा स्व सहायता समूहों की कार्य योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई । सहायक परियोजना अधिकारी श्री डी.एस. परिहार द्वारा पौधे रोपण तथा पौध संरक्षण के संबंध में अवगत कराया गया तथा पीओ श्री झा ने जन संरचनाओं की तकनीकी जानकारी दी ।

 

खादी ग्रामाद्योग की मार्जिन मनी योजना का लाभ उठायें उद्यमी- सीईओ

खादी ग्रामाद्योग की मार्जिन मनी योजना का लाभ उठायें उद्यमी- सीईओ

मुरैना 23 जुलाई 2007

       खादी ग्रामोद्योग की मार्जिनमनी योजना युवा उद्यमियों के लिए आशा की किरण है । शासन की इस योजना में उद्यमी अपने प्रोजेक्ट के मुताबिक 25 लाख रूपये सीमा तक की राशि  बैकों के माध्यम से स्वीकृत करा सकते हैं ।

       जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सभाजीत यादव ने उक्ताशय की जानकारी देते हुए बताया कि युवा उद्यमी 14 अगस्त तक इस योजना के लिए आवेदन प्रबंधक खादी ग्रामोद्योग जिला पंचायत मुरैना को प्रस्तुत कर सकते हैं । श्री यादव ने बताया कि प्रोजेक्ट लागत का 10 फीसदी अंशदान हितग्राही को स्वयं लगाना होता है । 10 लाख रूपये तक के प्रोजेक्ट पर 25 फीसदी मार्जिनमनी आयोग को प्रदान की जाती है। 10 लाख रूपये राशि से अधिक पर 10 फीसदी मार्जिनमनी की पात्रता होती है । उल्लेखनीय है कि अनुसूचित जाति, जन जाति, पिछड़ा वर्ग, अल्प संख्यक, विकलांग एवं महिलाओं को 10 लाख रूपये राशि तक के प्रकरणों में 30 फीसदी मार्जिनमनी की पात्रता होती है  तथा 10 लाख रूपये राशि से अधिक पर 10 फीसदी की पात्रता होती है ।

       सीईओ श्री यादव ने बताया कि इस योजना के तहत लाभान्वित होने के लिए आवेदक की उम्र 18 साल से अधिक व 45 साल से कम होनी चाहिए । आवेदक खादी ग्रामोद्योग आयोग द्वारा मान्य उद्योग की स्थापना करना चाहता हो तथा उद्यम में प्रति कारीगर 50 हजार रूपये से अधिक स्थाई पूंजी निवेश नहीं हो । उद्योग की स्थापना ग्रामीण क्षेत्र के ऐसे ग्राम या नगर में की जा सकेगी जहाँ की जनसंख्या 20 हजार  से अधिक नहीं हो ।

 

सांसद निधि से चार हैण्डपम्प मंजूर

सांसद निधि से चार हैण्डपम्प मंजूर

मुरैना 23 जुलाई 2007

       सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत सांसद श्री अशोक अर्गल की अनुशंसा पर चार हैण्ड पम्पों के खनन को प्रशासकीय स्वीकृति कलेक्टर मुरैना द्वारा प्रदान की गई है ।

       जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी ने बताया कि जौरा विकास खण्ड के ग्राम नहरावली में, तथा मुरैना विकास खण्ड के ग्राम चुरहेला में सुल्तान सिंह के पुरा, ग्राम नायकपुरा में रामनाथ सिंह का पुरा, तथा ग्राम मैथाना में लीलाधर का पुरा में हैण्ड पम्प खनन की स्वीकृति दी गई है । इनकी स्वीकृति प्रति हैण्ड पम्प 52 हजार रूपये है ।

 

जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक 25 जुलाई को

जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक 25 जुलाई को

मुरैना 23 जुलाई 2007

       समग्र स्वच्छता कार्यक्रम एवं स्वजलधारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला एवं जल स्वच्छता समिति की बैठक 25 जुलाई को कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभागार में प्रात: 11 बजे आयोजित की गई है । बैठक में बाटसल सैल, महिला स्वच्छता परिसर, निर्मल ग्राम पंचायत के पुरूस्कार आदि के संबंध में तथा स्कूल शौचालय निर्माण की प्रगति , स्वजलधारा के प्रकरणों  आदि पर चर्चा  की जायेगी ।