रविवार, 22 जुलाई 2007

स्वास्थ्य मिशन अंन्तर्गत लेखापालों की चयन लिखित स्थगित

स्वास्थ्य मिशन अंन्तर्गत लेखापालों की चयन लिखित स्थगित

मुरैना 20 जुलाई 2007

       राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एन.आर.एच.एस.) के अंन्तर्गत मुरैना जिले में लेखापालों की चयन लिखित परीक्षा संचालनालय स्वास्थ्य सेवायें म.प्र. भोपाल के निर्देशानुसार 22 जुलाई को प्रात: 11 बजे से उत्कृष्ट उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय नं.1 मुरैना में आयोजित की जाना थी । उक्त परीक्षा अपरिहार्य कारण से आगामी आदेश तक स्थगित की जाती है ।

 

मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से राशि स्वीकृत

मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से राशि स्वीकृत

मुरैना 20जुलाई 2007

       मुख्यमंत्री के स्वेच्छानुदान मद से वित्तीय वर्ष 2007-08 में मध्य प्रदेश शासन सामान्य प्रशासन  विभाग परिपत्र के पालन में कलेक्टर श्रीमती कैरेलिन खोंग्वार देशमुख द्वारा श्री सियाराम पुत्र श्री गुलजारी लाल कुशवाह परगना व जिला मुरैना को केंसार रोग उपचार हेतु 10 हजार रूपये एवं श्री बंन्टी सिंह पुत्र श्री भीकाराम दर्जी ग्राम पचोखरा जनपद पंचायत मुरैना को रीढ़ की हड्डी के उपचार हेतु पांच हजार रूपये स्वीकृत किये हैं ।

 

मंगलवार, 17 जुलाई 2007

तालाबों के पट्टे के लिये आवेदन आमंत्रित

तालाबों के पट्टे के लिये आवेदन आमंत्रित

मुरैना, 17 जुलाई, 2007 जिले में तीन तालाबों को शासन के निर्देशों के क्रम में मछली पालन हेतु आगामी समयावधि के लिये पट्टे पर देने के लिये आवेदन आमंत्रित किये गये हैं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सभाजीत यादव ने बताया कि जनपद पंचायत मुरैना अंतर्गत महटोली, तथा जनपद पंचायत सबलगढ़ अंतर्गत जवाहरगढ़ एवं टोगा तालाबों को मछली पालन विभाग मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार पट्टे पर दिया जाना है। इस सम्बन्ध में जिला पंचायत मुरैना से प्रारूप प्राप्त कर 26 जुलाई तक आवेदन पत्र जमा किये जा सकते हैं।

 

यूथ रेडक्रास सोसाइटी की बैठक 18 को

यूथ रेडक्रास सोसाइटी की बैठक 18 को

मुरैना, 17 जुलाई, 2007 युवक रेडक्रास सोसाइटी की बैठक 18 जुलाई को दोपहर 2 बजे से भारतीय रेडक्रास सोसाइटी के कार्यालय में रखी गई है। समिति सचिव श्री राकेश शिवहरे ने बताया कि बैठक में परिचयात्मक गतिविधि होगी तथा आगामी रूपरेखा पर विचार विमर्श किया जायेगा। 

 

समग्र स्वच्छता की प्रदर्शनी के माध्यम से दी जनसामान्य को समझायश

समग्र स्वच्छता की प्रदर्शनी के माध्यम से दी जनसामान्य को समझायश

मुरैना, 17 जुलाई, 2007 समग्र स्वच्छता अभियान, शासन द्वारा संचालित एक ऐसा अभियान है जिसकी मूल भावना है कि नागरिकों को सभी प्रकार की स्वच्छता अपनाने के लिये प्रेरित किया जाये। विगत दिनों शनिचरा मेले में समग्र स्वच्छता कार्यक्रम अंतर्गत एक प्रदर्शनी लगाई गई। जिससे जनसामान्य ने लाभ उठाया। प्रदर्शनी में ओडियो-विजुअल, मुद्रित और आकर्षक सामग्री के माध्यम से वांछित संदेश लोगों तक पहुंचाया गया।

       कलेक्टर श्रीमती केरेलिन खोंग्वार देशमुख के कुशल मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सभाजीत यादव के निर्देशन में समग्र स्वच्छता अभियान के अंतर्गत जिला स्वास्थ्य समिति एवं लोकस्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के संचालन में आयोजित इस प्रदर्शनी में कार्यपालन यंत्री लोकस्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग श्री ओपी गुप्ता, समग्र स्वच्छता आभियान की जिला समन्वयक सुश्री हेमा भटनागर, एवं टीसीएस प्रभारी श्री डीएस सेंगर एवं सहायक यंत्री श्री छारी ने प्रदर्शनी का समन्वय किया।

प्रदर्शनी के जरिये महिलाओं, बच्चों, एवं युवाओं को उनकी व्यक्तिगत स्वच्छता एवं आस-पडोस की स्वच्छता के लिये प्रेरणा दी गई। नाली व गलियों की अस्वच्छता एवं खुले में शौच जाने की आदत के कारण होने वाली गंभीर हानियों के लिये सचेत भी किया गया ।प्रदर्शनी में वीडियो प्रसारण के माध्यम से आयोजकों द्वारा पृथक-पृथक समझायश दी गई। पेम्पलेट, फोल्डर तथा पोस्टरों का अवलोकन कराया गया और विस्तार से जानकारी दी गई। मुरैना जिले में प्रस्तावित निर्मल ग्रामों में किये जा रहे प्रयासों से भी जनसामान्य को अवगत कराया गया ताकि विभिन्न ग्रामों के निवासी अपने ग्राम भी निर्मल बनाने के लिये प्रेरणा प्राप्त कर सकें।

 

जिला योजना समिति की बैठक 21 जुलाई को

जिला योजना समिति की बैठक 21 जुलाई को

मुरैना, 17 जुलाई, 2007 स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री एवं मुरैना जिले के प्रभारी मंत्री श्री पारस जैन की अध्यक्षता में जिला योजना समिति की बैठक 21 जुलाई को प्रात : 11 बजे से कम्यूनिटी हॉल कलेक्ट्रेट परिसर में अयोजित की जायेगी। बैठक में वर्ष 2007-08 में प्राप्त आबंटन,व्यय एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जायेगी। इसके अलावा प्रमुख रूप से लोकस्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कम्पनी, महिला एवं बाल विकास, लोकस्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, तथा जल संसाधन विभाग से सम्बन्धित विषयों की समीक्षा की जायेगी। उक्त बैठक के उपरांत रोगी कल्याण समिति एवं जिला अन्त्योदय व खनिज रायल्टी समिति की बैठक भी आयोजित की जायेगी। कलेक्टर श्रीमती कैरेलिन खोंग्वार देशमुख ने सर्वसम्बन्धितों को उपस्थिति के लिये आग्रह किया है । सम्बन्धित विभागों   से जून 2007 की स्थिति में विकास योजनाओं की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति चाही गई है।

 

 

ग्रामीण कुशल कारीगरों की कुशलता पर लगेगी मुहर

निर्माण उद्योग विकास परिषद के माध्यम से

ग्रामीण कुशल कारीगरों की कुशलता पर लगेगी मुहर

 

मुरैना, 17 जुलाई, 2007 ग्रामीण कुशल कारीगर अनेक प्रकार के निर्माण कार्यों में लगे हुए है। शासन द्वारा इन्हे शासकीय निर्माण कार्यों के आयाम समय-समय पर मुहैया कराये जाते हैं। भविष्य में भी इनके मार्फत विभिन्न प्रकार के कार्य कराये जाने की दिशा में प्रयास किये जा रहे हैं। शासन की मंशा है कि निर्माण क्षेत्र में संलग्न कुशल गामीण कारीगरों का परीक्षण एवं प्रमाणीकरण हो ताकि उनकी कुशलता का सदुपयोग सुनिश्चित हो। इसी को दृष्टिगत रखते हुए शासन निर्देशों के क्रम में ग्रामीण कुशल कारीगरों को सूचीबध्द किया गया है।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सभाजीत यादव ने बताया कि प्रत्येक जनपद पंचायत अन्तर्गत चयनित 32 कुशल ग्रामीण कारीगरों एवं अन्तिम चयनित 32 स्वरोजगारियों का परीक्षण और प्रमाणीकरण निर्माण उद्योग विकास परिषद सीआईडीएस के माध्यम से किया जायेगा। सीआईडीएस के दल द्वारा परीक्षण एवं प्रमाणीकरण के लिये प्रत्येक जनपद हेतु तिथियों का निर्धारण किया गया है। अम्बाह जनपद पंचायत में 20 जुलाई, मुरैना में 21, कैलारस में 23, सबलगढ़ में 24, पहाड़गढ़ में 25, पोरसा में 26, तथा जौरा जनपद पंचायत में 27 जुलाई इसके लिये तय कर दी गई है।

सीईओ श्री यादव ने बताया कि जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि चयनित सूची के अनुसार सभी कुशल ग्रामीण कारीगरों को परीक्षण और प्रमाणीकरण के लिये जनपद पंचायत कार्यालय पर निर्धारित तिथि को उपस्थित कराया जाये। परीक्षण के लिये सैम्पल के तौर पर ईंट, रेत, गिट्टी, सीमेन्ट का भी प्रबंध किया जाये। उल्लेखनीय है कि गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वाले कारीगर के परीक्षण और प्रमाणीकरण की शुल्क 610 रूपये का भुगतान स्वर्ण जयंती ग्राम स्वरोजगार योजना प्रशिक्षण मद से किये जाने के निर्देश दिये गये हैं।